

Highlights:
पीएम मोदी, राजनाथ सिंह और सीएम योगी समेत कई बड़े नेताओं के नाम
लखनऊ में 30-31 अक्टूबर को होगी कार्यसमिति बैठक
कार्यसमिति बैठक में संगठन की तैयारियों पर रहेगी नजर
BJP UP State Working Committee 2026: भारतीय जनता पार्टी ने आज यूपी प्रदेश कार्यसमिति के सदस्यों और आमंत्रित सदस्यों की घोषणा कर दी है। बता दें कि बीजेपी ने यह घोषणा 30- 31 अक्टूबर को लखनऊ में प्रस्तावित कार्यसमिति की बैठक से पहले की है। बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी भी प्रस्तावित थी। पार्टी की आगामी संगठनात्मक गतिविधियों के लिहाज से यह बैठक महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
यूपी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने प्रदेश कार्यसमिति-2026 के सदस्यों की सूची जारी कर दी है। पंकज चौधरी द्वारा जारी सूची में 548 कार्यसमिति सदस्य व 30 स्थायी आमंत्रित सदस्य शामिल हैं। बैठक में गृह मंत्री अमित शाह, सीएम योगी आदित्यनाथ और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। बैठक में मिशन-2027 को ध्याम में रखते हुए संगठनात्मक तैयारियों और चुनाव की रणनीति पर चर्चा होने की उम्मीद है।
बता दें कि स्थायी आमंत्रित सदस्यों की लिस्ट में पीएम नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक के भी नाम शामिल हैं।
इसके अलावा इस लिस्ट के अनुसार पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. मुरली मनोहर जोशी, हरदीप सिंह पुरी, बीएल वर्मा, कमलेश पासवान, जितिन प्रसाद और एस पी सिंह बघेल समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं को जगह दी गई है। इस लिस्ट में स्मृति ईरानी, रेखा वर्मा, हरीश द्विवेदी, डॉ. लक्ष्मीकांत बाजपेयी, मुख्तार अब्बास नकवी व साध्वी निरंजन ज्योति के भी नाम शामिल हैं।
बता दें कि भारतीय जनता पार्टी के 548 सदस्यों वाली मुख्य सूची में पश्चिम, बृज, गोरखपुर समेत अलग- अलग क्षेत्रों और जिलों के भाजपा नेताओं को भी शामिल किया गया है। जैसे इस लिस्ट में पश्चिम क्षेत्र के बागपत, बुलंदशहर, रामपुर, शामली, संभल, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बिजनौर, हापुड़, नोएडा, गाजियाबाद और अमरोहा समेत कई जिलों के वरिष्ठ नेताओं को स्थान दिया गया है। बृज क्षेत्र से आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद, अलीगढ़ और हाथरस समेत कई अन्य जिलों के नेताओं को भी बड़ी संख्या में कार्यसमिति में जगह मिली है।