18 साल पूरे करने वाले युवा फॉर्म-6 भरकर मतदाता बन सकेंगे
अंतिम मतदाता सूची 4 जनवरी 2027 को प्रकाशित की जाएगी
21, 22, 28 और 29 नवंबर को मतदान केंद्रों पर बीएलओ मौजूद रहेंगे
Kanpur Launch Special Summary Revision Campaign: उत्तर प्रदेश में साल 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पूर्व प्रत्येक विधानसभा में मतदाता सूची को ठीक करने के लिए मंगलवार से विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान की शुरुआत की जा रही है।
इसीआईनेट (ECINET) ऐप से घर बैठे मतदाता अपना नाम जांच सकेंगे और इसी पर मतदान केंद्र और बीएलओ का भी विवरण मिल जाएगा।इस अभियान के तहत विधानसभा चुनाव से पूर्व युवा मतदाताओं को जोड़ने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित हो जाएगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी महेंद्र सिंह तवर ने कहा कि प्रत्येक मतदाता सूची को शुद्ध तरीके से तैयार करना केवल निर्वाचन प्रशासन की ही नहीं बल्कि प्रत्येक मतदाता की भी जिम्मेदारी है।
सभी पात्र मतदाता अपने नाम एवं विवरण का सत्यापन करने के बाद आवेदन प्रस्तुत करेंगे।उन्होंने कानपुर शहर के लोगों से इस अभियान से जुड़ने और होने वाले विधानसभा चुनाव में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए तैयार रहने का आह्वान किया है।
विधानसभा चुनाव से पूर्व सभी पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में शामिल करने का लक्ष्य रखा गया है। युवा मतदाताओं को जोड़ने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
विधानसभा चुनाव से पूर्व अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होने से पहले 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा भी इस चुनाव में अपने भागीदारी निभा सकेंगे।
अंतिम मतदाता सूची 4 जनवरी को प्रकाशित होनी है इससे पहले 1 जनवरी 2027 को जिस भी युवा की आयु 18 वर्ष पूर्ण हो गई होगी उसका नाम मतदाता सूची में शामिल हो सकता है।
इसके लिए फार्म 6 भरना होगा। ऐसे में काफी संख्या में नए मतदाता बनने की संभावना है यानी 2027 के चुनाव में युवाओं की बड़ी भागीदारी होने वाली है।
इस अभियान को गति देने के लिए नवंबर में 4 दिन विशेष अभियान चलाया जाएगा जिसके लिए 21, 22, 28 और 29 नवंबर निर्धारित किए गए हैं। इस दिन सभी मतदान केन्द्रों पर बीएलओ मौजूद रहेंगे।बीएलओ को टेबल टॉप एक्सरसाइज के माध्यम से नियमित कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
बीएलओ राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उनसे समन्वय स्थापित करेंगे और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ मिलकर प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल करने तथा मृत एवं अन्य अपात्र व्यक्तियों के नाम नियमानुसार हटाने पर विशेष ध्यान देंगे। घर बैठे लोग इसीआईनेट मोबाइल ऐप के माध्यम से मतदाता सूची में अपना नाम खोज सकते हैं।
इस ऐप पर संबंधित बीएलओ, मतदान केंद्र एवं अन्य निर्वाचन संबंधी जानकारी भी उपलब्ध है। मतदाता आवश्यक फॉर्म भी ऑनलाइन भर सकते हैं इसके अतिरिक्त बीएलओ से संपर्क कर ऑफलाइन आवेदन करने की भी सुविधा उपलब्ध है। अधिक से अधिक लोगों से ऐप डाउनलोड कर इसका उपयोग करने की अपील की गई है।