2027 चुनाव से पहले मंत्रियों की जुबान बन सकती है BJP की चुनौती, बेबी रानी मौर्य के बयान से फिर गरमाई सियासत

Uttar Pradesh BJP Ministers Controversial Statements: मंत्रियों-नेताओं के सार्वजनिक मंचों से दिए जा रहे बयान भी चर्चा का विषय रहे हैं। क्या चुनाव से पहले नेताओं की ऐसी टिप्पणियां सरकार पर भारी पड़ेगी?
Baby Rani Maurya
बेबी रानी मौर्य(सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • कभी दो-ढाई हजार रुपये को भ्रष्टाचार नहीं मानने की बात तो कभी सार्वजनिक मंचों से विवादित टिप्पणियां

  • योगी सरकार के कई मंत्रियों के बयान पहले भी बन चुके हैं चर्चा का विषय

  • क्या होगा भाजपा के शीर्ष नेतृत्व का अपने मंत्रियों और नेताओं के सार्वजनिक बयानों को लेकर रुख

Baby Rani Maurya Controversial Statement: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की दस्तक के साथ ही प्रदेश का सियासी माहौल धीरे-धीरे गर्म होने लगा है। एक तरफ राजनीतिक दल चुनावी तैयारियों में जुटे हैं तो दूसरी तरफ सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी तेज होता दिखाई दे रहा है।

भारतीय जनता पार्टी जहां अपने दस वर्षों के राजनीतिक सफर और प्रदेश सरकार के कामकाज को जनता के सामने रखने की तैयारी कर रही है, वहीं विपक्ष महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, कानून व्यवस्था और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर सरकार को घेरने की रणनीति बना रहा है।

चर्चा का विषय बने भाजपा नेताओं के बयान

इन सबके बीच उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्रियों और भाजपा नेताओं के सार्वजनिक मंचों से दिए जा रहे कुछ बयान भी चर्चा का विषय बन रहे हैं। राजनीतिक गलियारों में इन बयानों को लेकर सवाल उठ रहे हैं कि क्या चुनाव से पहले नेताओं की ऐसी टिप्पणियां सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं पर भारी पड़ सकती हैं?

एक तरफ सरकार गरीबों को आवास, राशन, पेंशन और दूसरी सुविधाएं उपलब्ध कराने का दावा करती है, वहीं दूसरी तरफ यदि उन्हीं योजनाओं का लाभ लेने के लिए गरीबों से पैसे मांगे जाने की शिकायत सामने आती है और उस पर मंत्री का जवाब ही नई बहस छेड़ दे तो मामला निश्चित रूप से महत्वपूर्ण हो जाता है।

बेबी रानी मौर्य का बयान चर्चा में

ताजा मामला उत्तर प्रदेश सरकार की कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य से जुड़ा है। शुक्रवार को हाथरस के रमनपुर इलाके में आयोजित जन चौपाल के दौरान उनका एक बयान चर्चा में आ गया। यहां प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़ी शिकायत सुनते हुए मंत्री ने दो से ढाई हजार रुपये लेने को भ्रष्टाचार मानने से इनकार करते हुए कहा कि संभव है कि यह रकम कागजात बनवाने के लिए ली गई हो।

गरीब से पैसे मांगने की शिकायत पर मंत्री का जवाब चर्चा में

दरअसल, जन चौपाल में एक महिला फरियादी ने शिकायत की थी कि प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने के नाम पर नगर पालिका की एक कर्मचारी ने उससे दो से ढाई हजार रुपये की मांग की है। महिला की शिकायत पर प्रतिक्रिया देते हुए बेबी रानी मौर्य ने कहा कि दो-ढाई हजार रुपये लेना कोई करप्शन नहीं होता, संभव है कि यह राशि कागजात बनवाने के लिए ली गई हो। मामले में एफआईआर और जांच की कार्रवाई का भी उल्लेख सामने आया।

अब सवाल यह है कि प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी महत्वाकांक्षी सरकारी योजना का लाभ लेने के लिए यदि किसी गरीब महिला से कर्मचारी पैसे मांगता है तो क्या इसे सामान्य प्रक्रिया मान लिया जाना चाहिए? सरकार की योजनाओं का उद्देश्य जरूरतमंदों को आर्थिक राहत देना है। ऐसे में लाभार्थियों से किसी भी तरह की अवैध वसूली की शिकायत को गंभीरता से लिया जाना जरूरी है। मंत्री के इस बयान के बाद यही सवाल राजनीतिक चर्चा के केंद्र में आ गया है।

Baby Rani Maurya
UP Politics: विधानसभा चुनाव 2027 के लिए समाजवादी पार्टी की पहली सूची जारी, जानिए किस सीट से किसे मिला टिकट

पहले भी कई मंत्रियों के बयान बन चुके हैं सुर्खियां

यह पहला अवसर नहीं है जब उत्तर प्रदेश सरकार के किसी मंत्री के बयान ने राजनीतिक गलियारों में हलचल पैदा की हो। इससे पहले भी योगी सरकार के कई मंत्री अपने बयानों को लेकर विवादों में रहे हैं।

14 नवंबर 2022 को निषाद पार्टी के अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद का बलिया में दिया गया बयान चर्चा में आया था। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने गधे और कुत्ते का उदाहरण दिया था। बयान को लेकर विवाद बढ़ा तो उन्होंने सफाई देते हुए कहा था कि कभी-कभी जुबान फिसल जाती है और उनका उद्देश्य किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था।

इसके बाद दिसंबर 2024 में अमेठी के तिलोई में आयोजित एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य राज्य मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह की टिप्पणी भी चर्चा में रही। उन्होंने मंच से 'हिन्दुस्तान में रहना है तो...' वाली टिप्पणी करते हुए नारे लगवाए थे। इस बयान पर भी राजनीतिक प्रतिक्रियाएं सामने आई थीं।

ये बयान भी रहे चर्चा में

मार्च 2025 में कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद का सुल्तानपुर में दिया गया बयान भी सुर्खियों में रहा। एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने सात दारोगाओं के हाथ-पैर तुड़वाने और उन्हें गड्ढे में फिंकवाने जैसी टिप्पणी की थी। उनका वीडियो सामने आने के बाद इस बयान पर काफी चर्चा हुई।

इसी तरह मई 2026 में फिरोजाबाद के शिकोहाबाद में व्यापारी सम्मेलन के दौरान संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री ठाकुर जयवीर सिंह की अजान और ध्वनि प्रदूषण को लेकर की गई टिप्पणी भी राजनीतिक चर्चा का विषय बनी। वहीं जून 2019 में तत्कालीन वन मंत्री उपेंद्र तिवारी ने महिलाओं के साथ दुष्कर्म की घटनाओं को लेकर प्रेम प्रसंग से जुड़ी टिप्पणी की थी। उस समय भी उनके बयान को लेकर काफी विवाद हुआ था।

2027 से पहले सरकार के सामने दोहरी चुनौती

दरअसल, विधानसभा चुनाव से पहले किसी भी राजनीतिक दल के लिए केवल सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों का प्रचार ही पर्याप्त नहीं होता, बल्कि जनता के बीच उसके नेताओं की छवि और व्यवहार भी महत्वपूर्ण होता है। भाजपा के सामने जहां सत्ता विरोधी माहौल और विपक्ष के सवालों का जवाब देने की चुनौती है, वहीं मंत्रियों के ऐसे बयान भी राजनीतिक विमर्श का हिस्सा बन सकते हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार सुशासन, भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस और गरीबों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने की बात करते रहे हैं। ऐसे में यदि किसी मंत्री के बयान से भ्रष्टाचार की शिकायत को लेकर अलग संदेश जाता है तो विपक्ष को सरकार से सवाल पूछने का अवसर मिल जाता है।

बयान पर क्या होगा शीर्ष नेतृत्व का रुख

हालांकि, किसी एक बयान के आधार पर पूरे मंत्रिमंडल या सरकार के कामकाज का आकलन नहीं किया जा सकता, लेकिन चुनावी माहौल में नेताओं की छोटी से छोटी टिप्पणी भी बड़ा राजनीतिक मुद्दा बन सकती है।

अब देखना यह होगा कि भाजपा का शीर्ष नेतृत्व अपने मंत्रियों और नेताओं के सार्वजनिक बयानों को लेकर क्या रुख अपनाता है। क्योंकि 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता के सामने सरकार के विकास कार्यों के साथ-साथ सरकारी योजनाओं का जमीनी क्रियान्वयन, प्रशासनिक जवाबदेही और नेताओं का सार्वजनिक व्यवहार भी चर्चा का विषय रहने वाला है।

Baby Rani Maurya
45 मिनट बाद पहुंचे DM! उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री असीम अरुण हुए नाराज; लिखा पत्र