आगरा में शहर और जिला कांग्रेस के संयुक्त सम्मेलन में शुरुआती दौर में नहीं जुटे कार्यकर्ता
दोपहर दो बजे के बाद युवा कार्यकर्ताओं के पहुंचने से भरा पंडाल
संगठन की मजबूती और जमीनी जनाधार पर कार्यकर्ताओं ने उठाए सवाल
पूर्व मंत्री देवेंद्र सिंह कुलु का दावा- सपा-कांग्रेस गठबंधन 2027 में भाजपा का सूपड़ा साफ करेगा
Agra Congress Conference Empty Chairs: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की सियासी बिसात अभी से बिछने लगी है। प्रदेश में राजनीतिक दलों के बीच संभावित गठबंधन और चुनावी रणनीति को लेकर मंथन चल रहा है। इसी बीच कांग्रेस भी अपने संगठन को सक्रिय करने और कार्यकर्ताओं में चुनावी जोश भरने की कवायद में जुट गई है।
इसी उद्देश्य से आगरा के रोहता चौराहे के पास शहर और जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से संयुक्त रूप से शंखनाद 2027 कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। हालांकि, चुनावी तैयारियों का संदेश देने के लिए बुलाए गए इस सम्मेलन में शुरुआती तस्वीर पार्टी के लिए उत्साहजनक नहीं रही। दोपहर दो बजे तक पंडाल में कुर्सियां खाली पड़ी रहीं और अपेक्षित भीड़ नहीं जुट सकी।
सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष को दोपहर 12 बजे पहुंचना था, लेकिन दो बजे तक वह कार्यक्रम स्थल पर नहीं पहुंची थीं। वहीं, खाली पंडाल और कार्यकर्ताओं की कम मौजूदगी के चलते बड़े पदाधिकारी भी कार्यक्रम से दूरी बनाए रहे।
इसी स्थिति को देखते हुए इमरान मसूद ने अपना कार्यक्रम निरस्त कर दिया। कार्यक्रम स्थल पर मौजूद कुछ कार्यकर्ताओं के बीच भी चर्चा रही कि सम्मेलन में अपेक्षित भीड़ नहीं जुट पाना संगठन की कमजोर तैयारियों का संकेत है।
हालांकि, दोपहर दो बजे के बाद युवा कार्यकर्ताओं का एक जत्था कार्यक्रम स्थल पर पहुंचा। इसके बाद धीरे-धीरे पंडाल भर गया और सम्मेलन में भीड़ दिखाई देने लगी। लेकिन शुरुआती 3/4 घंटे तक खाली पड़ी कुर्सियों ने कांग्रेस की चुनावी तैयारियों और संगठन की सक्रियता को लेकर सवाल जरूर खड़े कर दिए।
दरअसल, इस सम्मेलन का मकसद आगरा में कमजोर पड़ते संगठन को सक्रिय करना और कार्यकर्ताओं को विधानसभा चुनाव 2027 के लिए तैयार करना था। पार्टी नेतृत्व की कोशिश है कि चुनाव से पहले कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हो और संगठन बूथ स्तर तक अपनी पकड़ मजबूत कर सके।
उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री देवेंद्र सिंह चिल्लू ने 'नव भारत' से विशेष बातचीत में दावा किया कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस का गठबंधन विधानसभा चुनाव 2027 में भाजपा का सूपड़ा साफ कर देगा।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि जिन पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं, वहां भी कांग्रेस गठबंधन के साथ सरकार बनाने की स्थिति में होगी। उन्होंने राजस्थान पंचायत चुनाव का हवाला देते हुए दावा किया कि वहां कांग्रेस ने भाजपा को क्लीन स्वीप किया है और यह आगामी चुनावों के लिए संकेत है।
सम्मेलन में इस बार एक अलग राजनीतिक तस्वीर भी देखने को मिली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बुलडोजर मॉडल को लेकर कांग्रेस ने अपने कार्यक्रम में जेसीबी को प्रदर्शित किया।
इस पर जब 'नव भारत' ने पूर्व मंत्री देवेंद्र सिंह चुल्लू से सवाल किया कि बाबा का बुलडोजर कांग्रेस के कार्यकर्ता सम्मेलन की शोभा बढ़ा रहा है तो उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार का बुलडोजर गरीबों के मकान उजाड़ने का काम करता है, जबकि कांग्रेस के कार्यक्रम में यही बुलडोजर कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों पर फूल बरसा रहा है।
सम्मेलन में बाद में संतोषजनक भीड़ जरूर दिखाई दी, लेकिन पार्टी के भीतर संगठन की स्थिति को लेकर असंतोष भी सामने आया। कुछ कार्यकर्ताओं का कहना था कि जब संगठन ही मजबूत नहीं है तो कांग्रेस किस आधार पर विधानसभा चुनाव लड़ेगी।
उनका आरोप था कि आगरा में पार्टी का जनाधार कमजोर हुआ है और अच्छे तथा मेहनती कार्यकर्ताओं को संगठन से बाहर कर दिया जाता है, जबकि चेहरा चमकाने वाले लोगों को संगठन में जगह मिलती है।
ऐसे में कांग्रेस का शंखनाद सम्मेलन केवल चुनावी तैयारियों का आयोजन बनकर नहीं रह गया, बल्कि इसने पार्टी के सामने एक बड़ा सवाल भी खड़ा कर दिया है। 2027 में भाजपा को चुनौती देने का दावा करने वाली कांग्रेस के लिए सबसे पहली चुनौती आगरा में अपने संगठन को मजबूत करना और नाराज कार्यकर्ताओं को फिर से जोड़ना होगी।