टिकट निकालने में हुई देरी तो यात्री पर भड़कीं महिला TTE
वीडियो में अपमानजनक टिप्पणी और धमकी देने के आरोप
सोशल मीडिया पर मामला गूंजा तो रेलवे प्रशासन ने लिया एक्शन
TTE Called Passenger Illiterate: झांसी रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के साथ बेहतर व्यवहार और उनकी समस्याओं का समाधान करना रेल कर्मचारियों की जिम्मेदारी है, लेकिन झांसी के वीरांगना लक्ष्मीबाई रेलवे स्टेशन से सामने आए एक वीडियो ने इस जिम्मेदारी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां टिकट दिखाने में कुछ देर होने पर महिला TTE और एक यात्री के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते बातचीत का लहजा इतना बिगड़ गया कि यात्री को कथित तौर पर अपमानजनक शब्द सुनने पड़े। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो रेलवे अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित महिला TTE को निलंबित कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, लखनऊ निवासी श्रवण कुमार अपने दो साथियों के साथ 6 नवंबर को आंध्र प्रदेश के पेनुकोंडा से कर्नाटक एक्सप्रेस (12627) में सवार हुए थे। तीनों यात्रियों ने रेलवे काउंटर से टिकट लिया था। चार्ट तैयार होने के बाद दो यात्रियों को S-2 कोच में सीट नंबर 39 और तीसरे यात्री को सीट नंबर 47 पर RAC आवंटित हुई थी।
बताया गया कि 8 नवंबर को ट्रेन के झांसी स्टेशन पहुंचने पर महिला TTE ने यात्रियों से टिकट दिखाने को कहा। इस दौरान श्रवण कुमार को बैग में रखा टिकट निकालने में कुछ समय लग गया। यात्री का आरोप है कि इसी बात पर महिला TTE नाराज हो गईं और उन्हें अपने कार्यालय में ले गईं। श्रवण ने रेलवे के रिकॉर्ड से टिकट की जानकारी सत्यापित करने की बात कही, लेकिन विवाद जारी रहा। कुछ देर बाद बैग से टिकट मिल भी गया, इसके बावजूद दोनों के बीच कहासुनी नहीं थमी।
घटना का वायरल वीडियो अब रेलवे प्रशासन के लिए भी असहज स्थिति बन गया है। वीडियो में महिला TTE यात्री से स्टेशन से चले जाने की बात कहती सुनाई देती हैं। यात्री जब लखनऊ जाने और ऑनलाइन टिकट बुक कराने की बात करता है तो महिला TTE उसे ‘अंगूठाछाप’ कहती नजर आती हैं। इतना ही नहीं, यात्री की शक्ल से नफरत होने जैसी टिप्पणी और अपनी ताकत दिखाने की बात भी वीडियो में सुनाई दे रही है।
श्रवण कुमार ने वीडियो एक्स पर साझा करते हुए रेलवे अधिकारियों से शिकायत की और कार्रवाई की मांग की। मामला अधिकारियों तक पहुंचने के बाद झांसी रेल मंडल ने तत्काल कदम उठाया। मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह के मुताबिक, यात्रियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार रेलवे की प्राथमिकता है। संबंधित महिला TTE को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।
रेलवे प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि टिकट चेकिंग स्टाफ और यात्रियों के सीधे संपर्क में रहने वाले कर्मचारियों की काउंसलिंग कराई जा रही है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।