Security Arrangements Taj Mahal: विश्व प्रसिद्ध ताजमहल की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां गंभीर नजर आ रही हैं। ताजमहल की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के लिए सर्किट हाउस में स्थायी समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक से पहले जिलाधिकारी मनीष बंसल, पुलिस महानिदेशक (सुरक्षा) अमरेन्द्र के. सैंगर, डीसीपी सिटी रवींद्र कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ताजमहल परिसर का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मौके पर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया और उन स्थानों को देखा, जहां सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किए जाने की आवश्यकता है।
निरीक्षण के दौरान ताजमहल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था की कमजोर कड़ियों और संभावित ब्लाइंड स्पॉट को लेकर चर्चा हुई। इसके साथ ही बंदरों द्वारा पर्यटकों पर हमले किए जाने का मुद्दा भी अधिकारियों के सामने उठा।
ताजमहल देखने आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों की सुरक्षा केवल सुरक्षा उपकरणों तक सीमित नहीं है, बल्कि परिसर में उनकी आवाजाही के दौरान सामने आने वाली समस्याओं को भी गंभीरता से लेने की जरूरत है। बंदरों की समस्या को लेकर भी बैठक में विचार-विमर्श किया गया।
निरीक्षण के बाद सर्किट हाउस में स्थायी समिति की बैठक हुई। इसमें ताजमहल परिसर में स्थापित सुरक्षा उपकरणों, सर्विलांस सिस्टम, एंटी ड्रोन सिस्टम, सीसीटीवी कैमरों और स्कैनर की क्रियाशीलता की विस्तार से समीक्षा की गई।
अधिकारियों ने परिसर के बाहर इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम तैयार किए जाने के प्रस्ताव पर भी चर्चा की। इसके साथ ही ताजमहल परिसर के सभी ब्लाइंड स्पॉट चिह्नित कर आवश्यकता के अनुसार सीसीटीवी कैमरे स्थापित कराने पर जोर दिया गया।
वर्तमान में तैनात सुरक्षा कर्मियों के प्रशिक्षण की स्थिति का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए मानव संसाधन और तकनीकी संसाधनों के बेहतर समन्वय पर जोर दिया।
ताजमहल परिसर में काम करने वाले संविदा और निजी कर्मचारियों के सत्यापन तथा सुरक्षा ऑडिट का मुद्दा भी बैठक में प्रमुखता से उठा। संबंधित विभागों को परिसर में कार्यरत सभी कर्मचारियों का नियमानुसार सत्यापन कराने के निर्देश दिए गए।
वहीं रजिस्टर्ड और नॉन रजिस्टर्ड गाइड की पहचान स्पष्ट करने के लिए अलग-अलग रंग के पहचान पत्र सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई। इससे पर्यटकों को अधिकृत और अनधिकृत गाइड की पहचान करने में सुविधा मिलेगी।
इस बैठक में न्यायालय से संबंधित आदेशों और उनके अनुपालन की स्थिति की भी समीक्षा की गई। समिति ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े सभी प्रस्तावों और समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में पुलिस महानिदेशक (सुरक्षा) अमरेन्द्र के. सैंगर, अपर निदेशक आसूचना ब्यूरो लखनऊ विनीता शर्मा, महानिरीक्षक सीआईएसएफ नवज्योति गोगोई, जिलाधिकारी मनीष बंसल, अपर पुलिस आयुक्त सचिन्द्र पटेल, डीसीपी सिटी रवींद्र कुमार, एडीए उपाध्यक्ष विजय कुमार, सेनानायक 15वीं वाहिनी पीएसी, अधीक्षण पुरातत्व सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।