आगरा में भाजपा की समरसता महासभा (सोर्स- नवभारत लाइव)
आगरा

मंच पर भाजपा के दिग्गजों का जमावड़ा, मैदान में खाली कुर्सियां, आगरा की समरसता महासभा में भीड़ ने चौंकाया

BJP Samrasta Mahasabha Agra: भाजपा की समरसता संकल्प यात्रा आगरा पहुंची। जीआईसी मैदान में आयोजित महासभा में कई दिग्गज मौजूद रहे, लेकिन आधी कुर्सियां खाली रहने से भीड़ की कमी चर्चा का विषय बन गई।

प्रदीप कुमार रावत, रवनेश विश्‍वकर्मा

Highlights:

  • संत रविदास की 650वीं जयंती पर समरसता संकल्प यात्रा आगरा पहुंची

  • महासभा में मंत्री एसपी सिंह बघेल, बेबी रानी मौर्य समेत कई दिग्गज मौजूद रहे

  • जीआईसी मैदान में महासभा की आधी कुर्सियां खाली नजर आईं

Ravidas Jayanti Rally Crowd: यूपी चुनाव 2027 की आहट के बीच राजनीतिक दलों की गतिविधियां तेज होने लगी हैं। भाजपा भी सामाजिक समीकरणों और विभिन्न वर्गों तक अपनी पहुंच मजबूत करने के लिए कार्यक्रमों के जरिए संदेश देने में जुटी है। इसी क्रम में संत शिरोमणि श्री रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर निकाली जा रही समरसता संकल्प यात्रा आगरा पहुंची।

पंजाब के जालंधर से शुरू हुई यह यात्रा हरियाणा और दिल्ली होते हुए आगरा पहुंची। दोपहर करीब 1:30 बजे संत रविदास महाराज की पवित्र चरण पादुकाओं के साथ यात्रा का आगमन हुआ। इसके बाद जीआईसी मैदान में भाजपा ब्रज क्षेत्र की ओर से समरसता संकल्प यात्रा महासभा का आयोजन किया गया।

इस महासभा में केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार के कई बड़े चेहरे मौजूद रहे। केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो.एसपी सिंह बघेल, मंत्री बेबी रानी मौर्य, योगेंद्र उपाध्याय, सांसद शिवेश कुमार राम और मंत्री असीम अरुण सहित कई नेता मंच पर मौजूद रहे।

दिग्गजों का जमावड़ा, लेकिन खाली रह गईं आधी कुर्सियां

जीआईसी मैदान में महासभा के लिए करीब 8 से 10 ब्लॉक बनाए गए थे। आयोजन को लेकर बड़ी संख्या में कुर्सियों की व्यवस्था की गई थी, लेकिन इनमें से कई ब्लॉक खाली नजर आए। मैदान में आधी कुर्सियां खाली रह जाने का दृश्य चर्चा का विषय बन गया। मंच पर प्रदेश और केंद्र सरकार के दिग्गज नेता मौजूद थे, लेकिन उनके सामने अपेक्षा के अनुरूप भीड़ दिखाई नहीं दी।

खास बात यह है कि 2027 विधानसभा चुनाव अब ज्यादा दूर नहीं हैं। ऐसे समय में भाजपा के सामाजिक समरसता से जुड़े बड़े आयोजन में खाली कुर्सियों का दृश्य स्थानीय संगठन की तैयारियों और जनभागीदारी को लेकर सवाल खड़े करता है। हालांकि, केवल एक कार्यक्रम में मौजूद भीड़ के आधार पर किसी राजनीतिक दल की लोकप्रियता या चुनावी स्थिति का निष्कर्ष निकालना उचित नहीं होगा।

बेबी रानी मौर्य बोलीं- भाजपा में कोई छोटा-बड़ा नहीं

महासभा के दौरान मंत्री बेबी रानी मौर्य ने कहा कि भाजपा ऐसी पार्टी है, जो सभी वर्गों को साथ लेकर चलती है। पार्टी का मूल मंत्र सबका साथ, सबका विकास है। भाजपा में कोई छोटा या बड़ा नहीं है, सभी बराबर हैं। इसी सामाजिक समानता और समरसता का संदेश लेकर यह संकल्प यात्रा निकाली गई है।

बेबी रानी मौर्य ने हाथरस में दिए गए अपने बयान को लेकर भी स्पष्टीकरण दिया। उन्होंने कहा कि उनके बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है। उनके मुताबिक, एक पीड़िता उनके पास आई थी और उसने दो से ढाई हजार रुपये लिए जाने की बात कही थी। इस मामले में शिकायत भी दर्ज हुई है और जांच चल रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार के मामले में जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है।

असीम अरुण बोले- संत रविदास का संदेश आज भी प्रासंगिक

मंत्री असीम अरुण ने कहा कि पंजाब के जालंधर से शुरू हुई समरसता संकल्प यात्रा आज आगरा पहुंची है। संत रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में निकाली जा रही इस यात्रा का उद्देश्य उनके विचारों और संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।

उन्होंने कहा कि संत रविदास महाराज का संकल्प था कि सभी को अन्न मिले, कोई भूखा न रहे और समाज में ऊंच-नीच तथा भेदभाव की भावना समाप्त हो। भाजपा भी इसी नीति पर आगे बढ़ रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जाति, ऊंच-नीच और महिला-पुरुष के बीच किसी तरह का भेदभाव न हो, ऐसी सामाजिक समरसता के लिए काम किया जा रहा है।

स्टालिन से मिले इंडिया ब्लॉक के नेता, मोदी सरकार का साथ नहीं छोड़ेगी DMK; राहुल बोले परिसीमन तमिलनाडु के खिलाफ

शरद पवार की राष्ट्रवादी पर भाजपा की नजर? महाजन बोले- राजनीति में कुछ भी असंभव नहीं

पटना में इन्फ्लुएंसर के कार्यक्रम पर बवाल, अनुमति नहीं मिलने से भड़के समर्थकों ने BJP ऑफिस पर की पत्थरबाजी

Delimitation Bill Live: स्टालिन से मिले राहुल गांधी, मोदी सरकार का साथ नहीं छोड़ेगी DMK

इधर स्टालिन-पवार को मनाने निकले राहुल गांधी, उधर खेला करने जा रहे हेमंत सोरेन! परिसीमन पर बिखरा INDIA गठबंधन