अखिलेश यादव (सोर्स: नवभारत लाइव)
गोरखपुर

2027 का सियासी संदेश लिए योगी के गढ़ पहुंचे अखिलेश, गोरखपुर में स्पेन-वेनिस के बहाने सरकार को घेरा

Akhilesh Yadav PDA Rath Yatra: अखिलेश ने चौरीचौरा के ऐतिहासिक महत्व का जिक्र करते हुए कहा कि जब देश गुलामी की बेड़ियों में था, तब चौरीचौरा की धरती भी आजादी के संघर्ष में अपनी भूमिका निभा रही थी।

अनुराग मिश्रा, नमिता प्रजापति

Highlights:

  • PDA रथ के साथ देवकही गांव पहुंचे अखिलेश, सपा कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और नारों के साथ किया जोरदार स्वागत

  • अखिलेश ने स्पेन और वेनिस के बहाने शहर की जलभराव और शहरी व्यवस्थाओं को लेकर भाजपा सरकार को घेरा

  • अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी का नाम लिए बिना उनके बयानों पर भी साधा निशाना

Akhilesh Yadav Chauri Chaura Visit: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की सियासी बिसात बिछने लगी है। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद गोरखपुर पहुंचे।

उनका यह दौरा भले ही शहीद बंधु सिंह की प्रतिमा के अनावरण और एक स्मृति कार्यक्रम में शामिल होने के लिए था, लेकिन इसके राजनीतिक मायने कहीं अधिक बड़े नजर आए। एयरपोर्ट से लेकर चौरीचौरा विधानसभा क्षेत्र के देवकही गांव तक PDA रथ के साथ पहुंचे अखिलेश का सपा कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह फूल-मालाओं और नारों के साथ जोरदार स्वागत किया।

अखिलेश यादव का यह दौरा गोरखपुर की धरती से 2027 के लिए सियासी संदेश देने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। उन्होंने अपने संबोधन में जहां चौरीचौरा के ऐतिहासिक महत्व को याद किया, वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा सरकार पर निशाना साधने का कोई मौका नहीं छोड़ा।

अखिलेश यादव

चौरीचौरा की धरती से इतिहास और सियासत को जोड़ा

देवकही गांव में अखिलेश यादव अजय कुमार सिंह टप्पू की ओर से आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। यहां उन्होंने शहीद बंधु सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया। साथ ही अजय कुमार सिंह टप्पू के बड़े भाई स्वर्गीय विनय कुमार सिंह बिन्नू की दसवीं स्मृति के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया।

अखिलेश ने चौरी चौरा के ऐतिहासिक महत्व का जिक्र करते हुए कहा कि जब देश गुलामी की बेड़ियों में जकड़ा हुआ था, तब चौरीचौरा की धरती भी आजादी के संघर्ष में अपनी भूमिका निभा रही थी। इस धरती पर आकर उन्हें गर्व महसूस हो रहा है।

PDA रथ यात्रा

स्पेन और वेनिस के बहाने योगी सरकार पर तंज

जनसभा में अखिलेश यादव ने गोरखपुर की बुनियादी सुविधाओं और जलभराव के मुद्दे को उठाते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि गोरखपुर आकर ऐसा लग रहा है जैसे वह योग में आ गए हों। वहीं, स्पेन और वेनिस का जिक्र करते हुए उन्होंने भाजपा के विकास के दावों पर सवाल उठाए।

उन्होंने कहा कि कुछ घंटों की बारिश में ही लोगों के घरों में पानी घुस जाता है। भाजपा के झूठे वादों वाला स्पेन और वेनिस क्या यही गोरखपुर है? इस टिप्पणी के जरिए उन्होंने स्थानीय जलभराव और शहरी व्यवस्थाओं को लेकर भाजपा सरकार को घेरने की कोशिश की। उन्होंने गोरखपुर के सांसद रवि किशन पर भी कटाक्ष किया।

PDA रथ यात्रा

मुख्यमंत्री के ज्ञान पर भी कसा तंज

अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का नाम लिए बिना उनके बयानों पर भी निशाना साधा। उन्होंने बंगाल चुनाव के संदर्भ में 'तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आजादी दूंगा' नारे का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश के मुखिया का ज्ञान इतना है कि वह इस नारे को स्वामी विवेकानंद से जोड़ देते हैं। उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में मुख्यमंत्री को वाचस्पति की श्रेणी का ज्ञानी भी बताया।

PDA रथ यात्रा

योगी के गढ़ में PDA को मजबूत करने की कोशिश

राजनीतिक दृष्टि से अखिलेश यादव का यह दौरा केवल एक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहा। PDA रथ के जरिए एयरपोर्ट से देवकही तक कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचना और रास्ते भर मिला उत्साह सपा के लिए राजनीतिक ऊर्जा का संकेत है। गोरखपुर पूर्वांचल की राजनीति का महत्वपूर्ण पावर सेंटर है और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का गृह जनपद होने के कारण यहां से दिया गया हर राजनीतिक संदेश खास मायने रखता है।

अखिलेश यादव ने अपने संबोधन में भाजपा को चुनौती देते हुए कहा कि यदि आज चुनाव हो जाए तो काशी का डबल जीरो गोरखपुर में भी हो जाएगा। उनका यह बयान सीधे तौर पर भाजपा के मजबूत गढ़ में सेंध लगाने के दावे के रूप में देखा जा रहा है। ऐसे में 2027 से पहले अखिलेश का गोरखपुर दौरा सपा की पूर्वांचल रणनीति और PDA के राजनीतिक विस्तार की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

Kal Ka Mausam: 110 KM की रफ्तार से आगे बढ़ रहा तूफान अक्वान, इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

केट मिडलटन ने मुंबई के मैटरनिटी अस्पताल का किया दौरा, प्रिंस विलियम के बिना पहुंचीं प्रिंसेस ऑफ वेल्स

पहले 2020, फिर 2035, अब 2047...इसके बाद 3000 आएगा! विकसित भारत के लक्ष्य पर राहुल का तंज

लतीफ भट को ढेर किए जाने पर गृह मंत्री अमित शाह ने की सुरक्षा बलों की तारीफ, कहा-ऑपरेशन में बेहतरीन तालमेल दिखा

QUAD समिट में पीएम मोदी ने जमीन से उठाया तिरंगे वाला मार्कर, ट्रंप बोले- सेव इट; VIDEO वायरल