जनकपुरी महोत्सव  (सोर्स- नवभारत लाइव)
आगरा

जनक भवन से चलीं सिया, सजल हुए सब नैन; राजा जनक और रानी सुनैना की नम हुईं आंखें, गोद में उठाकर रथ तक ले गए भाई

Janakpuri Mahotsav Agra: आगरा के भावना एस्टेट रोड पर जनकपुरी महोत्सव 2026 में माता सीता की विदाई का भावुक दृश्य देखने को मिला। आज शनिवार को वनवास लीला और रामायण पर विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।

प्रदीप कुमार रावत, स्निग्धा श्रीवास्तव

Highlights

  • जनकपुरी में बेटी सीता की विदाई पर छलके आंसू

  • भावुक हुए राजा जनक और रानी सुनैना

  • भाइयों ने बहन सीता को गोद में उठाकर रथ तक पहुंचाया

  • विवाह के उल्लास के बाद मिथिला में छाया विरह का माहौल

Agra Janakpuri Mahotsav 2026: जनक भवन से चलीं सिया, सजल हुए सब नैन... भावना एस्टेट रोड पर सजी जनकपुरी में शुक्रवार को माता सीता की विदाई का ऐसा भावुक दृश्य सामने आया कि विवाह के मंगल गीतों से गूंज रही मिथिला नगरी का माहौल पलभर में बदल गया। बेटी को विदा करते समय राजा जनक के स्वरूप अशोक कुमार गोयल और रानी सुनैना के स्वरूप लता गोयल की आंखें नम हो गईं। भाई शोभिक गोयल और मोहित गोयल ने अपनी बहन सीता को गोद में उठाकर सजे रथ तक पहुंचाया तो वहां मौजूद श्रद्धालु भी भावुक हो उठे। श्री रामलीला महोत्सव 2026 के अंतर्गत आयोजित जनकपुरी महोत्सव में साकार हुई इस विदाई ने भारतीय परिवारों में बेटी के प्रति प्रेम, वात्सल्य और बिछोह की भावनाओं को जीवंत कर दिया।

विवाह के उत्सव में जहां कुछ समय पहले तक बधाइयां और मंगलगीत गूंज रहे थे, वहीं विदाई की बेला में वातावरण करुण रस से भर गया। जनक परिवार के सदस्यों और सखियों की आंखें भी नम थीं। ऐसा प्रतीत हो रहा था, मानो त्रेता युग की मिथिला एक बार फिर अपनी लाडली जनकनंदिनी को विदा कर रही हो।

मां सुनैना ने रानी कौशल्या को सौंपा बेटी का हाथ

जनकपुरी महोत्सव की विदाई रस्मों में सबसे मार्मिक क्षण वह रहा, जब रानी सुनैना के स्वरूप लता गोयल ने माता सीता को विदा करते हुए रानी कौशल्या के स्वरूप नीता सिंघल के हाथों में बेटी का हाथ सौंपा। यह दृश्य एक मां के वात्सल्य, विश्वास और बेटी के सुखी वैवाहिक जीवन की कामना का प्रतीक बन गया। बेटी को नए परिवार की ओर विदा करते समय मां की आंखों में छलकते आंसुओं ने उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया।

इसके बाद राजा जनक के स्वरूप अशोक कुमार गोयल ने राजा दशरथ के स्वरूप संजय सिंघल से आत्मीय भेंट की। दोनों परिवारों ने पारंपरिक मिलनी की रस्म निभाई। वहीं, श्री जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष राजू यादव ने श्री रामलीला कमेटी के अध्यक्ष एवं विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल और महामंत्री राजीव अग्रवाल से मिलनी की।

भाइयों ने बहन सीता को गोद में उठाकर रथ तक पहुंचाया

विदाई का दृश्य उस समय और भावुक हो गया, जब शोभिक गोयल और मोहित गोयल ने अपनी बहन जनकदुलारी सीता को गोद में उठाकर सजे रथ तक पहुंचाया। भाई-बहन के स्नेह से जुड़े इस दृश्य ने लोगों को परिवारों में बेटियों के प्रति प्रेम और अपनत्व की याद दिला दी।

प्रभु श्रीराम, माता जानकी, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न के स्वरूपों की आरती उतारी गई। श्रद्धालुओं ने हाथ जोड़कर माता जानकी के सुखमय जीवन की कामना की। इसके बाद प्रभु श्रीराम अपने भाइयों के साथ घोड़ों पर सवार होकर विदाई यात्रा पर निकले। यात्रा होली पब्लिक स्कूल पहुंची, जहां से भावना एस्टेट होते हुए वाहनों के जरिए नेहरू नगर स्थित राजा जनक के निवास की ओर प्रस्थान किया गया। यहां विदाई की पारंपरिक रस्में निभाई गईं। मां जानकी ने हल्दी के थापे लगाए और पिता से विदाई ली।

'हर बेटी की विदाई का भाव समेटे है जनकनंदिनी का प्रसंग'

जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष राजू यादव ने कहा कि जनकपुरी महोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारतीय पारिवारिक परंपराओं, संस्कारों और रिश्तों की भावनात्मक अभिव्यक्ति है। माता सीता की विदाई में हर माता-पिता को अपनी बेटी की विदाई का भाव दिखाई देता है। राजा जनक और रानी सुनैना का वात्सल्य यह संदेश देता है कि बेटी को प्रेम, विश्वास और आशीर्वाद के साथ उसके नए जीवन की ओर विदा करना भारतीय संस्कृति की महत्वपूर्ण परंपरा है।

रामलीला कमेटी के सदस्यों की हुई आत्मीय मिलनी

विदाई समारोह के दौरान श्री रामलीला कमेटी और जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति के सदस्यों के बीच पारंपरिक मिलनी हुई। इसमें तारा चंद्र अग्रवाल, राम बारात प्रभारी प्रवीण स्वरूप बंसल, मुकेश जौहरी, रामकिशन अग्रवाल, संजय अग्रवाल, मनोज पोली, अंजुल बंसल, राहुल गौतम, राम अभिषेक, राहुल शर्मा और मनीष शर्मा सहित अन्य सदस्य शामिल रहे। मिलनी के दौरान दोनों पक्षों ने आत्मीयता के साथ एक-दूसरे का अभिवादन किया।

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो.एसपी सिंह बघेल, पूर्व केंद्रीय मंत्री रामशंकर कठेरिया, बृज क्षेत्र के संगठन मंत्री अभय गिरी, कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, विजय शिवहरे, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष आलोक गुप्ता और विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल का स्वागत-अभिनंदन किया गया। स्वागताध्यक्ष अरविंद शर्मा के साथ शोभिक गोयल, मोहित गोयल और रजत सिंघल ने अतिथियों का स्वागत किया।

मिल्टन पब्लिक स्कूल के बच्चों ने प्रस्तुत की रामायण पर आधारित नृत्य नाटिका

समारोह में मिल्टन पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने रामलीला पर आधारित मनमोहक नृत्य नाटिका प्रस्तुत की। सांस्कृतिक प्रस्तुति के माध्यम से बच्चों ने रामकथा के प्रसंगों को जीवंत किया। कार्यक्रम ने श्रद्धालुओं को रामायण के आदर्शों, त्याग, पारिवारिक संबंधों और भारतीय संस्कारों से जोड़ा।

जनकपुरी महोत्सव की व्यवस्थाओं में आयोजन समिति के अध्यक्ष राजू यादव के साथ संतोष कटारा, अजय अवागढ़, नरेंद्र सिंह सेंगर, अशोक गुप्ता, संजय गोयल, मनोज बंसल, धर्मेश जैन, मनोज जादौन, हितेश लवानियां, मीडिया प्रभारी राणा सुशील सिंह, अरविंद शर्मा, आकाश ग्वाला, पार्षद वेद प्रकाश गोस्वामी, सतीश ठाकुर, रोहन गुप्ता, अनुज भारद्वाज, पंकज पाठक, हेमंत जादौन, भोले चौहान, धीरज शर्मा, धीरज मंगल, अविनाश राणा और रामवली यादव सहित अनेक सदस्यों की सहभागिता रही। महिला समिति की ओर से अमृता पोरवाल, शिखा, रुचि, सीमा, शीतल, शालिनी, सिमी, शुचि, वंदना, संगीता, मीना, मिशी, दीप्ति, ऋतु, प्रियंका ठाकुर, एकता, ज्योति, शालू, रुपाली, रिंकू और ऋतु अग्रवाल सहित अन्य सदस्यों ने व्यवस्थाओं में सहयोग किया।

वनवास लीला और रामायण पर आधारित विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम

श्री रामलीला कमेटी के मीडिया प्रभारी राहुल गौतम के अनुसार, शनिवार को शाम छह बजे रामलीला महोत्सव के अंतर्गत वनवास लीला का मंचन किया जाएगा। रामलीला मैदान से वनवास की सवारी बिजलीघर, कचहरी घाट और यमुना किनारा होते हुए मथुरेश जी मंदिर पहुंचेगी। यहां प्रभु श्रीराम और केवट के बीच संवाद का मंचन होगा।

वहीं, जनकपुरी महोत्सव में शनिवार शाम सात बजे सांस्कृतिक मंच पर लाडी संगीत मेकर ग्रुप की ओर से बॉलीवुड कलाकारों के साथ रामायण पर आधारित विशेष प्रस्तुति दी जाएगी। इसमें रामायण में हनुमान की भूमिका निभाने वाले अभिनेता दारा सिंह के पुत्र बिंदु दारा सिंह भी शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान जनकपुरी महोत्सव के आयोजन और सहयोग से जुड़े लोगों को सम्मानित भी किया जाएगा।

Delhi CJP Protest LIVE: पुलिस हिरासत में मनीष सिसोदिया, अभिजीत दिपके, सौरव दास-आशुतोष रांका और ध्रुव राठी

पुलिस की जबरदस्त प्लानिंग, अभिजीत दिपके गुरुग्राम, सौरव दास द्वारका भेजे गए; आशुतोष रांका दिल्ली में

मुझे नहीं पता कौन है दिपके... फ्लाइट में देरी पर भड़के यात्री, बोले- जनता ही सब करेगी तो कोर्ट बंद कर दो

CJP Protest: दिल्ली में मेट्रो के 45 स्टेशन और कनॉट प्लेस बाजार बंद, नोएडा में 20 अक्टूबर तक धारा 163 लागू

Jantar Mantar Protest: ट्रेन-मेट्रो पर ब्रेक! सुप्रीम कोर्ट में अवमानना की याचिका, क्या एक्शन लेगी अदालत?