मथुरा से आगरा पहुंचे सच्चिदानंद महाराज ने नव भारत से विशेष बातचीत
कहा- श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण के लिए संतों का मिल रहा समर्थन
40 हजार मंदिरों का भी उठाया मुद्दा
Sachchidanand Maharaj: श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण की मांग को लेकर एक बार फिर धार्मिक और सामाजिक गतिविधियां तेज होती दिखाई दे रही हैं। इसी क्रम में मथुरा से सच्चिदानंद महाराज शनिवार को आगरा पहुंचे। यहां उन्होंने नव भारत से विशेष बातचीत में आगामी 6 दिसंबर को श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर कारसेवा करने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम की तर्ज पर श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर भी भव्य मंदिर का निर्माण होना चाहिए। इसके लिए देशभर में जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है और कारसेवा के लिए हर वर्ग का समर्थन जुटाया जा रहा है।
सच्चिदानंद महाराज ने बताया कि बीते 9 अगस्त को भगवान श्रीकृष्ण की शिला की पूजा-अर्चना के बाद जनजागरण यात्रा शुरू की गई थी। यह शिला नंदगांव और बरसाना से होते हुए हरिद्वार सहित देश के विभिन्न तीर्थस्थलों तक ले जाई जा रही है। इस अभियान के माध्यम से लोगों को श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण की मांग से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि अभियान को संत समाज सहित विभिन्न वर्गों का समर्थन मिल रहा है।
नव भारत के सवाल पर सच्चिदानंद महाराज ने कहा कि एक ऐसा वर्ग है, जो शांतिपूर्ण तरीके से कही गई बातों को नहीं समझता। उन्होंने इतिहास का हवाला देते हुए कहा कि एक समय आक्रांताओं ने हमारे मंदिरों को तहस-नहस किया था, लेकिन आज हिंदू समाज शक्तिशाली है और सत्ता में भी है। उन्होंने 6 दिसंबर को कारसेवा के माध्यम से श्रीकृष्ण जन्मभूमि परिसर से कथित अवैध निर्माण हटाकर वहां भगवान श्रीकृष्ण का भव्य मंदिर बनाने की बात कही।
उन्होंने कहा कि इस उद्देश्य के लिए देशभर के संतों का साथ मिल रहा है। उनका दावा है कि कोई भी देश में शांति भंग नहीं करना चाहता, लेकिन श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण की मांग को लेकर अब व्यापक स्तर पर आवाज उठाई जाएगी।
सच्चिदानंद महाराज ने बातचीत के दौरान एक और बड़ा बयान देते हुए कहा कि पहले काशी, अयोध्या और श्रीकृष्ण जन्मभूमि की मांग की जा रही थी, लेकिन अब 40 हजार मंदिरों का मुद्दा भी उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण के बाद देश के अन्य 40 हजार मंदिरों के निर्माण की बात भी आगे बढ़ाई जाएगी।
सच्चिदानंद महाराज के इस बयान के बाद 6 दिसंबर को प्रस्तावित कारसेवा और श्रीकृष्ण जन्मभूमि को लेकर चलाए जा रहे जनजागरण अभियान पर सबकी निगाहें टिक गई हैं। अब देखना होगा कि इस अभियान को आगे किस तरह गति मिलती है और प्रशासन की ओर से प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर क्या रुख अपनाया जाता है।
सच्चिदानंद महाराज ने बताया कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण की मांग को लेकर चलाए जा रहे आंदोलन को और गति देने के उद्देश्य से कारसेवा संघ का गठन किया गया है। इसके तहत आगरा की मीरा राठौर को ब्रज क्षेत्र का संयोजक बनाया गया है। वहीं अवतार सिंह गिल को प्रवक्ता और सौरभ शर्मा को सह संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
उन्होंने कहा कि कारसेवा संघ के पदाधिकारी अब श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण की मांग को लेकर जनजागरण अभियान को और धार देंगे। देशभर में लोगों और संत समाज को इस अभियान से जोड़ने के साथ ही आगामी 6 दिसंबर को प्रस्तावित कारसेवा की तैयारियों को भी गति दी जाएगी। सच्चिदानंद महाराज के मुताबिक, संगठनात्मक विस्तार के जरिए आंदोलन को व्यापक स्वरूप देने की योजना है।