अखिलेश ने अयोध्या को सनातन तीर्थाटन की वैश्विक राजधानी बनाने का वादा किया
सपा सरकार बनने पर राशन में तेल-घी और स्थानीय नाविकों को रोजगार देने की घोषणा
जमीन और सर्किल रेट से जुड़े कथित घोटालों की जांच कराने की बात कही
UP Election Akhilesh Yadav: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अयोध्या के लिए 8 बड़े वादे किए। उन्होंने दीपोत्सव के दौरान दीयों से बचा तेल इकट्ठा करते बच्चे का AI वीडियो जारी किया। जिसमें गरीब बच्चा अपने परिवार की स्थिति के बारे में बताता है।
अखिलेश ने इस AI वीडियो के जारिए BJP पर निशाना साधा और अयोध्या के लिए अपना विजन सामने रखा। उन्होंने इस मुद्दे को अयोध्या की अर्थव्यवस्था, गरीबों के सम्मान, मंदिरों की व्यवस्था और धार्मिक पर्यटन से जोड़ते हुए सत्ता में आने पर बदलाव करने का वादा किया है।
उन्होंने कहा कि अयोध्या के मान-सम्मान की पुनर्स्थापना की जाएगी। साथ ही मंदिरों की व्यवस्था पारदर्शी बनाने, स्थानीय नाविकों को रोजगार देने और जमीन से जुड़े कथित घोटालों की जांच कराने का भी वादा किया।
अखिलेश ने अयोध्या के विकास और दीपोत्सव की भव्यता के बीच गरीबों की स्थिति को बड़ा मुद्दा बनाने की कोशिश की है। इसके जरिए उन्होंने भाजपा के धार्मिक और विकास संबंधी दावों को चुनौती देते हुए PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) राजनीति को भी जोड़ने की कोशिश की।
वैश्विक धार्मिक पर्यटन केंद्र: अयोध्या को 'सनातन तीर्थाटन की वैश्विक राजधानी' बनाने के लिए वर्ल्ड क्लास इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करेंगे।
मंदिरों में पारदर्शिता: मंदिरों की व्यवस्था पारदर्शी बनाकर श्रद्धालुओं का विश्वास बहाल करेंगे।
राशन में तेल-घी: सरकार बनने पर राशन में तेल और घी देकर लोगों की पोषण संबंधी जरूरतें पूरी करेंगे।
गरीबों का सम्मान: दीयों से तेल बटोरने वाली गरीब महिलाओं और बच्चों के साथ दुर्व्यवहार रोकने के लिए व्यवस्था बनाएंगे।
पारंपरिक नाविकों को रोजगार: अयोध्या में पारंपरिक नौकायन को बढ़ावा देकर स्थानीय नाविकों को रोजगार और आर्थिक लाभ देंगे।
राम-निषादराज संबंध को बढ़ावा: भगवान राम और निषादराज के प्रगाढ़ संबंध को फिर से स्थापित करने की बात कही।
जमीन घोटालों की जांच: अयोध्या में जमीनों की जांच कराएंगे। सर्किल रेट के कथित घोटाले में शामिल भाजपा नेताओं और भ्रष्ट अधिकारियों पर कार्रवाई करेंगे।
धार्मिक भावनाओं के अपमान पर कार्रवाई: भगवान राम, भगवान कृष्ण समेत सभी धर्मों के आराध्यों और महापुरुषों का अपमान करने वालों और उन्हें संरक्षण देने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की व्यवस्था बनाएंगे।
दरअसल, 7 नवंबर को अयोध्या में दीपोत्सव का 10वां संस्करण आयोजित किया गया था। इस दौरान सरयू नदी के किनारे राम की पैड़ी समेत 56 घाटों पर 36 लाख से अधिक दीये जलाए गए।
कार्यक्रम में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल हुए थे।
दीपोत्सव के बाद सरयू घाटों पर बड़ी संख्या में गरीब महिलाएं और बच्चे दीयों में बचा हुआ तेल इकट्ठा करते दिखाई दिए। इसके वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुईं। कुछ अन्य वीडियो में लोगों को तेल इकट्ठा करने से रोकते और कथित तौर पर बेंत से मारते हुए भी दिखाया गया।
अखिलेश यादव ने X पर इन वीडियो को जारी कर भाजपा सरकार पर हमला बोला था। उन्होंने आरोप लगाया कि एक तरफ सरकार भव्य दीपोत्सव के आयोजन पर करोड़ों रुपये खर्च कर रही है, वहीं दूसरी तरफ गरीबों को तेल के लिए अपमानित होना पड़ रहा है।
इस पर अयोध्या के भाजपा महापौर गिरीश पति त्रिपाठी ने सफाई दी थी। उन्होंने कहा कि नगर प्रशासन ने दीपोत्सव से पहले झुग्गी-बस्तियों और जरूरतमंद लोगों के बीच तेल और मिठाइयां बांटी थीं। उन्होंने यह भी माना कि आयोजन के बाद दीयों से तेल इकट्ठा करने की समस्या सामने आती है। महापौर के मुताबिक, सभी दीयों को तुरंत हटाना संभव नहीं था, क्योंकि उनकी संख्या बहुत अधिक थी और ज्यादातर दीये जल रहे थे।
अखिलेश यादव का यह बयान ऐसे समय आया है, जब उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की राजनीतिक तैयारियां तेज हो रही हैं। अयोध्या पिछले कुछ वर्षों से भाजपा की राजनीति का प्रमुख केंद्र रही है। राम मंदिर निर्माण और दीपोत्सव के आयोजन को योगी सरकार अपनी बड़ी उपलब्धियों के तौर पर पेश करती रही है।
ऐसे में अखिलेश यादव ने अयोध्या के मुद्दे को केवल धार्मिक पर्यटन तक सीमित नहीं रखा, बल्कि गरीबों, स्थानीय कारोबारियों, नाविकों और जमीन से जुड़े मुद्दों को भी इससे जोड़ दिया है।
खास बात यह है कि उन्होंने भगवान राम और निषादराज के संबंध का जिक्र करते हुए निषाद समाज को भी अपने राजनीतिक संदेश से जोड़ने की कोशिश की। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा का प्रभुत्ववादी रवैया भगवान राम और PDA समाज के बीच के संबंध को सामने नहीं आने देना चाहता।
इसके अलावा बाहरी ठेकेदारों और जमीनों के कथित सर्किल रेट घोटाले का मुद्दा उठाकर उन्होंने स्थानीय लोगों के हितों की बात की।