जनकदुलारी (सोर्स- नवभारत लाइव)
आगरा

आगरा में निकला माता जानकी का डोला; जनकपुरी में गूंजे जय सियाराम के जयकारे, गौरा पूजन को निकलीं जनकदुलारी

Agra Janakpuri Festival: आगरा के भावना एस्टेट में जनकपुरी महोत्सव के तहत माता जानकी का भव्य डोला निकला। श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया और ओंकारेश्वर मंदिर में मां गौरा का पूजन हुआ।

प्रदीप कुमार रावत, स्निग्धा श्रीवास्तव

Mata Janaki Dola Procession Agra: “पूजन गौरि सखीं लै आईं, करत प्रकासु फिरहिं फुलवाईं…”

श्रीरामचरितमानस की यह चौपाई मंगलवार को भावना एस्टेट में साकार होती नजर आई। रामबरात के आगमन से पहले जनकनंदिनी माता जानकी सखियों के साथ मां गौरा के पूजन के लिए डोले में नगर भ्रमण पर निकलीं। जनकपुरी की भव्य सजावट, जयकारों और भक्ति संगीत के बीच पूरा भावना एस्टेट मिथिला की भक्ति और उल्लास में रंगा दिखाई दिया।

भावना एस्टेट में सजी जनकपुरी सूर्य की रोशनी की तरह दमक रही थी। सड़क के किनारे आकर्षक थ्री-डी झांकियां, जगमगाती रोशनी और भव्य जनक मंच श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहे थे। गणपति किंग्स काउंटी से माता जानकी का डोला शुरू हुआ तो दर्शन के लिए मार्ग के दोनों ओर बड़ी संख्या में मिथिलावासी उमड़ पड़े।

गणपति ने की अगवानी, जनक ने बांटा विवाह का निमंत्रण

माता जानकी के डोले की अगवानी गणेश जी की सवारी ने की। इसके पीछे राजा जनक और रानी सुनैना के स्वरूप अशोक कुमार गोयल और लता गोयल चलते हुए लोगों को राम-जानकी विवाहोत्सव का निमंत्रण देते रहे। वह मिथिलावासियों को अपनी जनकनंदिनी के विवाह में शामिल होने का न्योता देते हुए आगे बढ़ते चले।

इसके पीछे सखियों से घिरी माता जानकी का डोला चल रहा था। जनकदुलारी की एक झलक पाने को श्रद्धालुओं में खासा उत्साह रहा। जगह-जगह माता जानकी के जयकारे गूंजे और श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर डोले का स्वागत किया।

जनकदुलारी

गणपति किंग्स काउंटी में दिखी भक्ति की विशेष रंगत

गणपति किंग्स काउंटी से डोला उठने के दौरान माहौल भक्तिमय हो गया। अंतरराष्ट्रीय भजन गायक सीपी शर्मा की भजन प्रस्तुति ने वातावरण को आध्यात्मिक रंग दिया। वहीं गणपति किंग्स काउंटी के सदस्यों ने माता जानकी के स्वरूप को डोली में उठाकर स्वयं को धन्य महसूस किया।

मुख्य संयोजक मनोज बंसल के नेतृत्व में माता जानकी और जनक परिवार का भव्य स्वागत किया गया। परिसर में दक्षिण भारतीय परंपरा की विशेष छटा देखने को मिली। स्वागत में शामिल लोगों ने पारंपरिक परिधान धारण किए।

इस दौरान मनोज बंसल, प्रशांत जैन, हेमेन्द्र जैन, अवधेश मित्तल, केके अग्रवाल, अंकुर मित्तल, स्वामीनाथ तिवारी, राकेश अग्रवाल और सुधांशु कक्कड़ आदि मौजूद रहे।

ओंकारेश्वर मंदिर में हुआ मां गौरा का पूजन

सखियों के साथ मां गौरा के पूजन के लिए निकलीं जनकनंदिनी को देखकर श्रद्धालुओं को त्रेता युग के जनकपुर की अनुभूति हुई। डोले के साथ चल रहे श्रद्धालु माता जानकी के मंगल विवाह और प्रभु श्रीराम के साथ उनके पावन मिलन की प्रार्थना करते रहे। ओंकारेश्वर मंदिर पहुंचकर सीताजी ने मां गौरा का पूजन किया।

मिथिला की विवाह परंपरा में मां गौरा के पूजन का विशेष महत्व माना जाता है। मान्यता है कि विवाह से पूर्व माता सीता ने सखियों के साथ मां गौरा की आराधना कर मनोकामना व्यक्त की थी और मां गौरा ने उन्हें श्रीराम को पति रूप में प्राप्त करने का आशीर्वाद दिया था।

सतरंगी साड़ियों में सजीं महिलाएं

डोले के साथ किशोर बैंड भजनों की मधुर धुन बिखेरता चल रहा था। भक्ति गीतों के बीच मिथिलावासी नृत्य करते हुए आगे बढ़े। जय सियाराम और जय माता जानकी के जयकारों से पूरा मार्ग गूंजता रहा।

माता जानकी की सखियां और मिथिला की महिलाएं भी शोभायात्रा में शामिल रहीं। जनकपुरी महिला समिति की अध्यक्ष अमृता पोरवाल के नेतृत्व में सतरंगी साड़ियों में सजी महिलाओं की टोली आकर्षण का केंद्र रही।

जनकपुरी की भव्य सजावट ने मोहा मन

भावना एस्टेट में सड़क के दोनों ओर सजी जनकपुरी की भव्यता देखते ही बन रही थी। जगमगाती रोशनी, थ्री-डी झांकियां और भव्य जनक मंच मिथिला की राजसी छटा बिखेर रहे थे। डोला आगे बढ़ता गया और उसके दर्शन के लिए भीड़ बढ़ती गई। माता जानकी के दर्शन होते ही श्रद्धालु हाथ जोड़कर नमन करते और जयकारों से वातावरण गुंजायमान कर देते।

सतरंगी साड़ियों में सजीं महिलाएं

जनक परिवार ने भी बढ़ाया शोभायात्रा का उत्साह

डोले में राजा जनक अशोक कुमार गोयल और रानी सुनैना के साथ जनक परिवार के सदस्य भी शामिल रहे। शोभायात्रा में शोभिक गोयल, मोहित गोयल, स्मृति गोयल, रिनी गोयल, कमल नयन, सुनीता मित्तल, अनुप्रिया गोयल, मंजू बंसल, रामू गोयल, नरेश मगाल, शुभम अग्रवाल, शैंकी बंसल, शिल्पी बंसल, शिप्रा जैन, निक्की अग्रवाल, मंगू बंसल और आयुषी बंसल आदि ने सहभागिता की।

बुधवार सुबह रामबरात का होगा भव्य स्वागत

जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष राजू यादव ने बताया कि बुधवार सुबह रामबरात का भव्य स्वागत किया जाएगा। सुबह छह बजे गणपति किंग्स काउंटी में रामबरात का स्वागत होगा। इसके बाद आठ बजे अल्पाहार के बाद प्रभु श्रीराम सहित सभी स्वरूप रजत रथ पर विराजमान होकर जनमासा की ओर प्रस्थान करेंगे और कावेरी कौस्तुभ की ओर जाते हुए मिथिलावासियों को दर्शन देंगे।

सुबह 11 बजे भावना एस्टेट स्थित भावनेश्वर मंदिर में तुलसी-शालिग्राम विवाह की सभी रस्में विधि-विधान से पूरी की जाएंगी।

शाम को जनक मंच पर होंगे स्वरूपों के दर्शन

शाम को भव्य जनक मंच पर श्रद्धालु प्रभु श्रीराम, माता जानकी सहित सभी स्वरूपों के दर्शन कर सकेंगे। जनक मंच के समीप बने सांस्कृतिक मंच पर नासिक का लाइव बैंड गणेश वंदना प्रस्तुत करेगा। वहीं इंडिया गॉट टैलेंट की टीम हनुमान स्तुति की विशेष प्रस्तुति देगी।

महिलाओं में भी दिखा खास उत्साह

सीताजी के डोले में रेखा यादव, अनीता यादव, अमृता पोरवाल, साधना गुप्ता, प्रीति, आरती शर्मा, शीतल अग्रवाल, एकता बंसल, शुचि खंडेलवाल, अलका गोयल, खुशबू गोयल, रुचि बंसल, शिल्पी मित्तल, शालिनी जैन, अनीशा शर्मा, मिशी यादव, रितु दुबे, सोनाली गोयल, शिवानी जैन, सीमा सिंह, प्रीती शर्मा, निधि मंगल, आकांक्षी शर्मा, रितु, सिम्मी, संगीता, चारु, चित्रा, रश्मि, ज्योति और अनुराधा आदि सखियों के रूप में शामिल रहीं।

इस अवसर पर संतोष कटारा, अशोक कुमार गुप्ता, संजय गोयल, मनोज बंसल, अजय गर्ग अवागढ़, धर्मेश जैन, मनोज जादौन, हितेश लवानिया, राणा सुशील सिंह, आकाश वाला, अंकुश मित्तल, पार्षद वेद प्रकाश गोस्वामी, नरेंद्र सिंह सेंगर, सतीश ठाकुर, अरविंद शर्मा, नरेंद्र गुप्ता, प्रशांत जैन और अरुण तिवारी आदि मौजूद रहे।

नेपाल जैसी स्थिति पैदा करने की साजिश... CJP प्रदर्शन पर बोलीं इन्फ्लुएंसर रिया खानोलकर

दिल्ली-NCR में फिर कांपी धरती! भूकंप के झटके महसूस होते ही लोगों में मचा हड़कंप

INDIA Alliance Protest: राहुल-प्रियंका को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया, कांग्रेस बोली सब याद रखा जाएगा

दो घंटे की हिरासत के बाद छूटे राहुल और प्रियंका गांधी, आकाशवाणी परिसर से हुई थी गिरफ्तारी

पंजाब CM ऑफिस पर CBI की छापेमारी, भगवंत मान बोले- BJP ने शुरू कर दी चुनावी खेल