International Yoga Day Mathura: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार को गणेशरा स्टेडियम में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण, विधायक श्रीकांत शर्मा, जिलाधिकारी सी.पी. सिंह सहित सैकड़ों गणमान्य नागरिकों, अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं योग प्रेमियों ने सहभागिता कर सामूहिक योगाभ्यास किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में उपस्थित लोगों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया। कार्यक्रम में युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
यह भी पढ़ें- Yoga Day: आखिर 21 जून को ही क्यों मनाया जाता है योग दिवस? इसके पीछे का यह सच बहुत कम लोग जानते हैं!
विधायक श्रीकांत शर्मा ने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक शांति, आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा का भी स्रोत है। उन्होंने कहा कि योग के प्रति लोगों की बढ़ती जागरूकता समाज के लिए शुभ संकेत है।
कार्यक्रम के दौरान पूरे स्टेडियम में उत्साह, अनुशासन और ऊर्जा का वातावरण देखने को मिला। अंत में अतिथियों ने योग प्रशिक्षकों एवं आयोजन से जुड़े सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया तथा योग को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।