तिलसहरी गांव के 200 साल पुराने मेले में मारपीट हुई
बेटे को बचाने पहुंची मां शिवाकांति घायल हुईं
पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया, मौके से तमंचा बरामद
Tilsahari Village Youth Firing: कानपुर के महाराजपुर क्षेत्र के तिलसहरी गांव में दीपावली के अगले दिन लगने वाले 200 साल पुराने ऐतिहासिक मेले में विवाद हो गया। यहां पुरानी रंजिश को लेकर कुछ दबंगों ने एक युवक के साथ मारपीट शुरू कर दी।
बेटे को बचाने पहुंची मां पर तमंचे से फायरिंग कर दी गई। वहीं, युवक के पिता को भी तमंचे की बट से मारकर घायल कर दिया गया। घटना के बाद मेले में अफरा-तफरी मच गई। इस विवाद के चलते मेले में होने वाला जवाबी कीर्तन भी स्थगित करना पड़ा।
पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मौके से एक तमंचा भी बरामद किया गया है।
महाराजपुर के तिलसहरी गांव में दीपावली के अगले दिन ऐतिहासिक मेले का आयोजन किया गया था। इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर लकड़ी कारोबारी सचिन ने अपने साथियों के साथ मिलकर रितेश कुशवाहा के साथ मारपीट शुरू कर दी।
इसकी जानकारी मिलने पर रितेश की मां शिवाकांति और पिता साजन कुशवाहा मौके पर पहुंचे। शिवाकांति अपने बेटे को दबंगों से बचाने लगीं। आरोप है कि इसी दौरान सचिन ने तमंचे से फायर कर दिया। इससे शिवाकांति घायल हो गईं।
वहीं, आरोपियों ने रितेश के पिता साजन के सिर पर तमंचे की बट से हमला कर दिया। घटना के बाद मेले में भगदड़ जैसे हालात बन गए। आनन-फानन में घायल शिवाकांति को अस्पताल पहुंचाया गया।
रितेश के पिता साजन कुशवाहा ने बताया कि गांव में उनकी परचून की दुकान है। उनका बेटा रितेश दुकान पर बैठा था। इसी दौरान लकड़ी कारोबारी शंकर के बेटे सचिन ने पुरानी बात को लेकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
साजन और उनकी पत्नी बेटे को बचाने पहुंचे तो उन पर भी हमला कर दिया गया। साजन ने बताया कि घर में रितेश की शादी की तैयारियां चल रही हैं। उसकी शादी 20 नवंबर को होनी है। जिस समय यह घटना हुई, मेले में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे, लेकिन मदद के लिए कोई आगे नहीं आया।
कानपुर कमिश्नरेट के पूर्वी जोन के महाराजपुर क्षेत्र स्थित तिलसहरी गांव में दीपावली के अगले दिन इस ऐतिहासिक मेले का आयोजन होता है। गांव के लोगों के मुताबिक, यह परंपरा 200 साल से ज्यादा पुरानी है।
मेले में गांव के बीच बने तालाब में पानी भरकर उसमें गुलाब के फूल डाले जाते हैं। इसके बाद गांव के राजन सविता तालाब में 5 इंच के सोने के डंडे डालते हैं। फिर उन्हें खोजने की प्रतियोगिता होती है। जो व्यक्ति डंडे खोज लेता है, उसे इनाम दिया जाता है।
इस मेले में आसपास के जिलों से लाखों लोग पहुंचते हैं। क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि और विधायक भी इसमें शामिल होते हैं। इससे पहले 1972 में भी मेले के दौरान दो पक्षों के बीच गोलीबारी हुई थी।
डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। शुरुआती जांच में यूपीआई भुगतान और रुपयों के लेनदेन को लेकर विवाद की बात सामने आई है।
कानपुर पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। इसके अलावा एक नामजद आरोपी समेत कुल तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। घटनास्थल से एक तमंचा भी बरामद हुआ है।