झांसी जीआरपी ने 251 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किया
इन मोबाइलों की कीमत करीब 45 लाख 18 हजार रुपये
2026 में अब तक अलग-अलग अभियानों में 975 गुमशुदा मोबाइल बरामद
Happiness Clearly Visible Their Faces : किसी का मोबाइल ट्रेन में छूट गया, तो किसी का सफर के दौरान कहीं गुम हो गया। मोबाइल खोने के बाद लोगों ने उसे वापस पाने की उम्मीद तक छोड़ दी थी, लेकिन झांसी GRP की सर्विलांस टीम ने तकनीक और लगातार प्रयासों के दम पर इन उम्मीदों को फिर जिंदा कर दिया।
पुलिस ने 251 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को सौंप दिए। इन मोबाइलों की कीमत करीब 45 लाख 18 हजार रुपये है। हाथ में अपना खोया हुआ मोबाइल वापस आते ही लोगों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी।
झांसी में जीआरपी पुलिस ने गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए गए विशेष अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। सर्विलांस टीम ने अलग-अलग स्थानों से 251 मोबाइल फोन खोजकर बरामद किए हैं।
बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत 45 लाख 18 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने सभी मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंप दिए। लंबे समय से अपने खोए हुए फोन का इंतजार कर रहे लोगों के लिए यह किसी बड़ी राहत से कम नहीं रहा।
इस अभियान की खास बात यह रही कि मोबाइल की तलाश सिर्फ शिकायत दर्ज करने तक सीमित नहीं रही, बल्कि पुलिस ने तकनीकी संसाधनों के जरिए उनकी लोकेशन का पता लगाकर बरामदगी की कार्रवाई की। किसी का आईफोन गुम हुआ था तो किसी का सैमसंग, वनप्लस, ओप्पो और रेडमी।
अलग-अलग कंपनियों और कीमतों के इन मोबाइलों को खोजने के लिए टीम ने कॉल रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज और लोकेशन ट्रैकिंग की मदद ली। तकनीकी जांच के आधार पर मोबाइलों तक पहुंच बनाई गई और उन्हें कब्जे में लेकर मालिकों की पहचान की गई।
जीआरपी की इस कार्रवाई को पुलिस अधीक्षक रेलवे विपुल कुमार श्रीवास्तव और पुलिस उपाधीक्षक सलीम खान के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। अभियान में सर्विलांस सेल प्रभारी उपनिरीक्षक बृजेंद्र सिंह के साथ हेड कांस्टेबल जगदीश सिंह, कांस्टेबल आकाश गंगवार और कांस्टेबल ठाकुर प्रसाद ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
जीआरपी के मुताबिक, वर्ष 2026 में अब तक अलग-अलग अभियानों के जरिए कुल 975 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं। इनकी अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ 24 लाख 75 हजार रुपये बताई गई है।