बुन्देलखण्ड देवउठनी एकादशी (सोर्स: सोशल मीडिया)
उत्तर प्रदेश

बुंदेलखंड में गन्नों से सजेगा मंडप, देवउठनी ग्यारस के साथ गूंजेंगी शहनाइयां; चार माह बाद जागेंगे भगवान विष्णु

Devotthan Ekadashi Unique Bundelkhand Tradition: पांच, सात या 11 गन्नों को खड़ा कर ऊपर से बांधा जाता है और ‘ग्यास’ तैयार होता है। इसके नीचे भगवान विष्णु की पूजा कर सुख-समृद्धि की कामना की जाती है।

आकाश साहू, नमिता प्रजापति

Highlights:

  • कार्तिक शुक्ल एकादशी को देवोत्थान, प्रबोधिनी और देवउठनी एकादशी भी कहा जाता है

  • देवउठनी एकादशी में भगवान विष्णु के चार महीने की योगनिद्रा से जागते हैं और विवाह समारोहों की रौनक फिर लौटती है

  • यह पर्व धार्मिक आस्था के साथ किसानों की नई फसल और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का भी संदेश देता है

Dev Uthani Gyaras Marks Wedding Season Beginning : बुंदेलखंड की संस्कृति में कुछ परंपराएं ऐसी हैं, जिनकी खूबसूरती आधुनिकता के दौर में भी कम नहीं हुई है। यहां त्योहारों की पहचान सिर्फ पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठानों से नहीं, बल्कि सदियों से चली आ रही लोक मान्यताओं से भी होती है। देवउठनी ग्यारस पर ऐसी ही एक अनूठी परंपरा घर-घर देखने को मिलेगी।

बाजारों में गन्नों की खरीदारी बढ़ेगी, आंगनों में गन्नों से विशेष मंडप सजेंगे और इसी मंडप के नीचे भगवान विष्णु की पूजा-अर्चना कर उनके जागरण का आह्वान किया जाएगा। बुंदेलखंड में गन्नों से तैयार होने वाले इस पारंपरिक मंडप को स्थानीय बोली में ‘ग्यास’ कहा जाता है। भगवान विष्णु के चार महीने की योगनिद्रा से जागने के साथ ही मांगलिक आयोजनों पर लगी रोक समाप्त मानी जाती है और विवाह समारोहों की रौनक फिर लौटने लगती है।

बुन्देलखण्ड देवउठनी एकादशी

गन्नों से बनता है ‘ग्यास’, बांस की कमी से जुड़ी है परंपरा

बुंदेलखंड की इस परंपरा की सबसे खास बात इसका स्थानीय स्वरूप है। दूसरे क्षेत्रों में जहां देवोत्थान एकादशी पर पूजा के लिए अलग-अलग तरह के मंडप सजाए जाते हैं, वहीं बुंदेलखंड में गन्नों को आपस में बांधकर विशेष मंडप तैयार किया जाता है। मान्यता और स्थानीय परंपरा के अनुसार बांस की सीमित उपलब्धता के चलते यहां गन्ने ने मंडप का स्थान ले लिया।

धीरे-धीरे यह व्यवस्था लोक संस्कृति और धार्मिक आस्था का अभिन्न हिस्सा बन गई। पांच, सात या 11 गन्नों को खड़ा कर ऊपर से बांधा जाता है और इस तरह ‘ग्यास’ तैयार होता है। इसके नीचे भगवान विष्णु की पूजा कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की जाती है।

नई फसल और प्रकृति से भी जुड़ा है पर्व

देवउठनी ग्यारस पर गन्ने के साथ नई फसल और मौसमी उपज का भी विशेष महत्व है। घरों में चने की भाजी, बेर, मकोय, मूली और अन्य मौसमी फल-सब्जियां भगवान को अर्पित की जाती हैं। पारंपरिक गीतों और मंत्रों के बीच भगवान विष्णु को जगाने की रस्म निभाई जाती है। पूजा के बाद प्रसाद वितरण होता है। इस तरह यह पर्व धार्मिक आस्था के साथ किसानों की नई फसल और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का संदेश भी देता है।

बुन्देलखण्ड देवउठनी एकादशी

चार महीने बाद खुलेगा मांगलिक आयोजनों का रास्ता

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार आषाढ़ शुक्ल एकादशी को भगवान विष्णु योगनिद्रा में चले जाते हैं। इसके साथ चातुर्मास शुरू होता है और विवाह समेत कई मांगलिक कार्यों पर विराम लग जाता है। कार्तिक शुक्ल एकादशी को उनके जागने के साथ चातुर्मास समाप्त होता है।

इसी दिन को देवोत्थान, प्रबोधिनी और देवउठनी एकादशी भी कहा जाता है। इस पर्व के साथ तुलसी विवाह की परंपरा भी जुड़ी है, जिसमें तुलसी माता और भगवान शालिग्राम का विवाह कराया जाता है।

बुन्देलखण्ड देवउठनी एकादशी

गन्नों से मंडप सजाकर होती है पूजा

आचार्य हरिओम पाठक के अनुसार, देवोत्थान एकादशी पर गन्ने का विशेष धार्मिक और पारंपरिक महत्व है। मान्यता है कि गन्ने में माता लक्ष्मी का वास होता है और उसका रस शुभता एवं समृद्धि का प्रतीक है।

भगवान विष्णु के जागरण के समय गन्नों से मंडप सजाकर पूजा की जाती है। इसके बाद विवाह, उपनयन और अन्य मांगलिक कार्यों की शुरुआत होती है। देवउठनी ग्यारस पर बुंदेलखंड का ‘ग्यास’ एक बार फिर इस क्षेत्र की समृद्ध लोक परंपरा और सांस्कृतिक पहचान को जीवंत करेगा।

Rajasthan Panchayat Election Result 2026: पंचायत चुनाव में कांग्रेस आगे, BJP को झटका; कई दिग्गज भी हारे

Cyclone Akvan Live: चक्रवात अकवान तट से टकराया, अलर्ट के बावजूद जगन्नाथ मंदिर पहुंचे श्रद्धालु

राजस्थान पंचायत चुनाव में मंत्री की पत्नी-बेटे हारे, DIG की पत्नी भी नहीं बचा सकीं सीट; कांग्रेस का दबदबा

लगा मानो प्रधानमंत्री विपक्ष के नेता हों... खरगे ने UPA दौर के आंकड़ों पर सरकार को घेरा, बोले- 12 साल बाद जागे

न्यूजीलैंड टेस्ट से सिराज को बाहर रखने पर कटा बवाल, इमरान मसूद ने कहा- नाम सिराज है इसलिए नहीं चुना गया