सीएम बोले- 26 जनवरी तक 1 लाख से अधिक नियुक्ति पत्र देंगे
सीएम ने कहा - नौकरी मांगने वाले नहीं, नौकरी देने वाले बनें
टैबलेट में 18 हजार से अधिक कोर्स फ्री मिलेंगे
UP Tablet Distribution Scheme: उत्तर प्रदेश में युवाओं को डिजिटल रूप से मजबूत बनाने के साथ रोजगार के अवसर देने पर भी सरकार का जोर है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने रविवार को स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत 25 लाख टैबलेट वितरण अभियान के दूसरे चरण की शुरुआत की।
इस दौरान उन्होंने बताया कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश सरकार ने 9.5 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी है। साथ ही आगामी 26 जनवरी तक 1 लाख से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र देने की तैयारी है।
कार्यक्रम में लखनऊ मंडल के लखनऊ, हरदोई, सीतापुर और उन्नाव के 300 से अधिक शिक्षण संस्थानों के 50 हजार से ज्यादा छात्र-छात्राओं और प्रशिक्षणार्थियों को टैबलेट वितरित किए गए।
सीएम ने बताया कि टैबलेट में इन्फोसिस के सहयोग से 18 हजार से अधिक पाठ्यक्रमों की निशुल्क अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई गई है। युवा इसमें योग, गणित, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और डीप टेक जैसे आधुनिक विषयों की पढ़ाई कर सकेंगे।
टैबलेट में युवा साथी ऐप भी दिया गया है। इसके जरिए छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, पीएम इंटर्नशिप, सीएम इंटर्नशिप, सीएम युवा और पीएम मुद्रा योजना जैसी सरकारी योजनाओं की जानकारी मिलेगी।
सीएम योगी ने कहा कि टैबलेट केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि युवाओं का भविष्य बेहतर बनाने का माध्यम है। इसका इस्तेमाल ज्ञान, कौशल और नवाचार के लिए होना चाहिए। युवाओं की जरूरत और मांग को देखते हुए सरकार ने स्मार्टफोन की जगह टैबलेट देने का फैसला किया है।
उन्होंने बताया कि योजना की शुरुआत 25 दिसंबर 2021 को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर हुई थी। इसके तहत दो करोड़ युवाओं को टैबलेट और स्मार्टफोन देने का लक्ष्य रखा गया था। पहले चरण में 60 लाख विद्यार्थियों को उपकरण दिए जा चुके हैं।
सीएम ने कहा कि आगामी 26 जनवरी तक एक लाख से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र देने की तैयारी है। उन्होंने शिक्षा, पुलिस, पंचायती राज और राजस्व विभाग में हुई नियुक्तियों का भी जिक्र किया।
सीएम ने समाजवादी पार्टी की पिछली सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उस समय भर्तियों में गड़बड़ी और वसूली की शिकायतें होती थीं। उनकी सरकार में भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से हो रही है।
योगी ने कहा कि प्रदेश में स्टार्टअप की संख्या 2017 के 120 से बढ़कर 25 हजार से अधिक हो गई है। सीएम युवा योजना के तहत युवाओं को ब्याजमुक्त और गारंटीमुक्त ऋण दिया जा रहा है। उन्होंने युवाओं से नौकरी तलाशने के बजाय रोजगार देने वाला बनने की अपील की।
सीएम ने बताया कि देश में बनने वाले मोबाइल फोन में 55 प्रतिशत का निर्माण उत्तर प्रदेश में हो रहा है। वहीं, इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट की 60 प्रतिशत मैन्युफैक्चरिंग प्रदेश में हो रही है।
सीएम ने उन युवाओं से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की अपील की, जो एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मतदान लोकतंत्र को मजबूत करने का अधिकार और जिम्मेदारी दोनों है।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक सहित कई मंत्री, लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल, लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जयप्रकाश सैनी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।