परिसीमन विधेयक को लेकर सपा ने साफ़ किया अपना रुख
सत्र में अपने सांसदों को दिया पूरी अवधि के दौरान उपस्थित रहने का निर्देश
सपा के इस फैसले से राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज
Samajwadi Party MP's To Oppose Delimitation Bill: परिसीमन विधेयक को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपना रुख तय कर लिया है। संसद के आगामी विशेष सत्र में सपा के सांसद परिसीमन बिल का विरोध करेंगे। सपा ने लोकसभा में अपने सभी सांसदों के लिए तीन पंक्ति का व्हिप जारी किया गया है। इसमें सांसदों को सदन की कार्यवाही के दौरान पूरे समय सदन में रहने और सरकार के विधेयकों के विरोध में मतदान करने का निर्देश दिया गया है।
यह व्हिप समाजवादी पार्टी के मुख्य सचेतक और लोकसभा सांसद धर्मेंद्र यादव की तरफ से जारी किया गया है। इस तीन पंक्ति के व्हिप में कहा गया है कि 30 नवंबर 2026 से संसद का विशेष सत्र शुरू हो रहा है जो 3 दिसंबर तक चलेगा।
इस सत्र में सरकार संविधान (132वां संशोधन) विधेयक 2026, परिसीमन (दूसरा) विधेयक 2026 और संघ राज्यक्षेत्र विधि (संशोधन) दूसरा विधेयक 2026 ला रही है। इसमें सपा सांसदों को पूरी अवधि के दौरान उपस्थित रहने को कहा गया है।
धमेंद्र यादव ने लोकसभा के सभी सपा सांसदो को यह पत्र भेजा है। इसके व्हीप के जरिए समाजवादी पार्टी ने साफ किया है कि उसके सांसद सदन में इन विधेयकों को विरोध करेंगे। सपा के इस फैसले से राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है।
बता दें कि लोकसभा में समाजवादी पार्टी के 37 सांसद हैं। सपा सांसदों के विरोध में उतरने से सरकार के लिए परिसीमन बिल के पक्ष में दो-तिहाई बहुमत जुटाना और मुश्किल हो सकता है। इससे पहले अप्रैल 2026 में भी परिसीमन से जुड़े विधेयक इसलिए पास नहीं हो पाए थे क्योंकि संविधान संशोधन के लिए आवश्यक दो-तिहाई बहुमत सरकार नहीं जुटा पाई थी। ऐसे में अब सपा के व्हिप ने सरकार की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
इससे पहले सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने महिला आरक्षण और परिसीमन बिल को लेकर भाजपा पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि सपा महिला आरक्षण के खिलाफ नहीं है, लेकिन PDA यानी पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग की महिलाओं को भी इसका लाभ मिलना चाहिए। अखिलेश ने आरोप लगाया कि बीजेपी महिला आरक्षण की आड़ में लोकसभा सीटें बढ़ाना चाहती है।