लखनऊ में सीएम योगी ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम
कक्षा-8 का छात्र सीएम के पास लेकर पहुंचा फरियाद
सीएम ने दिया क्रिकेट में एडमिशन करवाने का भरोसा
CM Yogi Helps Young Cricketer: लखनऊ में सीएम योगी आदित्यनाथ सोमवार को ‘जनता दर्शन’ में अलग भूमिका में दिखे। उनके पास कक्षा-8 का छात्र प्रिंस क्रिकेट खेलने के लिए आर्थिक सहायता और कोचिंग के लिए मदद कराने की फरियाद लेकर पहुंचा। सीएम ने उसकी पूरी बात सुनी, फिर 4-5 मिनट तक पास खड़े होकर काउंसलिंग की।
सीएम योगी ने कहा- बेटा तुम्हारा नाम प्रिंस है, इसलिए पढ़ लिखकर ‘प्रिंस’ बनो। हम क्रिकेट में भी तुम्हारा एडमिशन करवा देंगे।
सीएम ‘जनता दर्शन’ में कुर्सियों पर बैठाए गए हर व्यक्ति तक पहुंचे, एक-एक कर उनके प्रार्थना पत्र लिए, फिर समस्याओं को भी सुना। सीएम ने पास में खड़े अधिकारियों को आवश्यक दिशानिर्देश दिए और प्रार्थना पत्र संदर्भित कर निर्देशित किया कि सभी समस्याओं का निस्तारण पूरी संवेदनशीलता के साथ समयबद्ध, निष्पक्ष और संतुष्टिपरक होना चाहिए।
सीएम ने समस्या लेकर पहुंचे लोगों से कहा कि चिंता मत करिए। सरकार हर समस्या पर प्रभावी कार्रवाई कराएगी। सीएम ने आर्थिक सहायता की गुहार लेकर आए लोगों को भरोसा दिया कि धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा। जो भी जरूरतमंद हैं, एस्टीमेट मिलते ही सरकार उनके लिए तुरंत धन उपलब्ध कराएगी। उन्होंने पुलिस, राजस्व, शिक्षा, बिजली आदि से जुड़ी समस्याओं का प्रार्थना पत्र संबंधित विभागों को प्रेषित कर समाधान के लिए निर्देशित किया।
गोंडा के इटियाथोक के पड़री पारासराय गांव निवासी प्रिंस साहू कक्षा-8 में पढ़ता है। वह सोमवार को ‘जनता दर्शन’ में पहुंच गया। लोगों की फरियाद सुनते-सुनते सीएम प्रिंस के पास पहुंचे। बच्चे को देखकर सीएम ने आने का कारण पूछा, जिस पर प्रिंस ने बताया कि उसके अंदर बचपन से ही क्रिकेट खेलने का जुनून है। वह क्रिकेट में नाम कमाना चाहता है, लेकिन परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण फीस भरने और किट खरीदने में असमर्थ है।
इस पर सीएम योगी ने उसकी काउंसलिंग की, कहा कि बेटा अभी कक्षा-8 में हो। खेलने के साथ-साथ मन लगाकर पढ़ाई भी करो और अच्छे नंबरों से यह सत्र उत्तीर्ण करो, फिर हम आपका एडमिशन क्रिकेट की कोचिंग में करा देंगे।