

Highlights:
अखिलेश यादव ने जारी किया ‘वोट की डकैती का पर्दाफाश’ किताब
एक व्यक्ति के नाम पर कई वोट दर्ज होने के आरोप
परिवार के साथ सपा में शामिल हुए भवानी भीख शुक्ला
चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर उठाए सवाल
Akhilesh Yadav Allegations Vote Chori On BJP: समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश के अगले चुनाव में वोट चोरी के मुद्दे को अपना प्रमुख हथियार बनाने की मुहिम शुरू कर दी है। दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त और वोट चोरी के सवाल पर इंडिया गठबंधन और सीजेपी के विरोध प्रदर्शन के बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने वोट चोरी पर चुनाव आयोग और बीजेपी को निशाना बनाते हुए 'वोट की डकैती का पर्दाफाश' शीर्षक से एक किताब जारी की है और इस किताब की बात को कार्यकर्ताओं के जरिए बूथ स्तर तक ले जाने की घोषणा की है।
लखनऊ में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव ने कहा, उनकी पार्टी की ओर से 100 विधानसभा क्षेत्रों में शिकायतें की गई हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अपने समर्थकों के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के साथ यह भी सुनिश्चित करें कि किसी योग्य मतदाता का नाम गलत तरीके से न हटाया जाए। उन्होंने 17 और 24 तारीख को इस संबंध में महत्वपूर्ण बताया।अखिलेश यादव ने मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी का मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया कि एक व्यक्ति के नाम पर कई वोट दर्ज किए जा रहे हैं। इस पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि एक वोट व्यक्ति डालेगा और नौ वोट भाजपा डालेगी।
उन्होंने नंदलाल निषाद का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्हें सामने लाने के लिए एक लाख रुपये का पुरस्कार रखा गया था, लेकिन वह खुद सामने आ गए। अखिलेश ने दावा किया कि उन्हें दस्तखत करना भी नहीं आता। इसके अलावा उन्होंने विकास यादव और शंभू शंकर शर्मा के नामों का जिक्र करते हुए मतदाता सूची की प्रक्रिया पर सवाल खड़े किए।
सपा अध्यक्ष के मुताबिक, उनकी पार्टी की ओर से 100 विधानसभा क्षेत्रों में शिकायतें की गई हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अपने समर्थकों के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के साथ यह भी सुनिश्चित करें कि किसी योग्य मतदाता का नाम गलत तरीके से न हटाया जाए। उन्होंने 17 और 24 तारीख को इस संबंध में महत्वपूर्ण बताया।
अखिलेश यादव ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की साख खत्म हो चुकी है और आरोप लगाया कि कई मौकों पर आयोग भाजपा के साथ खड़ा दिखाई दिया।
इस दौरान उन्होंने कुंदरकी उपचुनाव का भी जिक्र किया और वहां चुनाव में धांधली होने का आरोप लगाया। अखिलेश ने कहा कि पीडीए परिवार का कोई व्यक्ति चुनाव ड्यूटी में नहीं है। उन्होंने निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) के स्तर पर प्रतिनिधित्व को लेकर भी सवाल उठाए।
सपा अध्यक्ष ने भाजपा पर फर्जी वोट जुड़वाने, विपक्षी मतदाताओं के नाम कटवाने, ईवीएम में गड़बड़ी कराने और हारे हुए प्रत्याशियों को जीत का प्रमाणपत्र दिलाने की कोशिश करने जैसे आरोप लगाए। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश यादव ने लखनऊ के इकाना स्टेडियम और कैंसर अस्पताल के नामकरण का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि इकाना स्टेडियम का नाम अटल बिहारी वाजपेयी और कैंसर अस्पताल का नाम कल्याण सिंह के नाम पर रखा गया है।
लोक भवन में अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का जिक्र करते हुए अखिलेश ने तंज किया कि वहां अटल जी अकेले बोर हो रहे हैं।
सपा अध्यक्ष ने बैंक शाखाओं के विस्तार का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी सरकार के समय छह हजार बैंक शाखाएं खुलवाने की बात पर लोगों ने भरोसा नहीं किया था, लेकिन एक दिन में 300 शाखाएं खोलने का रिकॉर्ड बना।
उन्होंने उत्तर प्रदेश से इलाहाबाद बैंक के चले जाने और त्योहारों के मौसम में एक और बैंक के जाने का भी उल्लेख किया। इस मुद्दे के जरिए उन्होंने प्रदेश में बैंकिंग सुविधाओं और बैंक शाखाओं की स्थिति पर सवाल उठाए।
गोंडा जिले के कटरा बाजार क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियों के बीच ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि और जिला पंचायत सदस्य भवानी भीख शुक्ला समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए। उन्हें पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह का करीबी माना जाता है।
भवानी भीख शुक्ला ने अपने बेटों भगवान शुक्ला, कृष्ण भगवान शुक्ला, शिव भगवान शुक्ला, विष्णु भगवान शुक्ला और शंकर भगवान शुक्ला के साथ सपा की सदस्यता ग्रहण की। अखिलेश यादव ने सभी को पार्टी की सदस्यता दिलाई।
रिपोर्ट- इशांक दीक्षित