

डीसीपी पश्चिम की साइबर सेल, सर्विलांस सेल और थानों की साइबर हेल्प डेस्क टीम की बड़ी सफलता
लगभग 50.50 लाख की कीमत के 233 मल्टीमीडिया मोबाइल बरामद
गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन पुलिस ने मालिकों को लौटाए, लोगों ने पुलिस का किया धन्यवाद
Rs 50.50 Lakh Worth Mobile Phones Recovered: सालों पहले अगर किसी का मोबाइल चोरी हो जाए तो वह उसे मिलने की उम्मीद ही छोड़ दे। लेकिन शुक्रवार को लखनऊ पुलिस ने जब लोगों को उनके खोए या चोरी हुए मोबाइल वापस किए तो लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
राजधानी लखनऊ के कैसरबाग थाने पर डीसीपी पश्चिम जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने गुम या चोरी हुए मल्टीमीडिया मोबाइल फोन उनके मालिकों को लौटाए। मोबाइल फोन पाकर लोगों ने पुलिस का धन्यवाद किया। लौटाए मोबाइल में कई ऐसे भी थे जो साल भर पहले चोरी हो गये थे। डीसीपी पश्चिम की साइबर सेल, सर्विलांस सेल और थानों की साइबर हेल्प डेस्क टीम को बड़ी सफलता मिली है।
टीम ने लगभग 50.50 लाख की कीमत के 233 मल्टीमीडिया मोबाइल फोन बरामद किए थे। इसमें 55 रेडमी, 40 ओप्पो, 39 वीवो, 35 रियलमी, 29 वन प्लस और 20 सैमसंग समेत विभिन्न कंपनियों के फोन थे।
ये फोन थाना अमीनाबाद, नाका, कैसरबाग, काकोरी, पारा, दुबग्गा, चौक और वजीरगंज से चोरी हुए या खो गए। इन मोबाइलों को पुलिस ने बरामद कर उनके मालिकों को सुपुर्द किया। इस बाबत डीसीपी पश्चिम जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने कैसरबाग थाना परिसर में प्रेस वार्ता कर जानकारी दी।
इसके साथ ही लखनऊ पुलिस की ओर से लोगों से मोबाइल फोन खोने पर तुरंत UPCOP पर लॉस्ट आर्टिकल रिपोर्ट दर्ज कराने की अपील की गई। पुलिस ने CEIR पोर्टल पर मोबाइल ब्लॉक/ट्रेसिंग की शिकायत करें और नजदीकी थाने की साइबर हेल्प डेस्क से संपर्क करने की सलाह दी।
मोबाइल पाने वाले लोगों ने पुलिस की सक्रियता की लोगों में जमकर तारीफ की। लोगों ने कहा कि मोबाइल वापस पाने की उम्मी नहीं थी लेकिन पुलिस के प्रयासों से फोन दोबारा मिल गया।