Meet at Agra 2026 Footwear Fair: ताजनगरी एक बार फिर फुटवियर उद्योग के वैश्विक कारोबारियों की मेजबानी के लिए तैयार है। सींगना स्थित आगरा ट्रेड सेंटर में शनिवार से तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय फुटवियर फेयर ‘मीट एट आगरा-2026’ शुरू होगा। 3 से 5 अक्टूबर तक चलने वाले इस 18वें संस्करण में करीब 250 एग्जिबिटर्स अपने उत्पाद, कंपोनेंट्स, मटीरियल्स, मशीनरी और आधुनिक तकनीक का प्रदर्शन करेंगे। खास बात यह है कि इस बार चीन के आठ एग्जिबिटर्स भी हॉल-बी में बनाए गए चाइना पवेलियन में अपनी तकनीक और उत्पादों के साथ मौजूद रहेंगे।
फेयर का आयोजन आगरा फुटवियर मैन्युफैक्चरर्स एंड एक्सपोर्टर्स चैम्बर (एफमेक) की ओर से किया जा रहा है। आयोजन प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम छह बजे तक चलेगा, जबकि शनिवार को सुबह 11 बजे इसका औपचारिक उद्घाटन होगा।
‘डिस्कवर, क्रिएट, कनेक्ट, ग्रो’ थीम पर आयोजित फेयर में फुटवियर कारोबारियों को एक ही स्थान पर नई सामग्री, कंपोनेंट्स, मशीनरी और उत्पादन तकनीक देखने-समझने का अवसर मिलेगा। आयोजकों के मुताबिक बदलते फैशन, आरामदायक फुटवियर की बढ़ती मांग, संगठित रिटेल और ऑनलाइन कारोबार के विस्तार ने उद्योग के सामने नए अवसर पैदा किए हैं। ऐसे में डिजाइन, गुणवत्ता और आधुनिक उत्पादन तकनीक को अपनाना कारोबार की प्रतिस्पर्धात्मकता के लिए महत्वपूर्ण है।
एफमेक अध्यक्ष गोपाल गुप्ता ने कहा कि ‘मीट एट आगरा’ पिछले 18 वर्षों में फुटवियर उद्योग के लिए कारोबार और तकनीकी संवाद का महत्वपूर्ण मंच बन चुका है। उन्होंने उद्योग से जुड़े उद्यमियों से फेयर में पहुंचकर नई तकनीक और मटीरियल्स की जानकारी लेने तथा आगामी सीजन के लिए अपने उत्पादों को नए रूप में विकसित करने की अपील की।
फुटवियर उद्योग के आकार का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वर्ल्ड फुटवियर ईयरबुक 2026 में प्रकाशित वर्ष 2025 के आंकड़ों के अनुसार भारत ने करीब 300 करोड़ जोड़ी फुटवियर का उत्पादन किया। करीब 12.2 प्रतिशत वैश्विक हिस्सेदारी के साथ भारत चीन के बाद दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा फुटवियर उत्पादक रहा। देश में फुटवियर की खपत भी करीब 280 करोड़ जोड़ी रही।
एफमेक कन्वीनर एवं डीसीएफएलआई के चेयरमैन पूरन डावर के मुताबिक भारत की बड़ी उत्पादन क्षमता और विशाल घरेलू बाजार उद्योग की प्रमुख ताकत हैं। आधुनिक तकनीक, डिजाइन, कौशल विकास और अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों पर ध्यान देकर भारतीय फुटवियर उद्योग वैश्विक बाजार में अपनी प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ा सकता है।
फेयर में हॉल-बी का चाइना पवेलियन विशेष आकर्षण रहेगा। पूर्व अध्यक्ष कैप्टन एएस राणा ने बताया कि यहां चीन के आठ एग्जिबिटर्स फुटवियर कंपोनेंट्स, मटीरियल्स और मशीनरी से संबंधित उत्पादों की जानकारी देंगे। इससे भारतीय कारोबारियों को उत्पादों और तकनीक को करीब से समझने तथा संभावित कारोबारी संपर्क विकसित करने का अवसर मिलेगा।
फेयर केवल उत्पाद प्रदर्शन तक सीमित नहीं रहेगा। 4 अक्टूबर को बाइंग एजेंट्स और फैक्ट्री ओनर्स के बीच संवाद एवं सम्मान समारोह आयोजित होगा। इसमें खरीदारों की जरूरत, उत्पाद विकास और कारोबारी संभावनाओं पर चर्चा होगी। 5 अक्टूबर को एग्जिबिटर्स सम्मान समारोह और मीडिया ब्रीफ आयोजित किया जाएगा।
एफमेक उपाध्यक्ष राजीव वासन और राजेश सहगल ने गुणवत्ता, डिजाइन, टिकाऊपन, आराम, समय पर आपूर्ति और लागत नियंत्रण को वैश्विक बाजार में महत्वपूर्ण बताया। वहीं महासचिव प्रदीप वासन ने बताया कि आयोजन के दौरान डिजिटल माध्यमों को बढ़ावा दिया जाएगा और फीडबैक के लिए क्यूआर कोड का इस्तेमाल होगा।
फेयर कमेटी की चेयरमैन माला खेड़ा ने बताया कि शनिवार सुबह 11 बजे उद्घाटन होगा। मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मुख्य सचिव एवं यूपी स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी वरिष्ठ आईएएस मनोज कुमार सिंह होंगे।
इस दौरान एफमेक सचिव अनिरुद्ध तिवारी, कोषाध्यक्ष चंद्र मोहन सचदेवा, ललिता अरोड़ा, सुनील मनचंदा, सीफी के प्रदेश महासचिव नकुल मनचंदा, जसविंदर सिंह खेड़ा आदि मौजूद रहे।