

आगरा कैंट, आगरा फोर्ट और ईदगाह रेलवे स्टेशन पर आवाजाही बढ़ी
दिल्ली, मुंबई, जयपुर और लखनऊ जाने वाली ट्रेनों में मारामारी
स्पेशल ट्रेनों की संख्या 44 से बढ़ाकर 93 की गई
बस अड्डों पर अपेक्षाकृत सन्नाटा रहा
Diwali Celebreation End Back to Work : दीपावली का त्योहार समाप्त होते ही अब घरों से महानगरों की ओर वापसी का सिलसिला शुरू हो गया है। हालांकि त्योहार के दूसरे दिन सोमवार को आगरा के बस अड्डों पर यात्रियों की अपेक्षाकृत कम आवाजाही देखने को मिली, लेकिन रेलवे स्टेशनों पर शाम होते-होते यात्रियों का दबाव बढ़ने लगा।
एक ओर आईएसबीटी, ईदगाह,बुद्ध विहार और बिजलीघर बस अड्डों पर सन्नाटा पसरा रहा, वहीं दूसरी ओर आगरा कैंट, आगरा फोर्ट और ईदगाह रेलवे स्टेशन पर दूसरे शहरों की ओर जाने वाले यात्रियों की भीड़ नजर आई।
बस अड्डों पर सोमवार को लंबी दूरी की यात्रा करने वाले कुछ यात्री ही बसों में सवार होते दिखाई दिए। स्थानीय और आसपास के रूटों पर चहल-पहल अपेक्षाकृत कम रही। इसकी एक वजह गोवर्धन पूजा का एक दिन आगे बढ़ना भी मानी जा रही है।
बस अड्डों के उलट रेलवे स्टेशनों पर दीपावली के बाद वापसी करने वाले यात्रियों की अच्छी-खासी भीड़ दिखाई दी। सोमवार शाम से ही आगरा कैंट, आगरा फोर्ट और ईदगाह स्टेशन पर यात्रियों की आवाजाही बढ़ गई। नौकरीपेशा लोगों के साथ बड़ी संख्या में कामगार भी अपने कार्यस्थलों की ओर लौटते नजर आए। दिल्ली, मुंबई, जयपुर, लखनऊ सहित अन्य शहरों की ओर जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों का दबाव अधिक रहा।
दरअसल, दीपावली पर बड़ी संख्या में लोग अपने परिवार के साथ त्योहार मनाने के लिए आगरा और आसपास के जिलों में पहुंचे थे। अब छुट्टियां समाप्त होने के साथ ही उनकी वापसी शुरू हो गई है। इसके चलते नियमित ट्रेनों के साथ-साथ त्योहारी स्पेशल ट्रेनों में भी यात्रियों की भीड़ दिखाई दे रही है।
यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के इंतजाम किए हैं। जीआरपी, आरपीएफ और रेलवे स्टाफ की तैनाती की गई है।
आगरा कैंट स्टेशन पर बनाए गए होल्डिंग एरिया में भी यात्रियों को बैठाया जा रहा है, ताकि प्लेटफार्मों पर अनावश्यक भीड़ एकत्र न हो और किसी तरह की अफरा-तफरी की स्थिति पैदा न हो।
उत्तर मध्य रेलवे के आगरा रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी संजय गौतम ने 'नवभारत' को बताया कि दीपावली और छठ पूजा के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए त्योहारी स्पेशल ट्रेनों की संख्या बढ़ाई गई है। पहले जहां 44 स्पेशल ट्रेनें संचालित की जा रही थीं, वहीं अब इनकी संख्या बढ़ाकर 93 कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि छठ पूजा के दौरान यदि यात्रियों का दबाव और अधिक बढ़ता है तो जरूरत के अनुसार कुछ और स्पेशल ट्रेनें भी बढ़ाई जा सकती हैं। रेलवे प्रशासन का प्रयास है कि त्योहार के बाद घर लौटने वाले यात्रियों को आवागमन में कम से कम परेशानी का सामना करना पड़े।