आगरा बस स्टैंड पर बसों का इंतजार  (सोर्स: नवभारत लाइव )
आगरा

भाई दूज पर बहनों का सफर बना मुसीबत,बसों के इंतजार में बीता घंटों का समय; ईदगाह, आईएसबीटी पर लंबी कतारें

UPSRTC : परिवहन निगम की ओर से हर साल की तरह इस बार भी त्योहार पर अतिरिक्त बसों के संचालन और बेहतर सुविधाओं के दावे किए गए थे। इसके बावजूद बस अड्डों पर यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।

प्रदीप कुमार रावत, शक्ति सौरभ

Highlights:

  • भाई दूज पर बस अड्डों पर भारी भीड़

  • घंटों इंतजार के बाद भी बसें नहीं मिलीं

  • ईदगाह, आईएसबीटी पर लंबी कतारें

  • रोडवेज ने उतारीं 749 बसें

Waiting Bus Bhai dooj Festival : दीपोत्सव पर्व के पांचवें और अंतिम दिन भाई-बहन के अटूट प्रेम का प्रतीक भाई दूज का त्योहार मनाया गया। इस दिन बहनें अपने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना करने के लिए घरों से निकलीं, लेकिन कई बहनों के लिए भाई तक पहुंचने का सफर ही परेशानी का सबब बन गया। रोडवेज बसों की पर्याप्त उपलब्धता के दावों के बीच आगरा के प्रमुख बस अड्डों पर यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा।

बस अड्डों पर लगी लंबी कतारें

ईदगाह बस अड्डा, आईएसबीटी और बुद्ध विहार पर सुबह से ही यात्रियों की भीड़ दिखाई दी। इनमें महिलाओं और युवतियों की संख्या काफी अधिक रही। कोई अपने भाई के घर जाने के लिए बस का इंतजार कर रही थी तो कोई परिवार के साथ त्योहार मनाने के लिए अपने गंतव्य तक पहुंचने की जद्दोजहद में जुटी थी।

बसों के इंतजार में यात्रियों की लंबी कतारें लगी रहीं। नवभारत से बातचीत में कई यात्रियों ने बताया कि वे पिछले एक-एक घंटे से बस का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन उन्हें गंतव्य तक जाने के लिए बस नहीं मिल पा रही है

749 बसें चलाने का रोडवेज का दावा

खास बात यह रही कि उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की ओर से हर साल की तरह इस बार भी त्योहार पर अतिरिक्त बसों के संचालन और बेहतर यात्री सुविधाओं के दावे किए गए थे। इसके बावजूद बस अड्डों पर यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। तांतपुर, जगनेर, जयपुर, धौलपुर और ग्वालियर जाने वाले मार्गों पर यात्रियों को बसों के लिए सबसे अधिक मशक्कत करनी पड़ी।

वहीं, नवभारत से विशेष बातचीत में क्षेत्रीय प्रबंधक कपिल देव ने बताया कि आगरा परिक्षेत्र की करीब 749 बसों को सड़कों पर उतारा गया है। परिक्षेत्र के कर्मचारियों की छुट्टियां निरस्त कर दी गई हैं। अधिकारी और निरीक्षक भी फील्ड में रहकर बसों के संचालन और व्यवस्थाओं पर नजर रख रहे हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि जहां भी कमियां सामने आएंगी, उन्हें तत्काल दुरुस्त कराया जाएगा।

कमियां मिलने पर तत्काल सुधार का आश्वासन

भाई दूज पर हर साल उमड़ने वाली यात्रियों की भीड़ एक बार फिर परिवहन व्यवस्था की तैयारियों की परीक्षा लेती नजर आई। रोडवेज के दावों और बस अड्डों पर यात्रियों की परेशानी के बीच सबसे बड़ा सवाल यही रहा कि त्योहार पर घर पहुंचने की उम्मीद लेकर निकली बहनों को आखिर बसों के इंतजार में घंटों क्यों खड़ा रहना पड़ा।

पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की तबीयत बिगड़ी, AIIMS में कराया गया भर्ती; डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा इलाज

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में CRPF जवानों पर आतंकी हमला, गोलीबारी में तीन जवान घायल

भारतीय सेना में डॉक्टर बनने का मौका, आवेदन शुरू; जानें कौन और कैसे करें अप्लाई

प्लेन हाईजैक होने के बाद यात्रियों को सबसे पहले क्या करना चाहिए, ये ऑपशन्स हैं बेस्ट

Kolkata Flight Hijack: एयर इंडिया की फ्लाइट में हाईजैक अलर्ट, पायलट ने 'हाईजैक' का मैसेज भेजा