सड़क दुर्घटना (सोर्स: सोशल मीडिया)
गोरखपुर

विजयदशमी की खुशियों पर छाया मौत का मातम, गोरखपुर में सड़क हादसों ने उजाड़े तीन परिवार

Gorakhpur Accidents: विजयदशमी के मौके पर तीन अलग-अलग दुर्घटनाओं में कई लोगों की मौत हो गई थी। त्योहार के दिन हुई इन मौतों से घरों में मातम छ गया। घायलों का उपचार जारी है और पुलिस मामले की जांच कर रही।

नमिता प्रजापति

Highlights:

  • कैंपियरगंज में ट्रैक्टर की चपेट में आने से चार वर्षीय मासूम की मौत

  • सिकरीगंज में बाइक-ऑटो की भिड़ंत में युवक ने गंवाई जान

  • बड़हलगंज में तेज रफ्तार बाइक ने ली छात्रा की जिंदगी

Road Accidents In Gorakhpur: विजयदशमी पर जहां शहर से लेकर गांवों तक उत्सव और उल्लास का माहौल था, वहीं जिले के अलग-अलग इलाकों में हुए सड़क हादसों ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। मंगलवार को तीन अलग-अलग दुर्घटनाओं में चार वर्षीय मासूम समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। कहीं ट्रैक्टर की चपेट में आकर बच्चे की जिंदगी थम गई, तो कहीं बाइक और ऑटो की टक्कर ने युवक की जान ले ली। बड़हलगंज में तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से 17 वर्षीय छात्रा की मौत हो गई। त्योहार के बीच हुए इन हादसों से मृतकों के परिवारों में मातम पसर गया।

ट्रैक्टर की चपेट में आया चार साल का दिव्यांश

कैंपियरगंज क्षेत्र के जंगल बब्बन गांव के तिलहवा टोला निवासी उमेश के परिवार पर मंगलवार शाम दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। उनके चार वर्षीय बेटे दिव्यांश को शाम करीब छह बजे तिलहवा चौराहे पर एक ट्रैक्टर ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कैंपियरगंज लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत से परिवार में चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों का आरोप है कि हादसे के वक्त ट्रैक्टर एक नाबालिग चला रहा था। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि के लिए पुलिस जांच कर रही है। दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर पुलिस के कब्जे में है।

बाइक और ऑटो की भिड़ंत में युवक की मौत

सिकरीगंज थाना क्षेत्र के बनकटी गांव में यूएस सेंट्रल एकेडमी के सामने बाइक और ऑटो की टक्कर में बारीगांव निवासी बलजीत विश्वकर्मा की जान चली गई। बलजीत उरुवां बाजार में बाइक मरम्मत का काम करते थे। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

बताया गया कि ऑटो में सवार लोग दुर्गा प्रतिमाओं के दर्शन के लिए जा रहे थे। दुर्घटना में सूरज के परिवार के बच्चों समेत कई लोग घायल हो गए। सूरज के दोनों पैर फ्रैक्चर हो गए, जबकि प्रिंस और पंकज की हालत नाजुक बताई गई। गंभीर रूप से घायल लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद गोरखपुर रेफर कर दिया गया।

तेज रफ्तार पल्सर की टक्कर से मौत

बड़हलगंज विकास खंड के गायघाट गांव में मंगलवार रात करीब आठ बजे एक और दर्दनाक हादसा हुआ। कावेरी देवी महिला विद्यालय के सामने तेज रफ्तार पल्सर बाइक ने विजय पाल की 17 वर्षीय बेटी जानकी पाल को टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल जानकी को सीएचसी बड़हलगंज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

हादसे में शामिल बाइक का नंबर UP 50 CR 6494 बताया गया है। पुलिस बाइक चालक की तलाश में जुटी है।

तीनों हादसों ने त्योहार की खुशियों के बीच मातम फैला दिया। जिन घरों में विजयदशमी पर उत्सव का माहौल था, वहां अपनों को खोने का दर्द छा गया।

रिपोर्ट: अनुराग मिश्रा

बढ़ते प्रदूषण के बाद दिल्ली में लागू हुआ Grap 1, किन चीजों पर रहेगी पाबंदी?

कौन हैं IPS अंकिता शर्मा? दशहरे पर AK-47 से फायरिंग कर चर्चा में आईं ‘लेडी सिंघम’, जानें पूरी बायोग्राफी

तकनीक की दुनिया में कायम की बादशाहत! थॉमस एडिसन की वो कोशिश जो आज भी हमारे घरों को कर रखा है रौशन

सौरव दास और आशुतोष रांका मुझसे बेहतर लीडर, CJP नेता अभिजीत दीपके का बड़ा बयान

आप जेन-जी नहीं... दिल्ली HC में सौरव दास और आशुतोष रांका की याचिका पर सुनवाई, कोर्ट ने उम्र पूछकर लताड़ा