भाजपा ने अनुसूचित जाति मोर्चा के जिलाध्यक्षों की घोषणा
ललितपुर में राहुल श्रीवास्तव, चित्रकूट में अजय वर्मा और सिद्धार्थनगर में संजय गौतम को जिम्मेदारी
मेरठ, अलीगढ़ और वाराणसी महानगर में भी नए जिलाध्यक्ष नियुक्त किए गए
BJP District President List: यूपी में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पार्टी ने अनुसूचित जाति मोर्चा के 6 जिलाध्यक्षों की घोषणा की है। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की अनुमति से रविवार, 22 नवंबर को नई नियुक्तियों की सूची जारी की गई। इसमें मेरठ, अलीगढ़, ललितपुर, चित्रकूट, वाराणसी और सिद्धार्थनगर के जिलाध्यक्षों के नाम शामिल हैं।
राजनीतिक नजरिए से इन नियुक्तियों को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को मजबूत करने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है। अनुसूचित जाति मोर्चा के जरिए पार्टी दलित समाज के बीच अपनी पहुंच बढ़ाने और संगठनात्मक गतिविधियों को धार देने की कोशिश कर सकती है। विधानसभा चुनाव में सामाजिक समीकरणों की भूमिका को देखते हुए भाजपा के लिए यह मोर्चा अहम है।
इन 6 नेताओं को मिली जिम्मेदारी
मेरठ महानगर (पश्चिम क्षेत्र) – विश्वजीत सोनकर
अलीगढ़ महानगर (ब्रज क्षेत्र) – मनोज माहौर
ललितपुर (कानपुर क्षेत्र) – राहुल श्रीवास्तव
चित्रकूट (कानपुर क्षेत्र) – अजय वर्मा
वाराणसी महानगर (काशी क्षेत्र) – रिंकू भारतीय
सिद्धार्थनगर (गोरखपुर क्षेत्र) – संजय गौतम
दलित वोट बैंक पर भाजपा की नजर
यूपी की राजनीति में दलित वोट बैंक हमेशा से अहम रहा है। 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के सामने इस वर्ग के बीच अपनी पकड़ बनाए रखने और बढ़ाने की चुनौती होगी। वहीं, विपक्षी दल समाजवादी पार्टी भी दलित और पिछड़े वर्गों के बीच अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने में जुटी है।
ऐसे में अनुसूचित जाति मोर्चा के जिलाध्यक्षों की नियुक्तियां संगठन के लिहाज से अहम हैं। नए पदाधिकारियों के सामने पार्टी की नीतियों और योजनाओं को समाज के बीच पहुंचाने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और स्थानीय स्तर पर संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी होगी।