रामपुर जेल से रिहा होते ही ईडी ने आजम खान को कस्टडी में लिया।
बेटे अब्दुल्ला आजम भी उनके साथ जेल से बाहर आए।
दो पैनकार्ड मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट से मिली थी जमानत।
Azam Khan Rampur Jail: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान को रामपुर जेल से रिहा होते ही प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गिरफ्तार कर लिया। आजम खान अपने बेटे अब्दुल्ला आजम के साथ जेल से बाहर निकले थे, तभी ईडी की टीम ने उन्हें अपनी कस्टडी में ले लिया। दो पैन कार्ड मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने गुरुवार को आजम खान की जमानत अर्जी मंजूर कर ली थी।
हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद आजम खान और अब्दुल्ला की ओर से एमपी-एमएलए सेशन कोर्ट और मजिस्ट्रेट कोर्ट में अलग-अलग मामलों में जमानती दाखिल किए गए थे। अदालत ने इनके सत्यापन के आदेश पुलिस और राजस्व प्रशासन को दिए थे। शुरुआत में शुक्रवार को ही दोनों की रिहाई की उम्मीद थी। एमपी-एमएलए सेशन कोर्ट ने आजम खान के विचाराधीन पांच मुकदमों में रिहाई परवाने जारी कर दिए थे।
एमपी-एमएलए मजिस्ट्रेट कोर्ट से रिहाई परवाने जारी नहीं हो सके थे। इस वजह से दोनों की रिहाई टल गई थी। शनिवार को सभी जरूरी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद आजम खान और अब्दुल्ला रामपुर जेल से बाहर आए। लेकिन जेल से बाहर निकलते ही ईडी ने आजम खान को गिरफ्तार कर लिया।
हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद से ही आजम खान के समर्थकों में खुशी की लहर थी। उनके स्वागत की तैयारियां भी शुरू हो गई थीं। शुक्रवार को रिहाई टलने से समर्थकों को निराशा हुई थी, लेकिन शनिवार को जेल से बाहर आने के बाद एक बार फिर खुशी का माहौल बना। हालांकि, ईडी की गिरफ्तारी के बाद यह जश्न मायूसी में बदल गया।
जब जेल से रिहा होकर निकले तो आजम खान ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि अब कहने के लिए बचा ही क्या है? मैं क्या कहूं? कानून तो जैसे खत्म ही हो गया है. क्या मुसलमान होने की यही सजा है?
जौहर ट्रस्ट और विश्वविद्यालय में कथित धांधली के मामले में जेल से रिहा होते ही ईडी ने आजम खान को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि ईडी उन्हें गाजियाबाद कोर्ट में पेश करेगी।
ईडी ने 13 अक्टूबर को अजीमनगर थाने में आजम खान, उनके जौहर ट्रस्ट समेत पांच लोगों के खिलाफ विश्वविद्यालय निर्माण में सरकारी धन के गबन और धोखाधड़ी के आरोप में FIR दर्ज कराई थी। भ्रष्टाचार से जुड़े इस मामले में पुलिस आजम खान को रिमांड पर लेना चाहती है। इसके लिए न्यायालय में प्रार्थना पत्र दाखिल किया गया है। इस पर सोमवार को सुनवाई होगी। कोर्ट ने आजम खान को सोमवार को पेश होने के लिए तलब किया है।