पंकज चौधरी, असदुद्दीन ओवैसी, अखिलेश यादव (सोर्स- सोशल मीडिया)
गोरखपुर

अखिलेश ने ओवैसी को बताया ‘सियासत का सौदागर’, पंकज चौधरी बोले- अयोध्या जाने से पहले आईना देखकर आएं

Akhilesh Yadav vs Asaduddin Owaisi: यूपी चुनाव की आहट के बीच राजनीतिक दलों के बीच जुबानी जंग तेज होने लगी। खास बात है कि इस बार सियासी हमलों के लिए नेताओं ने सीधे नाम के बजाय इशारों का सहारा लिया।

अनुराग मिश्रा, रवनेश विश्‍वकर्मा

Highlights:

  • अखिलेश यादव ने शायरी के जरिए असदुद्दीन ओवैसी पर इशारों में निशाना साधा

  • भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने दो सोशल मीडिया पोस्ट से अखिलेश को घेरा

  • अयोध्या दौरे, रामभक्ति और तुष्टीकरण के मुद्दे पर 2027 चुनाव से पहले सियासी बयानबाजी

Pankaj Chaudhary on Akhilesh Yadav: उत्तर प्रदेश में दीपावली का त्योहार भले ही समाप्त हो गया हो, लेकिन प्रदेश की सियासत में आतिशबाजी का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। 2027 के विधानसभा चुनाव की आहट के बीच राजनीतिक दलों के बीच जुबानी जंग तेज होने लगी है। खास बात यह है कि इस बार सियासी हमलों के लिए नेताओं ने सीधे नाम लेने के बजाय इशारों और सोशल मीडिया पोस्ट का सहारा लिया है।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने असदुद्दीन ओवैसी पर बिना नाम लिए निशाना साधा तो दूसरी तरफ यूपी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने भी लगातार दो पोस्ट के जरिए अखिलेश यादव को घेरने की कोशिश की।

'सियासत के खानाबदोश सौदागर' का तंज

अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर एक शायरी साझा करते हुए लिखा, 'ये तो सियासत के खानाबदोश सौदागर कहलाते हैं।' उनकी इस पोस्ट में 'आका', नकली खैरख्वाह और अपने लोगों पर जुल्म के वक्त गायब हो जाने जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया गया है। राजनीतिक गलियारों में इसे एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी पर निशाने के तौर पर देखा जा रहा है।

दरअसल, ओवैसी लगातार मुस्लिम राजनीतिक नेतृत्व और मुस्लिम समाज के राजनीतिक अधिकारों की बात करते रहे हैं। उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश में भी अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने की कोशिश में है। ऐसे में अखिलेश का यह इशारा महज एक सोशल मीडिया पोस्ट नहीं, बल्कि मुस्लिम मतदाताओं के बीच नेतृत्व और राजनीतिक प्रतिनिधित्व को लेकर चल रही खींचतान का संकेत भी माना जा सकता है। सपा के परंपरागत मुस्लिम वोट बैंक में किसी भी तरह की सेंधमारी अखिलेश के लिए राजनीतिक चुनौती बन सकती है।

पंकज चौधरी के दो पोस्ट, अखिलेश के अयोध्या दौरे पर तंज

दूसरी तरफ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी भी सियासी मोर्चे पर आक्रामक नजर आए। उन्होंने लगातार दो पोस्ट साझा कर अखिलेश यादव पर निशाना साधा। पहली पोस्ट में रामभक्ति का स्वांग रचने और तुष्टीकरण के तराजू में खुद को तौलने की बात कही। वहीं दूसरी पोस्ट में उन्होंने मंदिर जाने से पहले अपनी सियासत का आईना देखने और अयोध्या की ओर रुख करने से पहले तुष्टीकरण की राजनीति से तौबा करने का तंज कसा। इन टिप्पणियों को अखिलेश यादव के प्रस्तावित अयोध्या दौरे से जोड़कर देखा जा रहा है।

2027 की पटकथा में ध्रुवीकरण का कितना होगा असर?

इन दोनों राजनीतिक घटनाक्रमों को एक साथ रखकर देखें तो उत्तर प्रदेश की 2027 की चुनावी राजनीति की एक तस्वीर उभरती दिखाई देती है। एक तरफ सपा अपने परंपरागत मुस्लिम मतदाताओं के बीच राजनीतिक नेतृत्व की चुनौती से जूझती नजर आ रही है, तो दूसरी तरफ भाजपा रामभक्ति, तुष्टीकरण और अयोध्या जैसे मुद्दों के जरिए विपक्ष को घेरने की रणनीति पर आगे बढ़ती दिख रही है।

सवाल यह है कि क्या 2027 का चुनाव एक बार फिर धार्मिक पहचान, राजनीतिक ध्रुवीकरण और वोट बैंक की लड़ाई के इर्द-गिर्द सिमटेगा? फिलहाल नेताओं की सोशल मीडिया पोस्ट यही संकेत दे रही हैं कि चुनावी बिगुल बजने से पहले ही मुद्दों और मतदाताओं को साधने की कवायद शुरू हो चुकी है। दीपावली के बाद की यह सियासी आतिशबाजी आने वाले दिनों में और तेज होने के आसार हैं।

'राम मंदिर कभी नहीं जाऊंगा', कीर्ति आजाद बोले- भगवान राम ने मां सीता का परित्याग किया, देखें वीडियो

असम में पटरी से कैसे उतरी कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस? लोको पायलट से हुई चूक, जान लें प्रभावित ट्रेनों की लिस्ट

8th Pay Commission: 1,000 से बढ़कर 3,000 रुपए होगी EPS की रकम! घर बैठे ऐसे कैलकुलेट करें अपनी नई ग्रॉस सैलरी

पंजाब के संगरूर में बड़ा हादसा, CM आवास के पास ओवरब्रिज से टकराकर पलटी बस, 3 की मौत, 12 से ज्यादा घायल

बंकर रॉय कौन थे? जिन्होंने गांव की अनपढ़ महिलाओं और दादियों को इंजीनियर बनाया