अस्वच्छ परिस्थितियों में होते मिष्ठान निर्माण पर तत्काल रोक
खाद्य पदार्थों के दो नमूने जांच के लिए भेजा गए प्रयोगशाला
रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद होगी अग्रिम कार्रवाई
Kanpur Food Department: दीपावली एवं भाई दूज के दृष्टिगत मिलावटी एवं असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने विशेष अभियान के अंतर्गत तीन स्थानों पर कार्रवाई की। स्वर्ण जयंती विहार स्थित एक मिष्ठान निर्माणशाला से लगभग 10 क्विंटल खराब रंगीन मिठाई नष्ट कराई गई। वहीं घंटाघर एवं पनकी में अस्वच्छ परिस्थितियों में भंडारित करीब 270 किलोग्राम खोया नष्ट कराया गया। तीनों स्थानों पर नष्ट कराई गई खाद्य सामग्री की अनुमानित कीमत लगभग 2.95 लाख रुपये है।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश के निर्देश तथा जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर के आदेश पर सहायक आयुक्त खाद्य संजय प्रताप सिंह द्वारा गठित टीम ने स्वर्ण जयंती विहार, कोयला नगर, देहली सुजानपुर स्थित एक मिष्ठान निर्माणशाला का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान लगभग 10 क्विंटल खराब रंगीन मिठाई पाई गई, जिसे मौके पर नष्ट करा दिया गया। इसकी अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये आंकी गई।
निरीक्षण में मिष्ठान निर्माण अस्वच्छ परिस्थितियों में होता पाया गया। इस पर निर्माण कार्य तत्काल रुकवा दिया गया। साथ ही निर्धारित सुधार होने तक प्रतिष्ठान का पंजीकरण निलंबित करने की संस्तुति की जा रही है। मौके से खाद्य सामग्री के दो नमूने संग्रहित किए गए, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी सोमनाथ कुशवाहा एवं डॉ. देवेंद्र सिंह आजाद की टीम ने घंटाघर के पास एक चारपहिया इको वाहन की जांच की। वाहन से औरैया से लाया गया लगभग 240 किलोग्राम खोया बरामद हुआ। करीब 84 हजार रुपये कीमत का यह खोया गंदे कपड़ों में अस्वच्छ परिस्थितियों में रखा पाया गया। खाद्य सुरक्षा की दृष्टि से इसे बिक्री एवं मानव उपभोग से रोकते हुए नगर निगम के डंपिंग यार्ड में नष्ट करा दिया गया।
इसी क्रम में सूचना के आधार पर पनकी स्थित रामनरेश कैटरर्स का निरीक्षण किया गया। खाद्य कारोबारकर्ता ने बताया कि त्योहारों के दौरान मांग के अनुसार मिठाइयां तैयार कर छोटी दुकानों को आपूर्ति की जाती है। निरीक्षण के समय प्रतिष्ठान पर लगभग 30 किलोग्राम खोया अस्वच्छ परिस्थितियों में भंडारित मिला, जिसकी अनुमानित कीमत 11,400 रुपये बताई गई।
टीम ने खोये का एक नमूना जांच के लिए संग्रहित किया तथा शेष खोया नष्ट करा दिया। खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा संग्रहित नमूनों की जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।