इमरजेंसी में 80 बेड के मुकाबले डेढ़ सौ से 200 मरीजों
तापमान और सर्दी बढ़ने के कारण मरीजों की संख्या में इजाफा
जरूरत के मुताबिक भर्ती कर वार्डों में किया जा रहा शिफ्ट
Cold Intensifies Patients Hospitals Increasing: उत्तर भारत में मौसम के लगातार बदलते मिजाज का असर अब लोगों की सेहत पर भी दिखाई देने लगा है। सर्दी बढ़ने के साथ ही अस्पतालों में मरीजों की भीड़ बढ़ रही है। जिला अस्पताल से लेकर एसएन मेडिकल कॉलेज तक ओपीडी में मरीजों की संख्या में बड़ा इजाफा हुआ है।
आगरा के सरोजिनी नायडू मेडिकल कॉलेज (एसएनएमसी) में स्थिति यह है कि जहां कुछ समय पहले तक प्रतिदिन तीन से साढ़े तीन हजार मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे थे, वहीं अब यह संख्या पांच हजार के आंकड़े को पार कर गई है। सबसे अधिक दबाव इमरजेंसी सेवाओं पर देखने को मिल रहा है।
एसएन मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में बेड की संख्या 80 है, जबकि यहां प्रतिदिन करीब 150 से 200 मरीज पहुंच रहे हैं। मरीजों की बढ़ती संख्या के बीच इमरजेंसी और अस्पताल प्रबंधन पर भी दबाव बढ़ा है।
हालांकि, मेडिकल कॉलेज प्रशासन का कहना है कि किसी भी मरीज को उपचार से वंचित नहीं किया जा रहा है। चिकित्सकीय परीक्षण के बाद जरूरत के मुताबिक मरीजों को भर्ती कर संबंधित वार्डों में शिफ्ट किया जाता है।
एसएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य एवं डीन डॉ.प्रशांत गुप्ता ने 'नव भारत' से विशेष बातचीत में बताया कि उत्तर भारत में मौसम लगातार करवट बदल रहा है।
तापमान में बदलाव और सर्दी बढ़ने के कारण अस्पतालों में मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। पहले ओपीडी में प्रतिदिन तीन से साढ़े तीन हजार मरीज आते थे, लेकिन अब यह संख्या पांच हजार से अधिक पहुंच रही है।
इमरजेंसी में 80 बेड के मुकाबले डेढ़ सौ से 200 मरीजों के पहुंचने के सवाल पर डॉ. गुप्ता ने स्पष्ट किया कि मरीजों को भर्ती करने में कोई परेशानी नहीं होने दी जा रही है। इमरजेंसी में आने वाले प्रत्येक मरीज को पहले चिकित्सक देखते हैं। उसकी बीमारी और स्थिति का आकलन करने के बाद भर्ती करने का निर्णय लिया जाता है।
इसके बाद मरीज को संबंधित विभाग के वार्ड में शिफ्ट कर दिया जाता है। यह एक सतत प्रक्रिया है। उन्होंने कहा कि इमरजेंसी में आने वाले सभी मरीजों को वहीं लंबे समय तक रखना जरूरी नहीं होता, बल्कि जरूरत के अनुसार उन्हें वार्डों में स्थानांतरित किया जाता है।
डॉ.प्रशांत गुप्ता ने लोगों से अपील की कि महंगे निजी अस्पतालों में जाने से पहले एसएन मेडिकल कॉलेज में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम मौजूद है और मरीजों को निशुल्क उपचार सहित विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। कुछ सेवाओं के लिए निर्धारित शुल्क लिया जाता है, लेकिन यह इतना अधिक नहीं है कि आम मरीज उसे वहन न कर सके।
उन्होंने खर्च का उदाहरण देते हुए बताया कि जिस ऑपरेशन पर किसी निजी अस्पताल में करीब 10 लाख रुपये तक खर्च हो सकते हैं, वही ऑपरेशन एसएन मेडिकल कॉलेज में लगभग दो से ढाई लाख रुपये में हो सकता है। इसमें ऑपरेशन से संबंधित उपकरण और दवाइयों सहित उपचार की सुविधाएं शामिल हैं।