Hapur Electricity Wire Theft Gang Arrested: गढ़मुक्तेश्वर में सोमवार देर रात पुलिस की बिजली के तार चोरी करने वाले गैंग से मुठभेड़ हो गई। स्याना-बहादुरगढ़ मार्ग पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक आटो लोडर को रोकने की कोशिश की। इसी दौरान आरोपियों ने फायरिंग कर दी। पुलिस के मुताबिक, उसमें सवार बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी। पुलिस ने दोनों घायलों समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
सीओ गढ़मुक्तेश्वर राहुल यादव ने बताया कि क्षेत्र में लगातार बिजली के तार चोरी होने की शिकायतें मिल रही थीं। पुलिस इस गैंग की तलाश में जुटी थी। सोमवार रात करीब 12 बजे कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह बिष्ट टीम के साथ स्याना-बहादुरगढ़ मार्ग पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने एक आटो लोडर को रुकने का इशारा किया।
पुलिस के अनुसार, आटो लोडर रुकने के बजाय उसमें बैठे बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक बाल-बाल बच गए। पुलिसकर्मियों ने अपनी जान बचाते हुए जवाबी फायरिंग की। इसमें दो बदमाशों के पैर में गोली लगी। पुलिस ने घेराबंदी कर तीसरे आरोपी को भी पकड़ लिया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान सुरेंद्र उर्फ सुंदर निवासी नंगला आलमपुर, बुलंदशहर, दीपक निवासी शाहपुर चौधरी, गढ़मुक्तेश्वर और शेरू उर्फ जयदीप निवासी हर्ष विहार, साहिबाबाद, गाजियाबाद के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से करीब 6 क्विंटल बिजली के तार, एक आटो लोडर, अवैध हथियार, कारतूस और तार चोरी करने के औजार बरामद किए हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने गढ़मुक्तेश्वर, बहादुरगढ़ और बाबूगढ़ क्षेत्र में बिजली के तार चोरी की कई घटनाओं में शामिल होना कबूल किया है। इन मामलों में एंटी पावर थेफ्ट थाने में पहले से केस दर्ज हैं।
सीओ ने बताया कि पकड़े गए आरोपी शातिर अपराधी हैं। सुरेंद्र के खिलाफ अलग-अलग जिलों में 41 मुकदमे, शेरू के खिलाफ 19 और दीपक के खिलाफ 6 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें बिजली के तार चोरी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट के मामले शामिल हैं। पुलिस अब आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड खंगालने के साथ गैंग के अन्य सदस्यों और चोरी के नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है।
मामले की जानकारी देते हुए क्षेत्राधिकारी गढ़मुक्तेश्वर ने बताया कि नाकाबंदी और चेकिंग के दौरान 14 सितंबर को गढ़-स्याना रोड पर चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध ऑटो लोडर को रोकने का इशारा करने पर बदमाशों ने उतरकर पुलिस पर जानलेवा फायरिंग की। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई फायरिंग में 2 बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हुए और 1 अन्य गिरफ्तार हुआ।डीएसपी गढ़मुक्तेश्वर राहुल कुमार
जनपद हापुड़ के थाना गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में गश्त व चेकिंग के दौरान पुलिस और चोर गिरोह के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस टीम द्वारा गढ़-स्याना रोड पर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग के लिए नाकाबंदी की गई थी, तभी एक संदिग्ध ऑटो लोडर को रोकने का इशारा किया गया। वाहन पर सवार बदमाशों ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। पुलिस की आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग में 2 शातिर बदमाश पैरों में गोली लगने से घायल हो गए, जबकि 1 अन्य साथी को भी मौके से पकड़ लिया गया।
घटनास्थल और बदमाशों के कब्जे से पुलिस ने भारी मात्रा में चोरी का सामान, वाहन और अवैध हथियार बरामद किए हैं। मौके पर हरे रंग का एक ऑटो लोडर रजिस्ट्रेशन नंबर UP 14 AFT 7051 बरामद हुआ, जिसके पिछले हिस्से में लगभग 14 बंडलों में बंधे हुए विद्युत HT लाइन के तार रखे थे, जिनका कुल वजन लगभग 6 कुंतल है। इसके अलावा, तारों को काटने में इस्तेमाल होने वाले लंबे हैंडल वाले कटर बोल्ट कटर और उपकरण, 315 बोर के 2 अवैध तमंचे, 2 जिंदा कारतूस और 2 खोखा कारतूस भी पुलिस ने बदमाशों से बरामद किया हैं।
पकड़े गए बदमाशों की पहचान सुरेंद्र उर्फ सुंदर निवासी ग्राम नगला आलमपुर, थाना खानपुर, जनपद बुलंदशहर, दीपक निवासी ग्राम शाहपुर चौधरी, थाना गढ़मुक्तेश्वर, हापुड़ और शेरू उर्फ जयदीप चौधरी निवासी किठौर, मेरठ व हाल निवासी साहिबाबाद, गाजियाबाद के रूप में हुई है। ये तीनों बदमाश बेहद शातिर व अभ्यस्त अपराधी हैं, जिनके खिलाफ बुलंदशहर, गाजियाबाद और हापुड़ में करीब 60 से ज्यादा संगीन मामले दर्ज हैं। मुख्य अभियुक्त सुरेंद्र पर 40 से अधिक तथा शेरू पर 19 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें विद्युत अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट जैसी धाराएं शामिल हैं।