अवनीश जायसवाल मौत मामले में जेल वार्डर सस्पेंड
आरोपी कैदी को लखनऊ से लखीमपुर जेल ट्रांसफर किया
गर्लफ्रेंड की मौत मामले में जेल में बंद था अवनीश जायसवाल
Lucknow Jail Warder Suspend: लखनऊ जेल में बंद अवनीश जायसवाल की मौत मामले में जेल प्रशासन ने जेल वार्डर हरिओम को सस्पेंड कर दिया। इसके अलावा 4 हेड जेल वार्डर पर विभागीय जांच शुरू कर दी गई।
इसके अलावा जिस कैदी को जायसवाल की मौत मामले में आरोपी बनाया गया है, उस तौहीद उर्फ भूरा को लखनऊ से लखीमपुर जेल ट्रांसफर कर दिया गया है।
अवनीश जायसवाल नाम सुशांत गोल्फ सिटी के चर्चित समरीन हत्याकांड में शामिल था। समरीन उसकी गर्लफ्रेंड थी, जिसने होटल की 10वीं मंजिल से कूदकर जान दे दी थी।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, गर्लफ्रेंड समरीन की मौत के बाद से ही आरोपी अवनीश जायसवाल टूट चुका था। शादी को लेकर चल रहा पुराना तनाव और फिर गर्लफ्रेंड को हमेशा के लिए खो देने का गम अवनीश पर इस कदर हावी हो गया कि वह जेल की चारदीवारी में पूरी तरह बिखरता चला गया।
सलाखों के पीछे की तनहाई और अपनों से दूरी ने उसके जख्मों को और गहरा कर दिया था। बैरक में अपने साथी बंदी से बार-बार जान देने की बात कहना इस बात की गवाही देता है कि वह मानसिक रूप से भयावह दौर से गुजर रहा था। आखिरकार, होटल की दसवीं मंजिल से शुरू हुआ यह खौफनाक सिलसिला जेल के बाथरूम में एक और जिंदगी के खत्म होने के साथ शांत हो गया।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, लखनऊ जेल में अवनीश की तौहीद उर्फ भूरा से अच्छी दोस्ती थी। वह बैरक में उससे ज्यादा बात करता था। कई बार आत्महत्या करने की इच्छा जताई थी। उसने तौहीद से पंखा बनाने के लिए भी कहा था। हालांकि, परिवार के सदस्य जब उससे मिलने पहुंचते थे तो वह सामान्य व्यवहार करता था। ऐसे में परिवार को भी उसकी परेशानी का अंदाजा नहीं हो सका।
जांच से जुड़े सूत्रों का दावा है कि जेल में लगी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में बुधवार देर रात तौहीद पहले तौलिया लेकर बाथरूम की ओर जाता दिखाई दिया। इसके बाद अवनीश भी बाथरूम पहुंचा, जहां कुछ देर बाद उसका शव मिला।
इसी फुटेज के आधार पर जेल प्रशासन बीते दिनों की गतिविधियों को खंगाल रहा है। तौहीद से भी पूछताछ की गई। अवनीश के मामले में उसके भाई आयुष ने गाजीपुर थाने में अज्ञात पर हत्या का केस दर्ज कराया है।
एक आरटीआई रिपोर्ट के अनुसार, 2025 में जेलों में 479 बंदियों की मौत हुई, जिनमें 19 आत्महत्या के मामले थे। राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो की प्रिजन स्टेटिस्टिक्स इंडिया-2023 रिपोर्ट के अनुसार, उत्तर प्रदेश की जेलों में 98,849 बंदी थे, जबकि क्षमता 65,866 थी। आक्यूपेंसी दर 150.1 प्रतिशत थी।
देशभर की जेलों में 2023 में 1,972 बंदियों की मौत हुई, जिनमें 1,787 प्राकृतिक और 150 अप्राकृतिक थीं। अप्राकृतिक मौतों में 96 आत्महत्याएं थीं। देश की जेलों में 9,095 बंदी मानसिक बीमारी से पीड़ित थे।