‘मीट एट आगरा’  (सोर्स- नवभारत लाइव)
आगरा

ग्लोबल फुटवियर हब बनने की राह पर आगरा, 11 देशों की तकनीक और कारोबार का संगम बना ‘मीट एट आगरा’

Meet At Agra 2026: आगरा ट्रेड सेंटर में 18वें ‘मीट एट आगरा’ का शुभारंभ हुआ। 11 देशों की भागीदारी, चाइना पवेलियन और आधुनिक मशीनरी-तकनीक के बीच आगरा को वैश्विक फुटवियर हब बनाने पर जोर दिया गया।

प्रदीप कुमार रावत, स्निग्धा श्रीवास्तव

Meet At Agra footwear Fair: ताज नगरी अब सिर्फ पर्यटन के लिए ही नहीं, बल्कि फुटवियर और कंपोनेंट्स उद्योग के वैश्विक मंच के रूप में भी अपनी पहचान मजबूत कर रही है। आगरा ट्रेड सेंटर, सींगना में शनिवार से शुरू हुए 18वें ‘मीट एट आगरा’ में भारत समेत 11 देशों की भागीदारी ने शहर के फुटवियर उद्योग के बढ़ते अंतरराष्ट्रीय कद को सामने रखा। तीन दिवसीय फेयर में चाइना पवेलियन खास आकर्षण का केंद्र बना हुआ है, जहां आधुनिक तकनीक, मशीनरी और मटीरियल्स उद्योग से जुड़े लोगों का ध्यान खींच रहे हैं।

फेयर का उद्घाटन उत्तर प्रदेश स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने आयोजन समिति के पदाधिकारियों के साथ घंटा एवं शंख ध्वनि के बीच किया। उद्घाटन समारोह में उन्होंने कहा कि आगरा का लेदर एवं फुटवियर उद्योग प्रदेश की अर्थव्यवस्था, निर्यात और रोजगार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। वैश्विक कारोबारी माहौल में बदलाव के बीच उद्योग को तकनीक, गुणवत्ता, डिजाइन, उत्पादकता और कौशल विकास पर विशेष ध्यान देना होगा।

लेदर सेक्टर की समस्याओं के समाधान के लिए समिति गठित

मनोज कुमार सिंह ने बताया कि लेदर सेक्टर से जुड़े विषयों और चुनौतियों के समाधान के लिए उनके नेतृत्व में एक समिति का गठन किया गया है। निर्यातक और उद्यमी अपने नीतिगत मुद्दे, व्यावहारिक समस्याएं और सुझाव समिति के सामने रख सकते हैं। संबंधित विभागों के समन्वय से समस्याओं के समयबद्ध समाधान का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने उद्यमियों से केवल समस्याएं बताने के बजाय उनके व्यावहारिक समाधान भी सुझाने का आह्वान किया, ताकि प्रदेश में उत्पादन, निवेश, निर्यात और रोजगार को गति मिल सके। उन्होंने कहा कि सरकार और उद्योग के बीच लगातार संवाद जरूरी है। उत्तर प्रदेश अब ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ से आगे ‘स्पीड ऑफ डूइंग बिजनेस’ की दिशा में बढ़ रहा है।

तकनीक को फैक्ट्रियों तक पहुंचाना लक्ष्य

एफमेक अध्यक्ष गोपाल गुप्ता ने कहा कि 18 वर्षों में ‘मीट एट आगरा’ केवल प्रदर्शनी नहीं रहा, बल्कि फुटवियर उद्योग के लिए तकनीक, व्यापार और नए अवसरों का महत्वपूर्ण मंच बन चुका है। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक, नए मटीरियल्स और मशीनरी को आगरा के निर्माताओं तक पहुंचाना फेयर का प्रमुख उद्देश्य है।

उनके मुताबिक फेयर की वास्तविक सफलता तब होगी, जब यहां प्रदर्शित तकनीक और नए विचार फैक्ट्रियों तक पहुंचें और उनका असर उत्पादन, व्यापार तथा रोजगार पर दिखाई दे।

‘वर्ल्ड कैपिटल ऑफ फुटवियर’ बनने की क्षमता

डेवलपमेंट काउंसिल फॉर फुटवियर एंड लेदर इंडस्ट्री के चेयरमैन एवं एफमेक कन्वीनर पूरन डावर ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में उत्तर प्रदेश और आगरा के उद्योग की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि आगरा के पास पीढ़ियों का हुनर, मजबूत मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम, उद्यमशीलता और बाजार से जुड़ाव मौजूद है।

डावर के अनुसार सही तकनीक, इंफ्रास्ट्रक्चर, शिक्षा और नीतिगत सहयोग मिलने पर आगरा ‘वर्ल्ड कैपिटल ऑफ फुटवियर’ बनने की क्षमता रखता है। उन्होंने कहा कि भारत करीब तीन अरब जोड़ी के वार्षिक उत्पादन के साथ दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा फुटवियर उत्पादक है। घरेलू बाजार और निर्यात दोनों में बड़ी संभावनाएं हैं।

उन्होंने जोर दिया कि घरेलू और निर्यात बाजार के लिए गुणवत्ता के अलग-अलग मानक नहीं होने चाहिए, बल्कि ‘बेस्ट ग्लोबल स्टैंडर्ड’ को उद्योग का आधार बनाया जाना चाहिए। मुक्त व्यापार समझौतों से नए बाजार खुल रहे हैं, लेकिन उनका लाभ लेने के लिए उद्योग को तकनीक, डिजाइन, उत्पादकता, स्थिरता और अनुपालन के स्तर पर तैयार होना होगा।

11 देशों में चाइना पवेलियन बना आकर्षण

18वें ‘मीट एट आगरा’ में भारत के साथ अर्जेंटीना, फ्रांस, ब्राजील, चीन, जर्मनी, इटली, पुर्तगाल, स्पेन, ताइवान और वियतनाम सहित कुल 11 देशों के प्रतिनिधि और एग्जिबिटर्स शामिल हुए हैं। विदेशी प्रतिनिधियों की मौजूदगी से फुटवियर कंपोनेंट्स, मटीरियल्स, मशीनरी और तकनीक के क्षेत्र में कारोबारी संपर्क तथा तकनीकी आदान-प्रदान को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

महिला और युवा उद्यमियों को मिला सम्मान

उद्घाटन समारोह में फुटवियर एवं कंपोनेंट्स उद्योग में उल्लेखनीय योगदान के लिए एफमेक उत्कृष्टता सम्मान दिए गए। फुटवियर क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ महिला उद्यमी सम्मान मीनाक्षी कालसी और युवा उद्यमी सम्मान तान्या निर्झरा को प्रदान किया गया। कंपोनेंट्स क्षेत्र में श्वेता आर्या को सर्वश्रेष्ठ महिला उद्यमी तथा उज्ज्वल सचदेवा को सर्वश्रेष्ठ पुरुष उद्यमी सम्मान मिला।

निर्यात उत्कृष्टता सम्मान गुप्ता एच.सी. ओवरसीज (आई) प्रा. लि., मेट्रो एंड मेट्रो तथा लाइनर शूज प्रा. लि. को प्रदान किया गया। वहीं, फुटवियर उद्योग में दीर्घकालीन योगदान के लिए वीरेंद्र कुमार महाजन को लाइफटाइम अचीवमेंट सम्मान से सम्मानित किया गया।

पहले दिन पहुंचे 4,211 विजिटर्स

फेयर के पहले दिन कुल 4,211 विजिटर्स पहुंचे। इनमें 1,938 पंजीकृत बिजनेस विजिटर्स तथा उद्योग और तकनीक को समझने पहुंचे 437 विद्यार्थी एवं भावी उद्यमी शामिल रहे। तीन दिवसीय ‘मीट एट आगरा’ 5 अक्टूबर तक आगरा ट्रेड सेंटर, सींगना में सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगा।

हनीट्रैप में फंसा नेवी का सेलर गिरफ्तार! पाकिस्तान को गोपनीय रक्षा जानकारी भेजने का आरोप

TMC छोड़ BJP में शामिल हुईं अभिनेत्री कोयल मल्लिक को मिला बड़ा इनाम, पश्चिम बंगाल से मिला राज्यसभा का टिकट

नौकरशाही से सियासत तक: दिव्या मित्तल के बाद एम नागेश्वर राव की राजनीति में एंट्री, क्या UP में बदल रहा ट्रेंड?

पीएम किसान योजना: 24वीं किस्त का इंतजार कर रहे किसान पोर्टल पर तुरंत करें ये काम, नहीं अटकेगा पैसा

कोलकाता में मनाया जाएगा 19वां प्रवासी भारतीय दिवस, Gen-Z के लिए विशेष सेगमेंट; शेड्यूल जारी