एम्स थाना पुलिस ने आपराधिक साजिश के आरोप में 5 आरोपियों को किया अरेस्ट
सपा की रथयात्रा में बच्चे की मौत का मामले में इस्तेमाल जेसीबी पुलिस ने की बरामद
18 नवंबर गोखरपुर में समाजवादी पार्टी की पीडीए रथयात्रा के दौरान हुआ था हादसा
PDA Rath Yatra Incident 5 Accused Arrested: PDA रथयात्रा हादसा में एक बड़ा मोड़ आया है। इस मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इसमें जेसीबी चालक समेत चार को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही जेसीबी को भी बरामद किया गया है। गोरखपुर पुलिस की रिमांड अर्जी स्वीकार करते हुए न्यायालय ने 5 अभियुक्तों विनोद, नरसिंह, राहुल, विरेन्द्र व शिवांग को न्यायिक हिरासत में भेजा है।
शुक्रवार को एसीजेएम ज्ञानेंद्र कुमार की अदालत ने अभियुक्तों की 14 दिनों की न्यायिक रिमांड स्वीकार करते हुए उन्हें जेल भेजने का आदेश दिया। सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या के गंभीर आरोप में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
घटना को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दोषियों को चिह्नित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसके बात मामले की जांच के सिलसिले में पुलिस ने स्वागत कार्यक्रम में मौजूद समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के घरों पर रातभर दबिश दी।
कई ठिकानों पर पुलिस पहुंची, जबकि कुछ सपा नेताओं को पूछताछ के लिए रात में एम्स थाने भी लाया गया था। घटना के बाद से ही पुलिस प्रशासन की कार्रवाई और राजनीतिक दलों की भूमिका चर्चा के केंद्र में है।
गोरखपुर में अखिलेश यादव की PDA यात्रा के दौरान JCB की चपेट में आने से भाजपा नेता ओंकार सिंह श्रीनेत के 14 वर्षीय बेटे आर्यवर्धन सिंह की मौत हो गई। हादसा एयरपोर्ट से महज डेढ़ किलोमीटर दूर कूड़ाघाट स्थित महादेव झारखंडी गेट के सामने हुआ। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतर आए।
आर्यवर्धन 10वीं कक्षा का छात्र था। मृतक के पिता ओंकार सिंह श्रीनेत भाजपा के जिला सह-संयोजक, चुनाव आयोग संपर्क विभाग हैं। बच्चे की मौत की खबर के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ ने परिजन को 5 लाख की आर्थिक मदद देने का ऐलान किया था। गुरूवार को सीएम ने दो दिवसीय गोरखपुर दौरे के दौरान मृतक के परिवार से भी मिले थे।