यात्री की जिंदगी बचाने के लिए देवदूत बना जीआरपी का सिपाही, आगरा कैंट पर CPR देकर बचाई जान

Agra Cantt GRP Personnel Medical Emergency: यात्री की अचानक तबीयत बिगड़ी और उसकी हालत गंभीर हो गई थी। सिपाही प्रेम शंकर भारद्वाज वहीं से गुजर रहे थे, उन्होंने बिना समय गंवाए यात्री को CPR दिया।
Agra Cantt GRP Constable
आगरा कैंट जीआरपी कांस्टेबल(सोर्स: नवभारत लाइव)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • जीआरपी जवानों को दी गई CPR ट्रेनिंग आई काम, प्रेम शंकर भारद्वाज की तत्परता का वीडियो वायरल

  • यात्री की अचानक बिगड़ी तबीयत, मुश्किल समय में जीआरपी ने यात्री को सीपीआर देना किया शुरू

  • उनकी तत्परता और प्रयासों से बची यात्री की जान, अब हर जगह हो रही प्रेम शंकर की तारीफ

Agra Cantt GRP Constable Saves Passenger Life with CPR: रेलवे में सफर करने वाला हर यात्री अपने गंतव्य तक सुरक्षित पहुंचने की उम्मीद लेकर ट्रेन में सवार होता है। भारतीय रेलवे पर विश्वास करते हुए प्रतिदिन लाखों लोग अपने सफर की शुरुआत करते हैं। यात्रियों की सुरक्षा और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (RPF) के साथ-साथ राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) भी लगातार सतर्क रहती है।

रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया से लेकर प्लेटफॉर्म और ट्रेनों के अंदर तक जीआरपी के जवान यात्रियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाते हैं। लेकिन कई बार पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारी केवल सुरक्षा व्यवस्था तक सीमित नहीं रहती, बल्कि उनकी तत्परता किसी की जिंदगी बचाने में भी अहम भूमिका निभाती है।

सीपीआर देकर बचाई यात्री की जान

आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर जीआरपी के एक जवान ने कुछ ऐसा ही उदाहरण पेश किया है। सोशल मीडिया पर सामने आए एक संवेदनशील वीडियो में आगरा कैंट जीआरपी पर तैनात सिपाही प्रेम शंकर भारद्वाज एक यात्री की जान बचाने के लिए सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) देते दिखाई दे रहे हैं।

बताया जा रहा है कि यात्री की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी और उसकी हालत गंभीर हो गई थी। ऐसे मुश्किल समय में सिपाही प्रेम शंकर भारद्वाज वहीं से गुजर रहे थे, उन्होंने बिना समय गंवाए यात्री को सीपीआर देना शुरू कर दिया। उनकी तत्परता और प्रयासों से यात्री की जान बच गई, अब हर जगह प्रेम शंकर के इस जज्बे की तारीफ़ हो रही है।

संकट के समय जीआरपी जवान ने संभाला मोर्चा

बताया जा रहा है कि यात्री बिहार का रहने वाला था और उसका नाम नसीर बताया गया है। रेलवे स्टेशन जैसे सार्वजनिक स्थान पर अचानक किसी यात्री की तबीयत बिगड़ने पर शुरुआती कुछ मिनट बेहद महत्वपूर्ण होते हैं।

ऐसे में मौके पर मौजूद व्यक्ति को प्राथमिक उपचार की जानकारी होना किसी संजीवनी से कम नहीं है। प्रेम शंकर भारद्वाज ने अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए जिस तरह संकट के समय मोर्चा संभाला, वह पुलिसकर्मियों की संवेदनशीलता और प्रशिक्षण की अहमियत को भी सामने लाता है।

Agra Cantt GRP Constable
गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर अधिवक्ता से मारपीट, RPF जवानों पर चोटी नोचने और बंदूक के बट से पीटने का आरोप

सभी जवानों को है सीपीआर देने की ट्रेनिंग

इस पूरे घटनाक्रम के पीछे आगरा कैंट जीआरपी की एक महत्वपूर्ण पहल भी बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि, जीआरपी आगरा कैंट पर तैनात प्रभारी निरीक्षक संदीप तोमर ने थाने के सभी जवानों को सीपीआर देने की ट्रेनिंग दिलाई हुई है।

इसका उद्देश्य यही है कि रेलवे स्टेशन या ट्रेन में किसी यात्री की अचानक तबीयत बिगड़ने पर पुलिसकर्मी तत्काल प्राथमिक सहायता उपलब्ध करा सकें। बताया यह भी जा रहा है कि जीआरपी के कर्मचारियों के पास एस्पिरिन की एक टैबलेट भी हमेशा मौजूद रहती है।

GRP जवान की तत्परता बनी जीवनरक्षक

आगरा कैंट जीआरपी के जवान की यह तत्परता बताती है कि पुलिस की भूमिका केवल अपराध रोकने और कानून व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है। जरूरत पड़ने पर यही जवान किसी अनजान यात्री के लिए जीवनरक्षक भी बन सकते हैं।

रेलवे स्टेशन पर सामने आया यह घटनाक्रम दूसरे सुरक्षा कर्मियों के लिए भी एक संदेश है कि समय पर मिला प्रशिक्षण और संकट के समय दिखाई गई सूझबूझ किसी की जिंदगी बचाने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।

Agra Cantt GRP Constable
चलती ट्रेन में गूंजी नवजात की किलकारी, फतेहपुर स्टेशन पर रोकी गाड़ी, फिर अस्पताल पहुंचाया