समाजवादी पार्टी ने जारी की 2027 विधानसभा चुनाव की पहली प्रत्याशी सूची
अखिलेश यादव ने अपनी पहली लिस्ट में 5 में से 4 टिकट मुस्लिम उम्मीदवारों को दी हैं
ओपी राजभर ने कसा तंज: इतनी बेचैनी क्यों है मित्र?
OP Rajbhar taunts Akhilesh Yadav over Muslim candidates: समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग को लेकर चल रही बातचीत के बीच सपा द्वारा प्रत्याशियों की घोषणा ने सियासी गर्मी बढ़ा दी है। सपा की तरफ से जारी की गई पहली लिस्ट में पार्टी ने 5 प्रत्याशी घोषित किए हैं। अखिलेश यादव ने अपनी पहली लिस्ट में 5 में से 4 टिकट मुस्लिम उम्मीदवारों को दिया है। इस बाबत यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओपी राजभर ने तंज कसा है। उन्होंने सपा पर पहली सूची में मुस्लिम उम्मीदवारों को मैदान में उतारने को लेकर निशाना साधा है।
ओपी राजभर ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर तवीत कर अखिलेश यादव को घेरा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस से सपा की सीट शेयरिंग को लेकर बात चली ही रही है, अभी तो सीटों का बंटवारा भी नहीं हुआ है लेकिन सपा को ऐसी क्या जल्दी है कि बिना कुछ तय हुए प्रत्याशी भी घोषित कर दिए। उन्होंने कहा कि सपा को मुस्लिम वोटों में बंटवारे का भय सता रहा है। सपा प्रमुख पर चुटकी लेते हुए राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव ने टिकट तो पांच ही घोषित किए हैं, लेकिन अपनी घबराहट पूरी 403 सीटों वाली दिखा दी।
समाजवादी पार्टी की ओर जारी की गई पहली लिस्ट में चार मुस्लिम प्रत्याशी हैं। सपा ने सहारनपुर की बेहट विधानसभा सीट से उमर अली खान को उम्मीदवार बनाया है। वहीं, सहारनपुर सीट से आशु मलिक को टिकट दिया गया है। कैराना विधानसभा सीट से नाहिद हसन चुनाव लड़ेंगे। इसके अलावा अमरोहा सीट से महबूब अली को प्रत्याशी बनाया गया है, जबकि ललितपुर विधानसभा सीट से ज्योति लोधी को टिकट दिया गया है।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि कांग्रेस की टीम की ओर से प्राथमिकता के आधार पर भेजी गई सीटों में से 26 सीटों पर बातचीत हो चुकी है। पार्टी ने इसके अलावा बाकी संभावित सीटों की सूची भी मांगी है, ताकि दोनों दल बैठकर यह तय कर सकें कि किस सीट पर कौन-सा उम्मीदवार जीतने की बेहतर स्थिति में है।
सपा प्रमुख ने आगे कहा कि पार्टी की कोशिश है कि बड़े नेताओं की बैठक के दौरान सभी सीटों पर उम्मीदवारों को कांग्रेस या सपा के प्रत्याशी के बजाय 'इंडिया गठबंधन' के उम्मीदवार के रूप में देखा जाए। सपा ने यह भी सुझाव दिया कि प्रत्याशियों को 'पीडीए प्रत्याशी' के तौर पर पेश करना सबसे सकारात्मक कदम हो सकता है।