Kaushambi Firecracker Factory Blast: चिल्ला शहबाजी गांव में अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट में 14 लोगों की मौत के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे छठे आरोपी शकील को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी है। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शकील पर पुलिस ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।
डीएसपी मंझनपुर सौरभ सामंत के मुताबिक, मंझनपुर के हंजापुर रोड स्थित दीवार कोतारी गांव के पास सदर कोतवाली प्रभारी विनीत सिंह और एसओजी प्रभारी सुनील चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार संदिग्ध दिखाई दिया। पुलिस ने उसे घेरकर रोकने का प्रयास किया तो उसने तमंचे से फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में शकील के पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार शकील महमूदपुर मनौरी का निवासी है और अवैध पटाखा फैक्ट्री के मालिक नौशाद का भाई है। सोमवार को चिल्ला शहबाजी गांव स्थित अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट में 14 लोगों की मौत के मामले में शकील वांछित चल रहा था। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
डीएसपी ने बताया कि आरोपी के पास से एक बाइक, तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं। घायल अवस्था में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। गिरफ्तारी के बाद शकील ने अपने किए पर पछतावा जताया और हाथ जोड़कर विस्फोट में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों से माफी मांगी।
एसपी सत्यनारायण प्रजापत के मुताबिक इस मामले में मुख्य आरोपी नौशाद, उसकी पत्नी और बेटे समेत सभी छह आरोपी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं। पकड़े गए शकील ने प्रारंभिक पूछताछ में आर्थिक लाभ के लिए साथियों और परिजनों के साथ मिलकर अवैध पटाखा एवं विस्फोटक सामग्री बनाने और भंडारण करने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब मामले में अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।