International Beauty Pageant Reach Taj Mahal Agra: विश्वदाय स्मारक और मोहब्बत की बेमिसाल निशानी ताजमहल बुधवार को उस समय और भी खूबसूरत नजर आया, जब दुनिया के अलग-अलग देशों से आईं सुंदरियों का काफिला यहां पहुंचा।
सफेद संगमरमर की इस इमारत के दीदार के लिए मिस टीन इंटरनेशनल 2026 की 30 से अधिक देशों की प्रतिभागियों ने ताजमहल का रुख किया। ताज की खूबसूरती और दुनिया भर से आईं इन प्रतिभाशाली सुंदरियों का संगम पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया।
ताजमहल के परिसर में पहुंचते ही प्रतिभागियों ने न केवल मुगलकालीन स्थापत्य की बारीकियों को करीब से निहारा, बल्कि इसके इतिहास और वास्तुकला को भी जाना। ताजमहल की पृष्ठभूमि में फोटो खिंचवाने को लेकर प्रतिभागियों में खासा उत्साह दिखाई दिया। सफेद संगमरमर के ताज और रंग-बिरंगे परिधानों में सजीं विदेशी प्रतिभागियों ने जमकर तस्वीरें खिंचवाईं।
इस दौरान मिस टीन इंटरनेशनल 2025 की विजेता लोरेना लुइज भी मौजूद रहीं। दुनिया के अलग-अलग देशों से आईं सुंदरियों को एक साथ ताजमहल के साये में देखकर वहां मौजूद पर्यटक भी रोमांचित नजर आए। कई पर्यटकों ने इस नजारे को अपने कैमरों में कैद किया।
ताजमहल की सुरक्षा को लेकर सीआईएसएफ, ताज सुरक्षा पुलिस और पर्यटन पुलिस की टीमें भी मुस्तैद रहीं। कुछ देर के लिए ताज परिसर का नजारा ऐसा लगा मानो संगमरमर की मोहब्बत और दुनिया भर की खूबसूरती आमने-सामने आ गई हो। पर्यटकों की जुबां पर बस एक ही बात थी- वाह ताज... और वाह, दुनिया की ये खूबसूरत सुंदरियां!