

Nagpur Golibar Chowk Cylinder Blast: नागपुर शहर के गोलीबार चौक स्थित एक दुकान में आग लग गई। सूचना मिलने पर दमकल विभाग के कर्मी मौके पर पहुंचे, दमकल जवानों द्वारा आग पर काबू पाने के दौरान दुकान में रखा गैस सिलेंडर ब्लास्ट हो गया। ब्लास्ट होते ही इलाके में भगदड़ मच गई। इस हादसे में दमकल विभाग के जवानों की जान बाल-बाल बच गई। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। आग में जलकर दुकान पूरी तरह राख हो गई, मिली जानकारी के अनुसार गोलीबार चौक के पास एक बिरयानी की दुकान मौजूद है। शनिवार सुबह करीब 8।30 बजे दुकान में अचानक आग लग गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही गंजीपेठ और सुगतनगर फायर स्टेशन से फायरब्रिगेड को घटनास्थल की ओर रवाना किया गया। अग्निशमन अधिकारी कावड़कर, बीडी जाधव, फायरमैन तायडे और बांते सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। जवानों ने पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने का कार्य शुरू किया।
जवान सावधानी बरतते हुए आग पर काबू पा रहे थे। तभी आग ने दुकान में रखे सिलेंडर को अपनी चपेट में ले लिया। जोरदार धमाके के साथ सिलेंडर ब्लास्ट हुआ। धमाके के बाद भगदड़ मच गई। ब्लास्ट के कारण आग कई गुना बढ़ गई। घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद जवानों ने आग पर काबू पा लिया। गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
देर रात गड्डीगोदाम चौक के पास स्थित एक गैरेज में भी आग लगने की घटना हुई। जानकारी के अनुसार संबंधित गैरेज में एक ऑटो रिपेयरिंग के लिए खड़ा था। ऑटो के पास पड़े कचरे में आग लग गई। आग फैली और ऑटो को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।
स्नाला ग्राम पंचायत ऑफिस में आग लग गई। आग से जरूरी सरकारी रिकॉर्ड, डॉक्यूमेंट्स और कम्प्यूटर सिस्टम नष्ट हो गए है। जिससे एडमिनिस्ट्रेशन में हलचल मच गई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, बार-बार बिजली जाने के कारण रिकॉर्ड रूम में इलेवट्रिक बोर्ड में शॉर्ट सर्किट हो गया। इसके बाद आसग तेजी से फैल गई, कुछ ही पल में आग ने टेबल पर रखी फाइलों और जरूरी डॉक्यूमेंट्स को अपनी चपेट में ले लिया, ऑफिस के स्टाफ ने तुरंत आग बुझाने की कोशिश की। आग की सूचना मिलने पर वैरखेड़ा और कामठी से फायर ब्रिगेड की गाड़िया मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक बहुत नुकसान हो चुका था।
शनिवार की दोपहर एक कबाड़ की दुकान में भी आग लगने की घटना सामने आई। राहुलनगर, वर्धा रोड पर एक कबाड़ की दुकान मौजूद है। दोपहर करीब 4 बजे दुकान में अचानक आग लग गई।
कबाड़ भरा होने के कारण आग तेजी से फैली और पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया, आनन-फानन में दमकल विभाग की जानकारी दी गई। सूचना मिलने पर नरेंद्र फायर स्टेशन के दमकल जवान मौके पर पहुंचे। घंटेभर की मशक्कत के बाद जवानों ने आग पर काबू पा लिया।