

HIGHLIGHTS
आतंकी लतीफ भट को ढेर किए जाने का मामला
गृह मंत्री अमित शाह ने की सुरक्षा बलों की तारीफ
कहा-ऑपरेशन में बेहतरीन तालमेल दिखा
Latif Encounter In Kulgam: जम्मू-कश्मीर पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ स्थल से मारे गए एक आतंकवादी का शव और एक हथियार बरामद किया गया है। संयुक्त अभियान के दौरान मारे गए इस आतंकवादी की पहचान कुलगाम के खेरवान निवासी मोहम्मद लतीफ भट के रूप में हुई है। मारा गया लतीफ भट लश्कर-ए-तैयबा का कमांडर बताया जा रहा है।
गृह मंत्री अमित शाह ने एक्स पोस्ट में कहा कि जम्मू-कश्मीर पुलिस (जेकेपी), भारतीय सेना, सीआरपीएफ और खुफिया एजेंसियों के आपसी तालमेल से चलाए गए एक ऑपरेशन में आज तड़के कुलगाम में लश्कर के घाटी में मौजूद आखिरी सक्रिय स्थानीय आतंकवादी लतीफ भट को मार गिराया गया।
एक दिन पहले कुलगाम में ही उसके एक साथी आतंकवादी, उमर निसार को भी मार गिराया गया था। इस पूरे ऑपरेशन में बेहतरीन तालमेल देखने को मिला। देश जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना, सीआरपीएफ और खुफिया एजेंसियों के बहादुर जवानों को सलाम करता है।
भाजपा प्रवक्ता अल्ताफ ठाकुर ने कुलगाम में हुए सफल ऑपरेशन की सराहना की है। आईएएनएस से ठाकुर ने कहा कि आतंकवादी कश्मीर की जमीन पर कहीं भी हों, उनके लिए बस एक ही जगह 'मौत और नरक' है।
कुलगाम हमले के बाद सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने आतंकवादियों का पीछा किया, उन्हें खोज निकाला और बहुत कम समय में ही उन्हें घेर लिया। अब तक मिली रिपोर्टों के अनुसार, उन्होंने लश्कर कमांडर लतीफ भट को नरक भेज दिया है।
यह सुरक्षा बलों के लिए एक बड़ी कामयाबी है, क्योंकि आतंकवाद के खिलाफ 'ज़ीरो टॉलरेंस' की यह नीति तब तक जारी रहेगी, जब तक कि जम्मू-कश्मीर की इस जमीन से आखिरी आतंकवादी का भी सफाया नहीं हो जाता। इस कमांडर का खात्मा एक बहुत बड़ी उपलब्धि है।
जेडीयू जम्मू-कश्मीर के अध्यक्ष जी.एम. शाहीन ने कहा कि ये एक बहुत बड़ी कामयाबी है। अभी पूरे 24 घंटे भी नहीं हुए थे कि उसे (लतीफ भट) मार गिराया गया। जैसा कि मैंने कहा था, हमारे सुरक्षा बल जानते हैं कि कैसे जवाब देना है।
जिस तरह उन्होंने हमारे सुरक्षा बलों पर हमला किया था, आज हमारे सुरक्षा बलों ने उसका मुंहतोड़ जवाब दिया है। जम्मू-कश्मीर में ऐसे लोगों के लिए कोई जगह नहीं है, जो पाकिस्तान की सीमा के उस पार से आतंकवाद फैलाते हैं।
कुछ नेताओं द्वारा पाकिस्तान से बात किए जाने की वकालत पर शाहीन ने कहा कि बातचीत ऐसे देश के साथ की जाती है, जहां दोनों पक्ष एक-दूसरे के नजरिए को समझें। जब पाकिस्तान अपनी आतंकी गतिविधियों से बाज नहीं आता, तो बातचीत करने का कोई मतलब नहीं है। फिर भी, भारत सरकार हमसे बेहतर जानती है कि सरकार कैसे चलानी चाहिए और विदेश नीति क्या होनी चाहिए।