लखनऊ में बीजेपी की बैठक हुई (सोर्स- नवभारत लाइव)
लखनऊ

यूपी चुनाव से पहले BJP प्रकोष्ठ संकुलों की बैठक में हुआ फैसला, वोटर लिस्ट पर नजर, हर वर्ग तक पहुंचने का टारगेट

UP BJP election strategy: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा ने संगठन को मजबूत करने की तैयारी तेज कर दी। लखनऊ में बैठक में पदाधिकारियों को इसी दिशा में काम करने के निर्देश दिए।

राजेश कुमार मिश्र, रवनेश विश्‍वकर्मा

Highlights:

  • बैठक में 24 प्रकोष्ठों को पार्टी का संपर्क बढ़ाने पर जोर दिया

  • सरकार की योजनाएं बताने और विपक्ष को जवाब देने की रणनीति बनी

  • चुनाव को देखते हुए मतदाता सूची में लोगों के नाम जुड़वाने पर जोर

Lucknow BJP workers meeting: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा ने संगठन को मजबूत करने की तैयारी तेज कर दी है। पार्टी अब समाज के अलग-अलग वर्गों तक अपनी पहुंच बढ़ाने और ज्यादा से ज्यादा लोगों से जुड़ने पर जोर दे रही है। सोमवार को लखनऊ स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय में हुई बैठक में पदाधिकारियों को इसी दिशा में काम करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में साफ कहा गया कि कार्यकर्ताओं को केवल पार्टी के कार्यक्रमों तक सीमित नहीं रहना है, बल्कि लोगों के बीच जाकर उनसे बातचीत करनी है और सरकार की योजनाओं की जानकारी भी देनी है।

बैठक में भाजपा प्रकोष्ठ संकुल के राष्ट्रीय समन्वयक वीडी शर्मा और प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह, 24 प्रकोष्ठ संकुलों के संयोजक, सहसंयोजक और सदस्य शामिल हुए। प्रदेश समन्वयक ओम प्रकाश श्रीवास्तव, प्रदेश सहसमन्वयक संतराम यादव और मिथिलेश त्रिपाठी भी मौजूद रहे।

राजनीतिक नजरिए से देखें तो भाजपा अब अलग-अलग वर्गों के बीच अपनी पकड़ मजबूत करना चाहती है। इसके लिए पार्टी ने अपने प्रकोष्ठों को जिम्मेदारी दी है कि वे लोगों से सीधे जुड़ें और उनकी बात सुनें। इससे पार्टी को स्थानीय स्तर पर लोगों के मुद्दों और उनकी जरूरतों को समझने का मौका भी मिल सकता है।

शिक्षक, डॉक्टर, व्यापारी और युवाओं तक पहुंचेगी भाजपा

भाजपा के राष्ट्रीय समन्वयक वीडी शर्मा ने कहा कि पार्टी के पास 18 करोड़ सदस्य हैं और वह दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल है। उन्होंने कहा कि प्रकोष्ठ संकुलों की जिम्मेदारी समाज के हर वर्ग तक पार्टी की पहुंच बढ़ाना है।

इसके लिए शिक्षकों, डॉक्टरों, वकीलों, व्यापारियों, दूध उत्पादकों, नगर निकायों और पंचायतों के जनप्रतिनिधियों, खेल से जुड़े युवाओं, रेहड़ी-पटरी दुकानदारों, बुजुर्गों और सहकारिता क्षेत्र से जुड़े लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने को कहा गया।

वीडी शर्मा ने कहा कि इन वर्गों के लोगों को पार्टी से जोड़ने के साथ केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार की योजनाओं और बड़े फैसलों की जानकारी भी दी जाए।

विपक्ष के आरोपों का जवाब देने की भी तैयारी

वीडी शर्मा ने कार्यकर्ताओं से एसआईआर समेत अलग-अलग मुद्दों पर विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे सवालों का तथ्यों के साथ जवाब देने को कहा। उन्होंने ऐसे लोगों को तैयार करने पर जोर दिया, जो इन मुद्दों पर पार्टी का पक्ष लोगों तक पहुंचा सकें।

इससे साफ है कि भाजपा सरकार की योजनाओं का प्रचार करने के साथ विपक्ष के आरोपों का जवाब देने पर भी ध्यान दे रही है। चुनाव से पहले यह पार्टी की रणनीति का अहम हिस्सा हो सकता है।

मतदाता सूची में नाम जुड़वाने पर भी जोर

प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि सभी पदाधिकारियों को आगामी विधानसभा चुनाव में सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने युवाओं, महिलाओं और अन्य पात्र लोगों के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के लिए काम करने को कहा, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति वोट देने के अधिकार से वंचित न रहे।

उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को संपर्क और बातचीत के जरिए शिक्षकों, डॉक्टरों, वकीलों, व्यापारियों, नौकरी-पेशा लोगों, रेहड़ी-पटरी दुकानदारों और मजदूरों सहित समाज के सभी वर्गों को पार्टी से जोड़ने का प्रयास करना चाहिए।

चुनाव में जीत के लिए कार्यकर्ताओं को दिया संदेश

धर्मपाल सिंह ने नए पदाधिकारियों को जिम्मेदारी मिलने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि संगठन ने उन्हें महत्वपूर्ण काम सौंपा है और सभी को मेहनत व पूरी लगन से इसे निभाना चाहिए।

बैठक में दिए गए संदेश से साफ है कि भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव से पहले अपने कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और समाज के अलग-अलग वर्गों तक पहुंच बढ़ाने पर जोर दे रही है।

अब यह देखना होगा कि 24 प्रकोष्ठ संकुलों को दी गई जिम्मेदारी पर जमीन पर कितना काम होता है और पार्टी लोगों के बीच अपनी पहुंच बढ़ाने में कितनी सफल रहती है। फिलहाल बैठक में संगठन को मजबूत करने और चुनाव की तैयारी में कार्यकर्ताओं की भूमिका बढ़ाने पर जोर दिया गया है।

PM मोदी ने की पुणे मेट्रो की पिंक लाइन की तारीफ, जानें रूट, लागत और इसकी 3 बड़ी खूबियां

Explainer: न अनाथालय, न वृद्धाश्रम... नीता अंबानी का 100 एकड़ में बनेगा अनंत आश्रय, जानें क्या है खास?

ग्रामीण रोजगार योजना: शिकायतों के निपटारे की समयसीमा तय, 15 दिन में करना होगा समाधान

BJP की पद यात्रा में बरसे अमित शाह, बोले तेलंगाना से कांग्रेस को उखाड़ फेंकना है

Cyclone का नाम कैसे पड़ता है, जानें मुरासु का नाम किस देश ने रखा और क्यों ?