Hafizpur Village Fire Shanties Burnt: ग्रेटर नोएडा के दनकौर थाना क्षेत्र में सोमवार को हाफीजपुर गांव स्थित झुग्गी-झोपड़ी बस्ती में अचानक भीषण आग लग गई। इससे इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। इस हादसे में करीब 20 से ज्यादा झोपड़ियां आग की चपेट में आ गईं। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पहुंचकर बचाव कार्य किया।
इस हादसे में आग की लपटों से आसपास के इलाके में धुएं का गुबार फैल गया। इससे लोग दहशत में आ गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग लगने के दौरान झुग्गियों में रह रहे लोगों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। तेजी से आग फैलने के कारण लोग अपना सामान भी सुरक्षित नहीं निकाल पाए। इससे कई परिवारों का घरेलू सामान, कपड़े और रोजमर्रा की जरूरत का सामान जलकर राख हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी भयावह थी कि कुछ ही मिनटों में एक के बाद एक झोपड़ियां जलने लगीं। स्थानीय लोगों ने शुरुआती स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू पाना संभव नहीं हो सका। इसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने मोर्चा संभाला और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
हादसे की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि आज थाना दनकौर क्षेत्र के ग्राम हाफीजपुर स्थित झुग्गी-झोपड़ी में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। मौके पर करीब 20-25 झोपड़ियों में आग लगी हुई पाई गई। फायर ब्रिगेड की टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए आग को पूरी तरह बुझा दिया गया।
ये भी पढ़ें- NTA ने सबक नहीं सीखा! NEET-UG परीक्षा को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने लगाई फटकार, CBI-NTA-केंद्र सरकार से मांगा जवाब
राहतभरी बात यह रही कि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। प्रशासन द्वारा इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के साथ हादसे में प्रभावित परिवारों की मदद के लिए आवश्यक कदम उठाने की बात कही गई। अभी तक बस्ती में आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। प्राथमिक जांच में शॉर्ट सर्किट या किसी ज्वलनशील सामग्री से आग की आशंका जताई जा रही है।