पूर्व आईएएस दिव्या मित्तल (सोर्स- सोशल मीडिया)
उत्तर प्रदेश

राजनीति में कदम रखेंगी पूर्व IAS दिव्या मित्तल, VIDEO जारी कर किया ऐलान, बताया किस पार्टी में होंगी शामिल

Divya Mittal Politics: पूर्व IAS अधिकारी दिव्या मित्तल ने राजनीति में आने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि किसी पार्टी में शामिल नहीं होंगी और यूपी से स्वतंत्र राजनीतिक मंच बनाने की शुरुआत करेंगी।

अक्षय साहू

Former IAS Divya Mittal Join Politics: उत्तर प्रदेश की चर्चित पूर्व आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने प्रशासनिक सेवा छोड़ने के बाद अब राजनीति में कदम रखने जा रही हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो डालकर इस बात की घोषणा की। उन्होंने कहा कि अब वह राजनीति में आएंगी। उनका उद्देश्य  आम जनता के साथ मिलकर एक ऐसा राजनीतिक मंच खड़ा करना है, जिसका आधार लोगों के सवाल और समस्याएं हों।  

यूपी कैडर की पूर्व आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने हाल ही में प्रशासनिक सेवा छोड़ने का ऐलान करते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद से ही लोग जानना चाहते थे कि अब वह आगे क्या करेंगी, किसके साथ जाएंगी? दिव्या ने वीडियो जारी करते हुए कहा कि सवालों के जवाब देने में उन्हें समय लग गया, क्योंकि वह खुद भी इस नए रास्ते के लिए तैयारी कर रही थीं।

किस पार्टी में शामिल हुई दिव्या मित्तल? 

दिव्या मित्तल ने अपने वीडियो में साफ किया है कि वह किसी भी पार्टी में शामिल नहीं होंगी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश उनके लिए सिर्फ एक कार्यस्थल नहीं रहा, बल्कि यहां के लोगों ने उन्हें परिवार का हिस्सा माना। उन्होंने कहा कि मैं उत्तर प्रदेश में एक अधिकारी के तौर पर आई थी, यहां के लोगों ने मुझे बेटी की तरह अपनाया। इसलिए मैं चाहती हूं कि अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत यहीं से करूं।

पूर्व आईएएस अधिकारी ने उत्तर प्रदेश के इतिहास और सामाजिक बदलावों का जिक्र करते हुए कहा कि इस प्रदेश ने कई मौकों पर देश को दिशा दी है। दिव्या मित्तल ने लोगों से कहा कि वे किसी एक व्यक्ति को मसीहा मानकर इंतजार न करें। उन्होंने कहा कि बदलाव की शुरुआत लोगों को खुद करनी होगी। 

लोगों की आवाज बनना मकसद

दिव्या मित्तल ने कहा कि उनके लिए राजनीति किसी पद तक पहुंचने का माध्यम नहीं होगी। उन्होंने कहा कि उन्हें लोगों की आवाज बनना है। जिनकी बात सरकारी दफ्तरों तक नहीं पहुंच पाती और पहुंचने के बाद भी कई बार सुनी नहीं जाती। दिव्या ने कहा कि देश की आजादी के इतने साल के बाद भी कई बुनियादी समस्याएं मौजूद हैं और वह 80 साल से चली आ रही इन समस्याओं का जवाब चाहती हैं। 

वीडियो में उन्होंने अपने प्रशासनिक कार्यकाल के कई अनुभवों का उल्लेख किया। दिव्या मित्तल ने मिर्जापुर के लहुरियादह इलाके की एक महिला से हुई मुलाकात का उदाहरण दिया। उन्होंने बताया कि वह पहाड़ी इलाके में पानी पहुंचाने के काम का निरीक्षण कर रही थीं। इसी दौरान एक महिला उनके पास आई और उसने अपनी समस्या बताई। उन्होंने कहा कि मुझे उम्मीद थी कि महिला पेंशन, आवास या पानी जैसी किसी सुविधा की मांग करेगी, लेकिन उसने गांव में स्कूल की अगली कक्षा शुरू कराने की मांग की। महिला ने बताया कि गांव में स्कूल केवल पांचवीं कक्षा तक है और उसके बाद बच्चों की पढ़ाई आगे जारी रखने में बड़ी परेशानी होती है। दिव्या मित्तल ने वीडियो में कई और मुद्दों को लेकर भी बात की। 

इस्तीफे पर विपक्ष ने सरकार पर उठाए थे सवाल  

दिव्या मित्तल के इस्तीफे को लेकर विपक्ष ने सरकार पर जमकर हमला बोला था। उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा था कि दिव्या मित्तल को फील्ड से हटाकर राजस्व विभाग में तैनात किया गया और इसके बाद उन्होंने इस्तीफा दे दिया। उन्होंने यह भी दावा किया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में 2017 के बाद अब तक 13 आईएएस अधिकारियों ने इस्तीफा दिया या वीआरएस लिया है। वहीं उन्होंने सवाल उठाया कि अगर वरिष्ठ अधिकारी ही संविधान और नियमों के अनुरूप अपनी योग्यता के मुताबिक काम नहीं कर पाएंगे तो छोटे अधिकारियों और कर्मचारियों पर पड़ने वाले राजनीतिक दबाव की स्थिति क्या होगी?

इसके साथ ही अजय राय ने प्रशासनिक सेवा की निष्पक्षता को लोकतंत्र के लिए बेहद जरूरी बताया। उन्होंने कहा, भारतीय प्रशासनिक सेवा का अधिकारी किसी राजनीतिक दल के लिए नहीं बल्कि संविधान और जनता के लिए काम करता है। उन्होंने केंद्र सरकार से मामले में हस्तक्षेप करने की मांग करते हुए कहा कि अधिकारियों के अनुभव और क्षमता का इस्तेमाल जनता के हित में होना चाहिए। साथ ही ईमानदार अधिकारियों का सम्मान बनाए रखने की जरूरत पर जोर दिया।

13 साल की IAS सेवा हुई खत्म

दिव्या मित्तल 2013 बैच की यूपी कैडर की IAS अधिकारी थीं। उन्होंने 30 अगस्त को प्रशासनिक सेवा से इस्तीफा देने का ऐलान किया था। उन्होंने इस्तीफा देते समय निजी कारणों, पारिवारिक प्राथमिकताओं और जीवन के नए लक्ष्यों का हवाला दिया था। केंद्र सरकार ने भी उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया था, जो 15 सितंबर को प्रभावी हो गया। अब दिव्या मित्तल ने राजनीति में कदम रखने का ऐलान किया था।

देश के कई हिस्सों में NIA की ताबड़तोड़ कार्रवाई; असम, बंगाल और केरल में तलाशी अभियान जारी

चुनाव आयोग को घेरने की तैयारी में जुटी कांग्रेस, आज CWC की बैठक बुलाई; आगे की रणनीति पर मंथन

तुम्हारे बाप का देश नहीं है...थप्पड़ कांड मामले में प्रवेश वर्मा पर बरसे केजरीवाल, बोले- तुरंत बर्खास्त करो

Railway Alert: 1 से 31 अक्टूबर तक चलेगा स्पेशल टिकट चेकिंग अभियान, यात्री अपने साथ जरूर रखें ये 10 ओरिजिनल ID

गोल्डी बराड़ FBI की टॉप 10 मोस्ट वांटेड लिस्ट में शामिल, पता बताने वाले को मिलेगा करोड़ों का इनाम