कानपुर में राधिका अपार्टमेंट में लगी आग (सोर्स- नवभारत लाइव)
कानपुर

कानपुर में अपार्टमेंट में लगी भीषण आग, जान बचाने के लिए बालकनी से कूदे लोग, 2 की मौत

Kanpur Apartment Fire: कानपुर के फीलखाना थाना क्षेत्र स्थित राधिका अपार्टमेंट में सोमवार सुबह भीषण आग लग गई। जिसके बाद अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग जान बचाने के लिए बालकनी से कूद पड़े।

अभिनव श्रीवास्तव, रवनेश विश्‍वकर्मा

Highlights:

  • अपार्टमेंट की बेसमेंट पार्किंग में खड़े दोपहिया वाहनों से आग शुरू हुई

  • आग में 15 साल के प्रांजल और राखी की मौत हो गई

  • दमकल टीमों ने 8 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला

Kanpur Fire Accident: कानपुर के फीलखाना थाना क्षेत्र स्थित राधिका अपार्टमेंट में सोमवार सुबह भीषण आग लग गई। जिसके बाद अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग जान बचाने के लिए बालकनी से कूद पड़े।

इस दौरान अंदर फंसने से 15 वर्षीय किशोर समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद अपार्टमेंट से 8 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। इनमें से चार लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने दो को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो का इलाज चल रहा है।

बेसमेंट की पार्किंग से शुरू हुई आग

जानकारी के मुताबिक, आग सोमवार सुबह करीब 4:30 बजे अपार्टमेंट के बेसमेंट में बनी पार्किंग से शुरू हुई। पार्किंग में कई दोपहिया वाहन खड़े थे। देखते ही देखते आग और धुआं ऊपर बने फ्लैटों तक पहुंचने लगा। इससे अपार्टमेंट में अफरा-तफरी मच गई। कई लोग जान बचाने के लिए इमारत से बाहर निकलने की कोशिश करने लगे, जबकि कुछ लोग अंदर ही फंस गए।

घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने फंसे लोगों को बचाने का प्रयास किया। उनका कहना है कि डायल 112 पर कई बार फोन किया गया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। कुछ देर बाद पुलिस मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। तब तक आग काफी फैल चुकी थी।

8 लोगों का रेस्क्यू, दो की मौत

सूचना मिलते ही लाटूश रोड और करनलगंज फायर स्टेशन से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर फाइटिंग टीम ने आग बुझाने के साथ अपार्टमेंट में फंसे लोगों को बाहर निकालने का अभियान शुरू किया। फायर अधिकारी दीपक शर्मा ने बताया कि टीम ने 8 लोगों को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया।

उर्सला अस्पताल के डॉक्टर शुभम जैन के मुताबिक, चार घायलों को अस्पताल लाया गया था। इनमें राखी नाम की महिला की मौत हो चुकी थी। डॉक्टर के अनुसार, उन्हें इमारत से छलांग लगाने के दौरान चोटें आई थीं। वहीं, 15 वर्षीय प्रांजल बाथम की आग में झुलसने से मौत हो गई।

मीता नाम की महिला करीब 40 प्रतिशत झुलसी हुई हैं। उनकी हालत गंभीर है और उर्सला अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं, एक युवक की रीढ़ की हड्डी में चोट आई है। उसे इलाज के लिए हैलट अस्पताल रेफर किया गया है।

सकरी गलियों में बिना मानकों के बने अपार्टमेंट पर सवाल

कानपुर के रिहायशी इलाकों में सकरी गलियों और कम जगह में बने अपार्टमेंट की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल उठ रहे हैं। शहर में पहले भी ऐसी इमारतों में आग लगने की घटनाएं हो चुकी हैं। हादसों के बाद संबंधित विभाग कार्रवाई की बात करते हैं, लेकिन कुछ समय बाद स्थिति फिर पहले जैसी हो जाती है।

लखनऊ के कोचिंग अग्निकांड के बाद भी नहीं सुधरे हालात

लखनऊ में कोचिंग संस्थान में आग लगने की घटना के बाद कानपुर विकास प्राधिकरण ने भी कार्रवाई की थी। बेसमेंट और मानकों के विपरीत बनी इमारतों में चल रहे कोचिंग सेंटरों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को सील किया गया था।

उस समय लगातार कार्रवाई होती दिखाई दी, लेकिन आरोप है कि सील की गई कई इमारतों में फिर से पुराने तरीके से कारोबार शुरू हो गया। ऐसे में राधिका अपार्टमेंट में हुए हादसे के बाद एक बार फिर भवनों की सुरक्षा और विभागीय कार्रवाई पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

वंदे भारत के लोको पायलट ने 2 बार मदद मांगी, लेकिन बिना ब्रेक के 463 किमी पटरी पर दौड़ती रही Vande Bharat

JKSSB परीक्षा में नकल का बड़ा खेल, जम्मू में गिरोह का भंडाफोड़, वायरलैस गैजेट्स समेत 14 लोग पकड़े गए, SIT गठित

Chhath Puja: आस्था की डुबकी, भक्ति का उजास... उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ संपन्न हुआ छठ महापर्व

राष्ट्रीय प्रेस दिवस: आज हर भारतीय को पत्रकार बनने की आवश्यकता, Gen Z आंदोलन ने बदली पत्रकारिता की छवी

Cyclone Alert: बंगाल की खाड़ी में उठेगा चक्रवात Akvan, 130 की रफ्तार से चलेंगी हवाएं; आंध्र-ओडिशा में अलर्ट