स्मारक को विकसित करने में कर्मयोगी संस्था की अहम भूमिका
सिंहासन पर बैठी मूर्ति की ऊंचाई 8 फीट और चौड़ाई 4 फीट
करीब 8 लाख रुपये की लागत से तैयार हुई प्रतिमा
First Statue Lakshmibai Seated Throne : वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की जन्मस्थली झांसी में उनकी जयंती पर एक ऐसा दृश्य देखने को मिला, जिसने हर झांसीवासी को गौरवान्वित कर दिया। रानी लक्ष्मीबाई पार्क में अब महारानी लक्ष्मीबाई सिंहासन पर विराजमान नजर आएंगी।
जयपुर से बनकर आई करीब 8 लाख रुपये की इस भव्य प्रतिमा की स्थापना की गई है। प्रतिमा के अनावरण के साथ ही लोगों ने फूल बरसाकर अपनी वीरांगना का स्वागत किया।
आयोजकों का दावा है कि सिंहासन पर विराजमान रानी लक्ष्मीबाई की इस स्वरूप वाली प्रतिमा देश में अनूठी है।
वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की जयंती पर झांसी के रानी लक्ष्मीबाई पार्क में इतिहास, गौरव और सम्मान का अनूठा संगम देखने को मिला। पार्क में सिंहासन पर विराजमान महारानी लक्ष्मीबाई की भव्य प्रतिमा स्थापित की गई है।
प्रतिमा के अनावरण के साथ ही वहां मौजूद लोगों ने फूलों की वर्षा कर अपनी वीरांगना को नमन किया। इस ऐतिहासिक पल का गवाह बनने के लिए बड़ी संख्या में झांसीवासी उत्साहित नजर आए।
करीब 8 लाख रुपये की लागत से तैयार यह प्रतिमा जयपुर से बनवाकर झांसी लाई गई है। इसकी ऊंचाई लगभग 8 फीट और चौड़ाई 4 फीट है। आयोजकों के मुताबिक, इस तरह की प्रतिमा देश में एकमात्र है।
इस पूरे स्मारक को विकसित करने में कर्मयोगी संस्था की अहम भूमिका रही है। संस्था के संचालक संतोष कुमार गौड़ ने बताया कि यह काम किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि संस्था के सदस्यों, माताओं-बहनों और आसपास के लोगों के सामूहिक सहयोग से पूरा हुआ है। वह वर्ष 2016 से रानी लक्ष्मीबाई के सम्मान और उनकी विरासत को लेकर काम कर रहे हैं।
इस प्रतिमा को स्थापित कराने में डेढ़ साल से अधिक का समय लगा। उन्होंने बताया कि स्मारक को लगभग साढ़े चार हजार वर्गफीट क्षेत्र में विकसित किया गया है और इसे 'राजधर्म स्मारक' नाम दिया गया है।
कार्यक्रम में मौजूद नेहा चाचरा बहल ने इस पल को गौरवशाली बताते हुए कहा कि वह हर साल रानी लक्ष्मीबाई की जयंती पर यहां आती हैं, लेकिन इस बार का आयोजन उनके लिए बेहद खास है। उन्होंने खुद को रानी लक्ष्मीबाई की बेटी के रूप में इस गौरवशाली पल से जुड़ा हुआ महसूस करने की बात कही।
सुभद्रा कुमारी चौहान की कविता की पंक्तियां दोहराते हुए उन्होंने कहा कि जिस झांसी के सिंहासन को अंग्रेजी हुकूमत नहीं झुका सकी, आज उसी सिंहासन पर महारानी का भव्य स्वरूप विराजमान है।
यह प्रतिमा सिर्फ धातु और पत्थर की आकृति नहीं, बल्कि झांसी की आन, शान और स्वाभिमान का प्रतीक बनकर सामने आई है।सिंहासन पर विराजमान महारानी लक्ष्मीबाई का यह स्वरूप आने वाली पीढ़ियों को उनके शौर्य और बलिदान की याद दिलाता रहेगा।