आगरा में पुलिस की हिरासत से भागा आरोपी
पुलिसकर्मी आरोपी को लेकर होटल में ठहरे हुए थे
लिफ्ट की जगह सीढ़ियों के रास्ते भागे आरोपी
Himachal Police Negligence in Agra: आगरा की दीवानी में पेशी के दौरान आरोपियों के फरार होने की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। पुलिस हिरासत में अदालत लाए गए आरोपी कई बार पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार हो चुके हैं।
अब ऐसा ही एक मामला मदिया कटरा स्थित होटल से सामने आया है, लेकिन इस बार आरोपी आगरा पुलिस के नहीं, बल्कि हिमाचल प्रदेश पुलिस की हिरासत में था। 3 पुलिसकर्मियों की मौजूदगी के बावजूद आरोपी होटल से फरार हो गया। घटना के बाद पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि हिमाचल प्रदेश पुलिस एक मामले में पेशी के लिए आरोपी को आगरा लेकर आई थी। सोमवार दोपहर आरोपी के साथ तीन पुलिसकर्मी मदिया कटरा स्थित एक होटल पहुंचे। मंगलवार को आरोपी को अदालत में पेश किया जाना था। पुलिसकर्मी आरोपी को लेकर होटल में ठहरे हुए थे, लेकिन रात करीब 1:40 बजे आरोपी पुलिस को गच्चा देकर फरार हो गया।
बताया जा रहा है कि आरोपी ने होटल से बाहर निकलने के लिए लिफ्ट की जगह सीढ़ियों का इस्तेमाल किया। रात के समय पुलिसकर्मियों की निगरानी के बीच वह होटल से बाहर निकल गया। आरोपी के गायब होने की जानकारी मिलते ही उसके साथ आए पुलिसकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई। तीन पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में आरोपी आखिर कैसे फरार हुआ, इसको लेकर सवाल उठ रहे हैं।
फरार आरोपी आगरा के पिनाहट क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है। आरोपी के भागने के बाद हिमाचल पुलिस के जवान वकीलों से पूछताछ करते हुए उसकी तलाश में जुट गए। वहीं, आगरा पुलिस भी मामले की जानकारी जुटा रही है।
फिलहाल घटना को लेकर पुलिस का बयान सामने आने नहीं आया है। पुलिस हिरासत से आरोपी के फरार होने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।