मेरठ में दहेज में कार मांगने पर लड़की के पिता ने लड़के वालों को थमाई खिलौना थार
सुबह से कार के इंतजार में बैठे रहे लड़के वाले, रात 10 बजे दोनों बेटियों का रिश्ता तोड़ दिया
पांच महीने पहले हुई थी दोनों बहनों की सगाई, जमीन बेचकर पिता करना चाहते थे शादी
Meerut Dowry Toy Thar Viral Video: मेरठ में दहेज में कार मांगने पर लड़की वालों ने अनोखे अंदाज में जवाब दिया। लड़के पक्ष के लोग शनिवार सुबह से लड़की वालों के घर कार मिलने के इंतजार में बैठे थे। रात करीब 10 बजे लड़की के पिता ने उन्हें प्लास्टिक की खिलौना थार थमा दी।
साथ ही कहा- तुम्हें इंसान की जरूरत नहीं, कार चाहिए थी। ये लो थार, इसे चलाना। हम अब शादी नहीं करेंगे। इसके बाद उन्होंने दोनों बेटियों का रिश्ता तोड़ दिया। घटना का वीडियो भी सामने आया है।
मामला मेरठ के परतापुर थाना क्षेत्र के सिलोना गांव का है। ज्ञानपुर निवासी शमशेर के बेटे महताब और फैज की सगाई पांच महीने पहले गांव के बब्बर की बेटियों से हुई थी। सगाई में लड़की पक्ष ने दहेज के सामान के साथ 71 हजार रुपये नकद दिए थे।
जानकारी के अनुसार, बब्बर ने 10 दिन पहले अपनी तीन बीघा पैतृक जमीन 40 लाख रुपये में बेची थी। वह इस रकम से बेटियों की शादी करना चाहते थे। आरोप है कि इसकी जानकारी मिलने के बाद शमशेर ने शादी में मारुति फ्रॉन्क्स कार की मांग कर दी। बब्बर ने काफी समझाया, लेकिन लड़के पक्ष के लोग अपनी मांग पर अड़े रहे।
शनिवार को बब्बर ने लड़के वालों को लाल खत की रस्म के लिए घर बुलाया था। मुस्लिम समाज में इस रस्म के तहत शादी की तारीख और समय लिखकर लड़के पक्ष को औपचारिक निमंत्रण दिया जाता है। आरोप है कि लड़के वालों को सुबह से रात तक कार के इंतजार में बैठाए रखा गया।
रात 10 बजे बब्बर ने खिलौना थार देकर रिश्ता तोड़ने का ऐलान कर दिया। इसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी हुई और लड़के वाले खिलौना फेंककर घर लौट गए।
बब्बर के पिता जाकिर ने बताया कि लड़के वाले फ्रॉन्क्स कार मांग रहे थे, लेकिन उन्होंने थार दी। उन्होंने साफ कह दिया कि गाड़ी लेकर अपने घर जाओ, अब बेटियों का रिश्ता नहीं देंगे।