हिंदू महासभा ने लाउडस्पीकर हटाने के लिए 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया
कार्रवाई नहीं होने पर संगठन ने खुद लाउडस्पीकर हटाने की चेतावनी दी
दूसरे पक्ष ने मंदिरों के घंटे-घड़ियालों पर भी सवाल उठाए
Agra Hindu Mahasabha: आगरा में धार्मिक स्थलों पर लगे लाउडस्पीकरों की तेज आवाज को लेकर एक बार फिर विवाद शुरू हो गया है। ताजगंज थाना क्षेत्र में कथित तौर पर तेज आवाज में बज रहे लाउडस्पीकरों के खिलाफ अखिल भारत हिंदू महासभा ने मोर्चा खोल दिया है। संगठन ने पुलिस प्रशासन को 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया है।
हिंदू महासभा ने थाना ताजगंज के प्रभारी निरीक्षक को ज्ञापन सौंपकर ध्वनि प्रदूषण के नियमों का पालन कराने और निर्धारित मानकों से अधिक आवाज में बजने वाले लाउडस्पीकरों को हटाने की मांग की है।
संगठन ने चेतावनी दी है कि अगर तय समय में कार्रवाई नहीं हुई तो उसके कार्यकर्ता खुद मैदान में उतरेंगे और मस्जिदों व मजारों पर लगे कथित अवैध लाउडस्पीकरों को हटाने का प्रयास करेंगे। संगठन ने कहा कि ऐसी स्थिति में पैदा होने वाले हालात की जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होगी।
हिंदू महासभा के उत्तर प्रदेश प्रवक्ता अवतार सिंह गिल ने कहा कि ध्वनि प्रदूषण को लेकर सुप्रीम कोर्ट के निर्देश और सरकार के तय मानक पहले से मौजूद हैं। इसके बावजूद उनका पालन क्यों नहीं कराया जा रहा है?
उन्होंने आरोप लगाया कि ताजगंज क्षेत्र के कुछ धार्मिक स्थलों पर लाउडस्पीकरों की आवाज निर्धारित सीमा से अधिक है। इससे स्कूली बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती है। मरीजों, बुजुर्गों और आम लोगों को भी परेशानी होती है।
गिल ने कहा कि धार्मिक स्थलों पर ध्वनि विस्तारक यंत्रों का इस्तेमाल नियमों के तहत होना चाहिए। धार्मिक स्वतंत्रता के नाम पर किसी को भी दूसरों की शांति और सुविधा प्रभावित करने का अधिकार नहीं है।
संगठन की जिला अध्यक्ष मीरा राठौर ने सुबह चार बजे से लाउडस्पीकर बजने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि सुबह तेज आवाज में लाउडस्पीकर बजने से लोगों की नींद प्रभावित होती है। इसका असर मरीजों, विद्यार्थियों और नौकरीपेशा लोगों पर पड़ता है।
उन्होंने सवाल उठाया कि जब आम लोगों को ध्वनि प्रदूषण से परेशानी हो रही है तो प्रशासन इस पर प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं कर रहा है?
इस विवाद पर लोकल इस्लामिया एजेंसी के असलम कुरैशी ने हिंदू महासभा के आरोपों का जवाब दिया। उन्होंने कहा कि संगठन हर मुद्दे को हिंदू-मुस्लिम विवाद बनाने की कोशिश करता है। अगर लाउडस्पीकरों से परेशानी है तो मंदिरों में बजने वाले घंटे-घड़ियालों पर भी सवाल उठाए जाने चाहिए।
कुरैशी ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर और काशी विश्वनाथ मंदिर के निर्माण के दौरान मुस्लिम समाज के लोगों ने भी सहयोग किया था। ऐसे में धार्मिक स्थलों से लाउडस्पीकर हटाने की एकतरफा मांग उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह के बयान सामाजिक माहौल बिगाड़ सकते हैं।
ध्वनि प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए पर्यावरण (संरक्षण) नियमों के तहत आवासीय क्षेत्रों में दिन के समय 55 डेसीबल और रात में 45 डेसीबल की सीमा तय है। सामान्य परिस्थितियों में रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक लाउडस्पीकर और ध्वनि विस्तारक यंत्रों के इस्तेमाल पर प्रतिबंध है। इनके इस्तेमाल के लिए सक्षम प्राधिकारी की अनुमति भी जरूरी है।
हिंदू महासभा के 48 घंटे के अल्टीमेटम के बाद अब पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पर सबकी निगाहें हैं। सवाल यह है कि क्या पुलिस ताजगंज क्षेत्र में ध्वनि प्रदूषण की जांच कर नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई करेगी? या फिर लाउडस्पीकर का विवाद धार्मिक संगठनों के बीच टकराव की वजह बनेगा?