Tourists Fall Ill Taj Mahal: ताजमहल एक बार फिर पर्यटकों की भीड़ और गर्मी-उमस के कारण सुर्खियों में है। शनिवार को ताजमहल के पश्चिमी गेट पर अत्यधिक भीड़ के बीच नेपाल और गुजरात से आईं दो महिला पर्यटकों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। दोनों गर्मी और उमस के चलते चक्कर खाकर गिर गईं। सूचना मिलते ही ताज सुरक्षा पुलिस की क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) मौके पर पहुंची और तत्काल सहायता उपलब्ध कराई।
सूत्रों के अनुसार नेपाल से आई 37 वर्षीय सुशा और गुजरात की 30 वर्षीय पायल ताजमहल देखने के लिए पश्चिमी गेट पहुंची थीं। यहां पर्यटकों की अधिक भीड़ और उमस भरी गर्मी के बीच अचानक दोनों को चक्कर आने लगे और वे गिर गईं। इससे आसपास मौजूद लोगों में भी कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
सूचना मिलते ही ताज सुरक्षा पुलिस की क्यूआरटी ने मौके पर पहुंचकर दोनों महिला पर्यटकों को संभाला। पुलिस ने तत्काल पश्चिमी पार्किंग स्थित पर्यटक सुविधा केंद्र से चिकित्सक डॉ.रिंकू बघेल और एंबुलेंस चालक भूरे सिंह को बुलाया। इसके बाद दोनों पर्यटकों को प्राथमिक उपचार के लिए पर्यटक सुविधा केंद्र भेजा गया।
प्राथमिक उपचार और कुछ देर आराम करने के बाद दोनों की तबीयत में सुधार हुआ। इसके बाद वे अपने परिजनों के साथ आगे के गंतव्य के लिए रवाना हो गईं। पर्यटकों के परिजनों ने तत्काल सहायता पहुंचाने के लिए आगरा पुलिस की तत्परता की सराहना करते हुए आभार जताया।
मौके पर पर्यटकों की मदद करने वाली पुलिस टीम में उप निरीक्षक पंकज पटेल, उप निरीक्षक धीरेंद्र सिंह, आरक्षी आशु और महिला आरक्षी सुलेखा शामिल रहीं।
आगरा में इन दिनों उमस भरी गर्मी से स्थानीय लोगों के साथ-साथ ताजमहल का दीदार करने पहुंच रहे पर्यटक भी परेशान हैं। देश के अलग-अलग हिस्सों के अलावा विदेशी पर्यटक भी बड़ी संख्या में आगरा पहुंच रहे हैं। ऐसे में ताजमहल के प्रवेश द्वारों और परिसर के आसपास भीड़ के दौरान गर्मी और उमस पर्यटकों के लिए परेशानी का कारण बनती दिखाई दे रही है।
ताजमहल बीते कुछ समय से अलग-अलग वजहों से चर्चा में रहा है। सावन के दौरान हिंदू संगठनों के प्रदर्शन और ताजमहल को तेजोमहालय बताए जाने के दावों के बीच अब पर्यटकों की भीड़ और गर्मी से जुड़ी घटनाएं भी सामने आ रही हैं। शनिवार की घटना ने ताजमहल आने वाले पर्यटकों की सुविधा और गर्मी के दौरान जरूरी इंतजामों को लेकर भी ध्यान खींचा है।