BSF HCM Exam Cancelled: बीएसएफ हेड कांस्टेबल मिनिस्ट्रियल (एचसीएम) की परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थियों ने बुधवार को चकेरी के श्याम नगर स्थित एमडी इन्फोटेक परीक्षा केंद्र पर जमकर हंगामा किया। अभ्यर्थियों ने परीक्षा में पेपर लीक होने का आरोप लगाते हुए परीक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए।
आरोप है कि ऑनलाइन परीक्षा के दौरान कई कंप्यूटर सिस्टम हैंग हो गए। वहीं, माउस और कीबोर्ड भी काम नहीं कर रहे थे, जिससे उन्हें सवाल हल करने में परेशानी हुई।परीक्षा के दौरान तकनीकी दिक्कतों के चलते अभ्यर्थियों में आक्रोश फैल गया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं परीक्षा केंद्र पर जुट गए और विरोध करने लगे। अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया है कि परीक्षा जैसी महत्वपूर्ण प्रक्रिया में इस तरह की तकनीकी खामियां उनकी मेहनत पर असर डाल सकती हैं।
इसी बीच पेपर लीक होने की चर्चा ने भी माहौल को और गरमा दिया। हंगामे की सूचना मिलते ही चकेरी पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और आक्रोशित अभ्यर्थियों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया। काफी देर तक परीक्षा केंद्र के बाहर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
छात्रों का कहना है कि 40 मिनट से सिस्टम बंद रहा। उसके बाद सिस्टम चालू हुआ और न तो की-बोर्ड काम कर रहा है, न तो किसी का माउस काम कर रहा था। सिर्फ़ सीपीयू काम कर रहा। इस परीक्षा में 500 छात्र और छात्राएं सम्मिलित हुए थे। छात्रों का कहना है कि बारिश में परीक्षा देने आए थे। उनके साथ अब यह हो रहा है। उनकी जिंदगियों से खिलवाड़ किया जा रहा है।
बीएसएफ के कई पदों के लिए बुधवार को होने वाली परीक्षा रद्द कर दी गई है। श्यामनगर स्थित एमडी इन्फोटेक सेंटर (केंद्र कोड-25916) पर तीनों शिफ्ट में होने वाली परीक्षा को रद्द किया गया है। केंद्र की ओर से जारी सूचना के मुताबिक अब बीएसएफ परीक्षा की नई तारीख 18 सितंबर 2026 तय की गई है। सभी अभ्यर्थियों से कहा गया है कि वे आगे की जानकारी के लिए बीएसएफ के आधिकारिक पोर्टल पर नियमित रूप से अपडेट देखते रहें।